- तरनतारन जिले के टूट गांव में आम आदमी पार्टी के नेता अश्वनी कुमार की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई.
- अश्वनी कुमार अपनी गाड़ी में ड्राइवर, बेटे और अकाउंटेंट के साथ अनाज मंडी जा रहे थे जब हमला हुआ.
- मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे अश्वनी कुमार की मौके पर मौत हो गई.
पंजाब के तरनतारन के पट्टी क्षेत्र से एक बड़ी वारदात सामने आई है. 'टूट' गांव के मौजूदा सरपंच और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अश्वनी कुमार की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि हमलावरों ने अश्वनी कुमार पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हमले में उनके साथी चमकौर सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के अनुसार अश्वनी कुमार अपनी इनोवा गाड़ी में ड्राइवर, बेटे और अकाउंटेंट के साथ अपनी दुकान से गांव टूट की अनाज मंडी की ओर जा रहे थे. गांव के बस स्टैंड के पास, मोटरसाइकिल पर सवार अज्ञात हमलावरों ने गाड़ी पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं. इस हमले में अश्वनी कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें पट्टी के एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उनके साथ मौजूद चमकौर सिंह भी गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हो गए और फिलहाल उनका इलाज चल रहा है.
हमला करने के बाद, मोटरसाइकिल सवार हमलावर मौके से फरार हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी है. अधिकारी हमलावरों की पहचान करने और हत्या के मकसद का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं. इस सनसनीखेज हत्या से इलाके में दहशत और तनाव फैल गया है.
ये भी पढ़ें : कल का मौसम: दिल्ली, यूपी, बिहार में बारिश, पहाड़ों पर बर्फबारी, 28 राज्यों में अलर्ट, सर्दियों की आहट!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं