- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में दो साधुओं की हत्या का आरोपी सुमित पहले से आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति था
- सुमित मंदिर पर कब्जा करना चाहता था और इसी कारण साधुओं के साथ उसका विवाद लंबे समय से चला आ रहा था
- आरोपी ने देर रात मंदिर में रहने वाले साधु बिहारी दास और गोपाल दास पर लोहे की रॉड से हमला किया था
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में दो साधुओं की हत्या के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. इस सनसनीखेज वारदात के बाद अब आरोपी सुमित को लेकर कई नए खुलासे सामने आए हैं. जांच में पता चला है कि सुमित पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति था और गांव में नशे की हालत में अक्सर उत्पात मचाया करता था. पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार वह मंदिर पर कब्जा करना चाहता था और इसी वजह से साधुओं के साथ उसका विवाद चल रहा था.
गांव में पहले भी करता रहा था उत्पात
ग्रामीणों के मुताबिक सुमित का व्यवहार लंबे समय से विवादित रहा है. वह कभी किसी का जानवर मार देता था तो कभी खेतों में आग लगा देता था. इससे पहले एक ग्रामीण की कार में आग लगाने के मामले में भी वह जेल जा चुका था. कुछ महीने पहले जेल से छूटने के बाद उसने मंदिर में रहने वाले साधुओं के साथ मारपीट भी की थी. ग्रामीणों का कहना है कि वह लगातार साधुओं पर मंदिर छोड़ने का दबाव बना रहा था.
रॉड से हमला कर की गई हत्या
पुलिस जांच में अब तक यह जानकारी सामने आई है कि आरोपी ने मंगलवार देर रात मंदिर में रहने वाले साधु बिहारी दास और गोपाल दास पर लोहे की रॉड से हमला किया. हमले में दोनों की मौत हो गई. इसके बाद वारदात को छिपाने के लिए मंदिर में रखी लकड़ियां शवों के ऊपर डालकर उनमें आग लगा दी गई.
40 साल से मंदिर से जुड़े थे गोपाल दास
मृतक साधु गोपाल दास करीब 40 वर्षों से गांव के अंदर स्थित एक मंदिर में रहते थे. इसी वर्ष जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के बाद वह गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर खेतों के बीच बने मंदिर में आकर बिहारी दास के साथ रहने लगे थे. वहीं दोनों साधु रहते और पूजा-पाठ करते थे.
आरोपी गिरफ्तार, गांव में पुलिस तैनात
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सुमित को गिरफ्तार कर लिया है. शाहजहांपुर के एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि दो संन्यासियों की हत्या की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सुमित को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है. घटनास्थल की फॉरेंसिक जांच कराई गई है और एहतियात के तौर पर मंदिर परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया है.
यह भी पढ़ें- UP: शाहजहांपुर में मंदिर के अंदर 2 साधुओं की हत्या, मौके पर ही जला दिया; धुआं उठने पर पहुंचे गांव के लोग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं