विज्ञापन

टीम इंडिया अफगानिस्तान के खिलाफ कई प्रयोग के लिए तैयार, जानें पहले वनडे की रणनीति, पिच, मौसम तमाम बातें

प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए बॉलिंग कोच मोर्ने मॉर्कल ने साफ कर दिया की टीम इंडिया के लिहाज से यह प्रयोगों की सीरीज होने जा रही है. जी हां, प्रयोग एक नहीं, कई होंगे

टीम इंडिया अफगानिस्तान के खिलाफ कई प्रयोग के लिए तैयार, जानें पहले वनडे की रणनीति, पिच, मौसम तमाम बातें
भारतीय कप्तान शुभमन गिल
Source: Social media

India vs Afghanistan 1st ODI: हाल ही में इकलौते  वनडे में अफगानिस्तान को करीब ढाई दिन में धोने के बाद शुभमन गिल एंड कंपनी बिना विराट कोहली के तीन मैचों की सीरीज (Ind vs Afg) का आगाज करने के लिए तैयार है. तीन मैचों की सीरीज का पहला मैच शनिवार को धर्मशाला में खेला जाएगा. अगर मैच की पूर्व संध्या के प्रैक्टिस के संकेतों को समझा जाए, तो प्रबंधन रणनीति बदलता दिख रहा है. और इस मैच में केएल राहुल की जगह शायद इशान किशन विकेट के पीछे दस्ताने पहने नजर आएं. पिछले काफी लंबे समय से वनडे में कीपिंग करने वाले लोकेश राहुल क्षेत्ररक्षण अभ्यास में ऊंचे कैच पकड़ने का अभ्यास किया लेकिन ईशान किशन की वनडे टीम में वापसी के बाद उनकी भूमिका में बदलाव की संभावना दिखाई दे रही है. मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे से खेला जाएगा

नंबर-3 पर प्रयोग की तैयारी

विराट कोहली चोट के कारण इस श्रृंखला का हिस्सा नहीं हैं. ऐसे में टीम प्रबंधन को तीसरे नंबर पर अलग-अलग बल्लेबाजों को आजमाने का मौका मिलेगा. राहुल भी पिछले कुछ वर्षों से मध्यक्रम, खासकर पांचवें नंबर पर अच्छी तरह स्थापित हैं, लेकिन इस श्रृंखला में उनकी बल्लेबाजी स्थिति बदल सकती है. गेंदबाजी कोच मोर्ने मॉर्कल ने कहा, 'अफगानिस्तान के खिलाफ श्रृंखला में तीसरे नंबर के लिए कई खिलाड़ियों को आजमाया जा सकता है. तीसरे क्रम को लेकर हम इस श्रृंखला में कुछ प्रयोग करेंगे. ईशान, राहुल या (यशस्वी) जायसवाल में से किसी को भी वहां बल्लेबाजी का मौका मिल सकता है। हमारे पास कुछ वनडे मैच हैं और हम खिलाड़ियों को अलग-अलग स्थानों पर आजमाना चाहते हैं.'

 ये खिलाड़ी आगाज को तैयार

युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और गुरनूर बराड़ शनिवार को भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय पदार्पण कर सकते हैं. टीम ने धर्मशाला पहुंचने से पहले चंडीगढ़ में अभ्यास किया था. मॉर्कल दोनों युवा गेंदबाजों से काफी प्रभावित नजर आए. गुरनूर लंबे समय से भारतीय टीम के नेट गेंदबाज भी रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘पहली नजर में ऐसा लगा जैसे वे पिछले चार-पांच साल से टीम का हिस्सा हों. उनके चेहरे पर कोई घबराहट नहीं दिखी. टीम में पहली बार आने वाला खिलाड़ी स्वाभाविक रूप से थोड़ा नर्वस होता है, लेकिन इन दोनों ने जिस ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ अभ्यास किया, वह देखकर अच्छा लगा.'


मैच के 5 बड़े पॉइंट्स:

वनडे में पहली द्विपक्षीय सीरीज:  भारत और अफगानिस्तान के बीच क्रिकेट इतिहास में यह पहली द्विपक्षीय वनडे सीरीज है. इससे पहले दोनों टीमें सिर्फ वर्ल्ड कप और एशिया कप में ही आमने-सामने आई हैं. ऐसे में खासकर अफगानी खिलाड़ियों और टीम इंडिया के लिए खेलने जा रहे प्रिंस यादव और गुरनूर बराड़ सहित बाकी युवा खिलाड़ियों के लिए अनुभव बटोरने, प्रभावित करने के लिहाज से अहम सीरीज होने जा रही है

दिग्गजों की गैरमौजूदगी और बेंच स्ट्रेंथ की परीक्षा: भारतीय टीम में विराट कोहली (हैमस्ट्रिंग चोट), हार्दिक पांड्या, मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह जैसे बड़े खिलाड़ी नहीं खेल रहे हैं. टीम इंडिया इसके जरिए अपनी बेंच स्ट्रेंथ और गेंदबाजी की गहराई को परखना चाहेगी.  फैंस की दृष्टि से सितारों का न होना निराशाजनक है, तो पॉजिटिव यह है कि युवाओं के लिए इन्हीं फैंस का भरोसा और प्रभावित करने का मौका होने के साथ ही यह निजी रूप से इनके लिए परीक्षा भी है. 

ईशान किशन नंबर 3 पर: विराट कोहली की अनुपस्थिति में ईशान किशन को नंबर 3 पर बल्लेबाजी का मौका मिलने की पूरी संभावना है. वहीं कप्तान शुभमन गिल के साथ रोहित शर्मा ओपनिंग की कमान संभालेंगे. लेकिन इशान की जगह भी इस नंबर-3 पर पक्की नहीं है. पूर्व संध्या पर मॉर्कल ने साफ कर दिया है कि तीसरे नंबर पर प्रयोग करेंगे. मतलब कभी जायसवाल, तो कभी कोई और. 

राशिद खान की वापसी: टेस्ट मैच से बाहर रहने के बाद अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान की वनडे सीरीज में वापसी हुई है. अफगानिस्तान की टीम अपने बेहतरीन फॉर्म (पिछले 4 वनडे मैचों में जीत) के साथ भारत को उलटफेर का शिकार बनाने के इरादे से उतरेगी. बहरहाल, सीरीज से राशिद का जुड़ना ही अपने आप में वेल्यू बढ़ा देने जैसा है. राशिद को करोड़ों भारतीय पसंद करते है, तो उनका खेलना प्रतिस्पर्धा को बढ़ाएगा. 

नीतीश कुमार रेड्डी पर नजरें: हार्दिक पांड्या की चोट के बाद तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में नीतीश कुमार रेड्डी को मौका मिला है. उनके पास जुलाई में होने वाले इंग्लैंड दौरे और भविष्य के वर्ल्ड कप के लिहाज से खुद को साबित करने का यह शानदार मौका है. कम से कम धर्मशाला के ऊंचाई पर स्थिति स्टेडियम में यहां के मौसम पर रेड्डी यह दिखा सकते हैं कि वह इस मौसम में सीम और स्विंग करा सकते हैं.

कैसी रहेगी पिच?

यह मैच धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम में खेला जा रहा है. यहाँ साल 2017 के बाद यह पहला द्विपक्षीय वनडे मैच है. और तब से लेकर तक पिछले 9 सालों में गंगा में बहुत पानी बह चुका है. मौसम की स्थिरता भले ही सीजनी स्थिरता को बरकरार रखे, लेकिन देखना होगा पिच कैसी खेलती है. वैसे धर्मशाला की पिच आम तौर पर बल्लेबाजों के अनुकूल मानी जाती है. यहां नई गेंद से तेज गेंदबाजों को सीम मिलने की पूरी उम्मीद है.

इतिहास बताता है कि बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीमों को थोड़ा फायदा रहा है क्योंकि 5 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम जीती है और 4 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली. पिछली बार (2023 वर्ल्ड कप में) जब यहा मैच हुआ था, तो ऑस्ट्रेलिया ने 388 रन बनाए थे और न्यूजीलैंड की टीम सिर्फ 5 रन से पीछे रह गई थी, जिसका मतलब है कि यहां एक हाई-स्कोरिंग मैच देखने को मिल सकता है. मतलब अगर भारत ने पहले बैटिंग की, तो उम्मीद कीजिए कि 350 रन पक्के हैं !

मौसम का हाल 

धर्मशाला पहाड़ी इलाका होने के कारण जून के महीने में भी यहां का मौसम मैदानों के मुकाबले सुहावना और ठंडा रहता है. यह एक डे-नाइट (D/N) मैच है, इसलिए शाम के समय तापमान में गिरावट आएगी, जिससे खिलाड़ियों को गर्मी से राहत मिलेगी. मैच के दौरान मौसम के साफ रहने की उम्मीद है, जिससे दर्शकों को पूरा खेल देखने को मिलेगा. 

दोनों टीमों की संभावित XI 

भारत: 1. शुभमन गिल (कप्तान) 2. रोहित शर्मा 3. ईशान किशन 4. श्रेयस अय्यर 5. केएल राहुल (विकेटकीपर) 6. नीतीश कुमार रेड्डी 7. bवॉशिंगटन सुंदर 8. कुलदीप यादव 9. अर्शदीप सिंह 10. प्रसिद्ध कृष्णा  11. प्रिंस यादव /गुरनूर बराड़ 

अफगानिस्तान: इब्राहिम जादरान, 2. रहमानुल्लाह गुरबाज 3. सिद्दीकुल्लाह अटल 4. रहमत शाह 5. हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान) 6. अजमतुल्लाह उमरजई 7. इकराम अलीखिल (विकेटकीपर) 8. राशिद खान 9. मोहम्मद सलीम 10. एएम गजनफर  11. जियाउर रहमान

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Afghanistan, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com