विज्ञापन

मथुरा हिंसा: फरसा वाले बाबा की मौत के बाद मचे बवाल पर पुलिस सख्‍त, 300 से ज्‍यादा लोगों पर FIR, 13 गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, बाबा की मौत के बाद शनिवार को बड़ी संख्या में लोग उग्र हो गए थे और उन्‍होंने हाईवे पर जाम लगाकर जमकर हंगामा किया था. इस दौरान गुस्‍साए लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया और सरकारी संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचाया.

मथुरा हिंसा: फरसा वाले बाबा की मौत के बाद मचे बवाल पर पुलिस सख्‍त, 300 से ज्‍यादा लोगों पर FIR, 13 गिरफ्तार
  • मथुरा में फरसा वाले बाबा की मौत के बाद हिंसा मामले में पुलिस ने 300 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है
  • छाता कोतवाली प्रभारी की ओर से दर्ज FIR में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, बाकी की तलाश जारी है.
  • मथुरा में हिंसा के दौरान पुलिस पर पथराव हुआ और सरकारी संपत्ति को भी काफी नुकसान पहुंचाया गया.

मथुरा में संत चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा की मौत के बाद भड़की हिंसा और उपद्रव के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है. इस मामले में छाता कोतवाली पुलिस ने 23 नामजद और करीब 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है.  FIR छाता कोतवाली प्रभारी कमलेश सिंह की ओर से दर्ज कराई गई है. पुलिस अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और अन्य की तलाश जारी है. 

पुलिस के अनुसार, बाबा की मौत के बाद शनिवार को बड़ी संख्या में लोग उग्र हो गए थे और उन्‍होंने हाईवे पर जाम लगाकर जमकर हंगामा किया था. इस दौरान गुस्‍साए लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया था और सरकारी संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचाया. इस दौरान हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. पुलिस ने उपद्रव रोकने के लिए 50 से अधिक आंसू गैस के गोले, रबर बुलेट, स्मोक ग्रेनेड और शॉर्ट कारतूस का इस्तेमाल किया. 

ये भी पढ़ें: कोहरे में हुआ हादसा, गोरक्षक फरसा बाबा और ट्रक ड्राइवर की मौत...मथुरा DM

हिंसा के दौरान 10 से ज्‍यादा पुलिसकर्मी घायल 

हिंसा के दौरान 10 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए थे. उपद्रवियों ने एसपी देहात और एडीएम प्रशासन भी घायल हो गए थे. साथ ही सात सरकारी वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया. इसके अलावा राह चलते कई वाहनों को भी पथराव का शिकार होना पड़ा. 

पुलिस ने मौके से 15 बाइक के अलावा 315 और 312 बोर तमंचों के खाली कारतूस भी बरामद किए हैं, जिससे हालात की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है.

ये भी पढ़ें: पथराव में घायल पुलिसवाले, गोरक्षकों का हाइवे पर बवाल; फरसा वाले बाबा की मौत पर अब तक क्या-क्या हुआ?
 

इन धारओं में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज 

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 190, 191(2), 191(3), 352, 351(2), 195, 132, 324(4), आपराधिक कानून अधिनियम की धारा 7, सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की धारा 3 और 4 के साथ-साथ आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज किया है. 

प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इलाके में फिलहाल भारी पुलिस बल तैनात है और हालात पूरी तरह नियंत्रण में बताया जा रहा है. 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mathura Violence, Farsa Wale Baba, Chandrashekhar Murder,  
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com