विज्ञापन

‘घने कोहरे में हुआ एक्सीडेंट, गोतस्करी का मामला नहीं’, मथुरा में फरसा वाले बाबा की मौत पर पुलिस का बड़ा बयान

मथुरा में फरसा बाबा की मौत पर पुलिस ने इसे घने कोहरे में हुई दुर्घटना बताया है. एसएसपी श्लोक कुमार के अनुसार बाबा ने नागालैंड नंबर कंटेनर को रोका था, तभी पीछे से राजस्थान नंबर ट्रक ने टक्कर मार दी. पुलिस ने गोतस्करी के मामले को बिल्कुल खारिज कर दिया है.

‘घने कोहरे में हुआ एक्सीडेंट, गोतस्करी का मामला नहीं’, मथुरा में फरसा वाले बाबा की मौत पर पुलिस का बड़ा बयान
  • मथुरा के कोसीकलां में फरसा वाले बाबा की मौत को पुलिस ने सड़क दुर्घटना बताया है, हत्या की पुष्टि नहीं हुई है.
  • बाबा ने नागालैंड नंबर कंटेनर को संदिग्ध मानकर रोका था, तभी पीछे से राजस्थान नंबर ट्रक ने उन्हें टक्कर मारी थी.
  • राजस्थान के अलवर निवासी ट्रक चालक और परिचालक घायल हैं, दोनों पुलिस की निगरानी में अस्पताल में उपचाराधीन हैं.

मथुरा के थाना कोसीकलां क्षेत्र में चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा की मौत के मामले में पुलिस ने आधिकारिक रूप से इसे दुर्घटना बताया है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने कहा कि अब तक की जांच में हत्या या गोतस्करी जैसी कोई बात सामने नहीं आई है.

घटना कैसे हुई? 

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया, 'घटना रात 3 से 4 बजे के बीच की है. बाबा ने नागालैंड नंबर के एक कंटेनर को संदिग्ध समझकर रोका था. उसी समय घना कोहरा था. पीछे से आ रहे राजस्थान नंबर के ट्रक ने बाबा को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाबा की मौके पर ही मौत हो गई.'

गोतस्करी के आरोपों का पुलिस ने किया खंडन

पुलिस के अनुसार नागालैंड नंबर कंटेनर में साबुन–सर्फ और किराने का सामान था. राजस्थान नंबर ट्रक में तार (wires) लदे थे. राजस्थान के अलवर निवासी ट्रक चालक व परिचालक घायल हुए हैं और पुलिस की निगरानी में अस्पताल में उपचाररत हैं. पुलिस ने स्पष्ट कहा कि इसमें गोतस्करी जैसी किसी बात की पुष्टि नहीं हुई है.

यह भी पढ़ें- मथुरा में गोरक्षक की मौत, ‘फरसा वाले बाबा' को ट्रक ने कुचला, समर्थकों ने जाम किया हाइवे

Latest and Breaking News on NDTV

ADG लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश का बयान

इस मामले में अमिताभ यश (ADG, Law & Order, UP) ने NDTV को बताया कि अब तक की जांच में मामला पूरी तरह हादसा प्रतीत होता है. फरसा वाले बाबा ने ट्रक को संदेह के आधार पर रोका था. पीछे से तेज रफ्तार में आया राजस्थान नंबर ट्रक सीधे बाबा से टकराया. चालक गंभीर रूप से घायल है और हिरासत में है. परिचालक से भी पूछताछ जारी है. उन्होंने कहा, 'हत्या जैसा कोई तथ्य सामने नहीं आया है। जांच जारी है.

जाम और पथराव करने वालों पर होगी कार्रवाई

फरसा बाबा की मौत के बाद बड़ी संख्या में लोग जुटे और दिल्ली-आगरा हाईवे पर जाम लगा दिया. कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव भी किया. एसएसपी ने बताया कि आवश्यक बल प्रयोग के बाद हाईवे जाम खुलवा दिया गया है. पथराव व जाम लगाने वालों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें- पथराव में घायल पुलिसवाले, गोरक्षकों का हाइवे पर बवाल; फरसा वाले बाबा की मौत पर अब तक क्या-क्या हुआ?

घटना के बाद माहौल गर्म

बाबा की मौत के बाद स्थानीय क्षेत्र में गुस्सा और अफरा-तफरी का माहौल रहा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की. अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुचने व दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए.

पुलिस की जांच के मुताबिक, यह मामला गोतस्करों द्वारा जानबूझकर कुचले जाने का नहीं, बल्कि घने कोहरे के कारण हुआ सड़क हादसा है. दोनों ट्रकों में मिले सामान और घायल ड्राइवरों की स्थिति भी इसी दिशा की ओर इशारा करती है.फिलहाल पुलिस जांच जारी है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Farsa Wale Baba, Farsa Wale Baba Death, Mathura Road Accident, Mathura Crime News, Farsa Wale Baba Ki Maut
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com