विज्ञापन

अलीगढ़ में करणी सेना नेता की सड़क पर पिटाई, माफी मांगते VIDEO वायरल; पुलिस ने दर्ज किया केस

अलीगढ़ में करणी सेना के युवा जिला अध्यक्ष सचिन राघव के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है.

अलीगढ़ में करणी सेना नेता की सड़क पर पिटाई, माफी मांगते VIDEO वायरल; पुलिस ने दर्ज किया केस
करणी सेना पदाधिकारी की सड़क पर पिटाई, माफी मांगते वीडियो वायरल
NDTV
अलीगढ़:

अलीगढ़ में एक कथित सामाजिक टिप्पणी को लेकर विवाद ने तूल पकड़ लिया है. करणी सेना के युवा जिला अध्यक्ष सचिन राघव का एक बयान सामने आने के बाद विरोध शुरू हो गया. इसके अगले दिन सड़क पर उनके साथ मारपीट की घटना हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में कुछ लोग उन्हें घेरकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि उनसे माफी मंगवाने की बात भी सामने आई है. पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है.

कथित टिप्पणी के बाद बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, 15 सितंबर को यूजीसी रोलबैक के मुद्दे को लेकर करणी सेना के युवा जिला अध्यक्ष सचिन राघव द्वारा वाल्मीकि समाज को लेकर कथित टिप्पणी किए जाने के बाद विवाद शुरू हुआ. बताया जा रहा है कि इस टिप्पणी से नाराज समाज के लोगों ने 16 सितंबर को थाना सिविल लाइन में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी. इसके बाद मामला और गरमा गया.

सड़क पर मारपीट का वीडियो वायरल

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में सचिन राघव को कुछ लोगों द्वारा घेरकर मारपीट करते हुए देखा जा सकता है. वीडियो में यह भी दिखाई देता है कि उनसे कथित तौर पर माफी मंगवाई जा रही है. जय भीम के नारे भी सुनाए दे रहे हैं. इस दौरान वह हाथ जोड़ते हुए नजर आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि यह घटना थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित अंबेडकर पार्क के पास हुई.

पुलिस ने इस मामले में जारी किया बयान

पुलिस ने इस मामले में जारी किया बयान

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

मामले के सामने आते ही पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया. पुलिस के अनुसार, थाना सिविल लाइन क्षेत्र में दो व्यक्तियों के साथ मारपीट की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

CCTV और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच

अलीगढ़ पुलिस की ओर से क्षेत्राधिकारी सर्वम सिंह ने कहा ‘अवगत कराना है कि थाना सिविल लाइन क्षेत्र से सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्तियों के साथ मारपीट की घटना हुई है जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है .सूचना का तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना सिविल लाइन पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है .अभियुक्तों को सीसीटीवी फुटेज व अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर चिन्हित किया जा रहा है . शीघ्र ही उपद्रवी तत्वों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई जायेगी.'

यह भी पढ़ें : अलीगढ़ के इस गांव में खुलने वाली है नई यूनिवर्सिटी, यूपी सरकार ने दी मंजूरी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Aligarh, Karni Sena, Karni Sena Leader, Viral Assault Video, UP News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com