- कानपुर के दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या मामले में उनके बेटे सुब्रत की भूमिका की जांच हो रही है
- हत्या वाली रात किलर ने सुब्रत को 6 कॉल किए थे, इससे पुलिस को उस पर भी शक है
- पुलिस यह पता लगा रही है कि जब बहू शालू ने हत्या की प्लानिंग की तो किलर ने बेटे को कॉल क्यों किए
उत्तर प्रदेश के कानपुर के फेमस दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की 5 सिंतबर को जिस समय घर में हत्या हो रही थी तब उनके बेटे और बहू पार्टी में जमकर नाच रहे थे. ससुर की हत्या मामले में बहू शालू और उसके दो साथी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं. अब इस मामले में एक और बड़ा खुलासा हुआ है. हत्या के 10 दिन बाद पुलिस जांच में पता चला है कि मिनोचा के बेटे सुब्रत को शायद पिता की घर में हो रही हत्या के बारे में पता था. जबकि वह अपने परिवार के साथ बाहर पार्टी कर रहा था.
सबूतों से पता चला है कि कथित हत्यारे ने एक नए खरीदे गए सिम से सुब्रत को छह बार कॉल किया था. अब पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या सुब्रत की भी इसमें कोई भूमिका है? अब तक सिर्फ बहू की साजिश का ही खुलासा हुआ है. लेकिन हत्यारों के फोन कॉल के बाद बेटे पर भी शक की सुई घूमने लगी है. अगर सुब्रत का इस हत्या से कोई लेना-देना नहीं है तो फिर उसे किलर ने तने कॉल क्यों किए. उसके पास सुब्र का नंबर कहां से आया, ये बड़ा सवाल है. पुलिस मामले में सुब्रत की भूमिका भी भी जांच कर रही है.
विनीत मिनोचा को 26 बार घोंपा गया चाकू
बता दें कि 63 साल के दवा करोबारी विनीत मिनोचा 5 सितंबर को अपने फ्लैट में मृत मिले थे. उनको 26 बार चाकू मारा गया था. हत्या के वक्त बेटे-बहू क्लब में पार्टी कर रहे थे. जब वे रात करीब 3 बजे घर लौटे तो उन्होंने पिता को बेडरूम में खून से लथपथ पाया. उन्होंने तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी.
बहू ने रची थी ससुर की हत्या की साजिश
कानपुर पुलिस ने घर के CCTV फुटेज की जांच के आधार पर पूर्व कर्मचारी विशाल और उसके साथी राज किशोर को गिरफ्तार किया था. पूछताछ में विशाल ने कथित तौर पर दावा किया कि मिनोचा की बहू शालू के कहने पर उनकी हत्या की गई थी. उसने हत्या के बदले 6 लाख रुपये देने की बात कही थी. हालांकि बहू शालू ने शुरू में जांचकर्ताओं को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन बाद में अपनी भूमिका कबूल कर ली.
जानकारी के मुताबिक, शालू ने ये सब CCTV कैमरों से लगातार नजर रखे जाने, नाइट पार्टी पर रोक और घर के खर्चों पर कंट्रोल के चलते की. कहा जा रहा है कि शालू को अपने और अपने पति के छोटे-मोटे खर्चों के लिए भी ससुर से पैसे मांगने पड़ते थे. यह बात उसे बिल्कुल भी पसंद नहीं थी.
मिनोचा के बेटा का हत्या से क्या कनेक्शन?
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के मुताबिक, कथित शूटर विशाल गौतम ने दवा कोरबारी मिनोचा की हत्या से दो दिन पहले यानी कि 3 सितंबर को एक नया सिम खरीदा था. उसने इसका इस्तेमाल शालू को कॉल करने के लिए किया था.
पुलिस कमिश्नर ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा, 'अगर शालू ने हत्या की प्लानिंग की, साजिश रची और विशाल ने नया नंबर खरीदा, तो सवाल यह है कि उस नंबर से सुब्रत को कॉल क्यों किए गए?' जांचकर्ता सुब्रत की संभावित भूमिका की जांच कर रहे हैं.सुब्रत, शालू और विशाल से जुड़े सात मोबाइल नंबरों के 1 मई से 6 सितंबर तक के लगभग 1,000 पन्नों के कॉल रिकॉर्ड जांचे गए. जिसमें पता चला कि सुब्रत और विशाल के बीच 1 मई से 5 सितंबर के बीच करीब 309 बार बात हुई थी.
कैसे हुई विनीत मिनोचा की हत्या?
बहू शालू ने ससुर को ठिकाने लगाने के लिए पूर्व कर्मचारी विशाल से संपर्क साधा और उसे हत्या के बदले 6 लाख रुपये देने की बात कही. दो किस्तों में रकम देने की बात हुई थी. हत्या के एक दिन बाद 2 लाख रुपये और 15 दिन बाद 4 लाख रुपये. डील डन होते ही शालू ने विशाल को घर की एक डुप्लीकेट चाबी दी.
शालू ने 4 सितंबर को जन्माष्टमी के दौरान विशाल को कथित तौर पर कुछ सामान देने के बहाने बुलाया और प्लानिंग को अंतिम रूप दिया. जांच के मुताबिक, 5 सितंबर को शालू और सुब्रत के अपने बच्चे के साथ पार्टी के लिए घर से निकले. कुछ ही मिनट बाद, विशाल और राज किशोर अपार्टमेंट पहुंचे. सुरक्षा गार्ड मदन ने उन्हें रोका भी. लेकिन विशाल ने शालू से उनकी बात करवाई तो गार्ड ने जाने दिया. इसके बाद दोनों ने मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दे डाला. पुलिस के मुताबिक, आरोपी विशाल को पहले चोरी के आरोप में नौकरी से निकाल दिया गया था, लेकिन वह सुब्रत से लगातार संपर्क में था.
ये Video भी देखें:|कानपुर हत्याकांड में नया सबूत? पार्टी VIDEO में बहू और बेटा डांस करते आए नजर| BJP | Samajwadi | Syed Suhail| TOP NEWS
ये भी पढे़ं-ससुर पर बरसते रहे चाकू और पार्टी में डांस करती रही कातिल बहू शालू, गाना लगवाया- तुम तो धोखेबाज हो...
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं