- मथुरा में गौरक्षक संत चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा की हत्या से दिल्ली-आगरा हाईवे पर हिंसक प्रदर्शन हुआ
- गुस्साए गौरक्षकों ने हाईवे जाम कर कई घंटे ट्रैफिक बाधित किया और पुलिस पर भी पत्थरबाजी की
- पुलिसकर्मी चोटिल हो गए, कई के सिर और चेहरे से खून बह रहा था, स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई
मथुरा में फरसा वाले बाबा के नाम से मशहूर गोरक्षक संत चंद्रशेखर की हत्या के बाद दिल्ली-आगरा हाईवे पर आज सुबह गौरक्षकों ने बवाल काट दिया. हाइवे पर गौरक्षकों की गुस्साई भीड़ ने जो तांडव मचाया उसने हालात संभालने आए पुलिसवालों को भी नहीं बख्शा. बेकाबू गोरक्षकों के पत्थरों से पुलिसवाले तक घाय हो गए. किसी के सिर पर खून था तो किसी का चेहरा लाल लहू से नहाया हुआ था. अपने संत की मौत से गुस्साए गोरक्षकों को देखने के बाद तो आलम यह हो गया कि पुलिसवालों को अपनी जान बचाकर भागना पड़ा. मामला बढ़ता देख यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेते हुए कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं.
मामला क्या है पहले वो समझिए?
आज अचानक मथुरा के थाना कोसीकलां क्षेत्र के नवीपुर गांव के पास गोरक्षक संत चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा' की हत्या हो गई. गौरक्षकों का आरोप है कि गोतस्करों ने अपनी गाड़ी से कुचलकर बाबा की जान ले ली.हत्या के विरोध से गुस्साए गोरक्षकों ने शुक्रवार तड़के दिल्ली-आगरा हाईवे जाम कर दिया. इससे कई वाहनों की रफ्तार थम गईं, कई घंटे लोग ट्रैफिक की समस्या से जूझते रहे.
मथुरा में गोतस्करों ने गोरक्षक ‘फरसा वाले बाबा' को ट्रक से कुचला, समर्थकों ने जाम किया हाइवे, गुस्साई भीड़ ने पुलिस पर किया पथराव #Mathura pic.twitter.com/hL5W3aW9cb
— NDTV India (@ndtvindia) March 21, 2026
पुलिसवाले भी हो गए गोरक्षकों के गुस्से का शिकार
हाइवे जाम होता देख पुलिस ने मोर्चा संभाला लेकिन गोरक्षकों के गुस्से के आगे उनकी एक न चली. लोगों ने हाथों में पत्थर लिए हाइवे पर खूब बवाल काटा. गोरक्षकों ने पुलिसवालों पर भी पत्थर बरसाए जिससे कई जवानों को सिर और चेहरे के अलावा और जगहों में भी चोटें आई हैं. पुलिसवालों के खून से लथपथ कई वीडियो भी सामने आए हैं.
यह भी पढ़ें- मथुरा में बवाल: भीड़ ने हाईवे पर चलाए पत्थर और भागी पुलिस, गोरक्षक फरसा वाले बाबा को ट्रक को कुचलने पर हिंसा
सीएम योगी ने कहा-आरोपियों के खिलाफ सख्त ऐक्शन लीजिए
चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा की मौत पर बढ़ते बवाल के बीच सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए सख्ती से निपटने के आदेश जारी किए हैं. सीएम योगी ने कहा कि कठोर कार्रवाई करिए और आरोपियों को किसी हाल में बख्शने के आदेश जारी किए हैं.
पुलिस ने भी दिया सख्त ऐक्शन लेने का भरोसा
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना में शामिल एक युवक को मौके से ही पकड़ लिया जबकि तीन अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं.साथ ही, आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर दी गई है ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके. उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपी के बयान के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है. जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. जो लोग भी इसमें शामिल हैं, किसी को छोड़ा नहीं जाएगा.
इस घटना ने न केवल मथुरा बल्कि पूरे ब्रज क्षेत्र में शोक और आक्रोश की लहर पैदा कर दी है. स्थानीय लोगों और गोरक्षा संगठनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है.पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के तहत सख्त सजा दिलाई जाएगी.
यह भी पढ़ें- कौन थे 'फरसा वाले बाबा'? जिनकी मौत पर मथुरा में भारी बवाल, हाइवे जाम कर भीड़ ने की पत्थरबाजी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं