उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में रहने वाले छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. यूपी कैबिनेट की तरफ से अलीगढ़ जिले में नई यूनिवर्सिटी खोले जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है. ये यूनिवर्सिटी सरसौल गांव में खुलने जा रही है. यूपी के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय की तरफ से ये जानकारी दी गई है. उन्होंने बताया कि प्रस्तावित यूनिवर्सिटी का नाम साईं ग्लोबल यूनिवर्सिटी होगा. इसे अलीगढ़ की 'ओम साईं सेवा समिति' की तरफ से चलाया जाएगा. इस यूनिवर्सिटी में तमाम तरह के कोर्सेस कराए जाएंगे.
मंत्री ने दी जानकारी
नई यूनिवर्सिटी खोले जाने को लेकर उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा, "मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उच्च शिक्षा के प्रसार और उसकी गुणवत्ता में सुधार की दिशा में इस फैसले से एक नया अध्याय जुड़ गया है. उन्होंने बताया कि ओम साईं सेवा समिति की तरफ से जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने और समिति की सिफारिश के बाद कैबिनेट ने यूनिवर्सिटी की स्थापना के लिए लेटर ऑफ इंटेंट (LoI) को मंजूरी दी है.
कब खुलेगी यूनिवर्सिटी?
सरकार की तरफ से हरी झंडी मिलने के बाद अब यूनिवर्सिटी का काम शुरू होगा और करीब दो साल बाद एडमिशन शुरू हो सकते हैं. इसे लेकर मंत्री ने कहा कि ओम साईं सेवा समिति के पास बाकी सभी बची हुई औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए दो साल का वक्त होगा, इसके बाद ही लेटर ऑफ परमिशन जारी किया जाएगा. कैबिनेट की ये बैठक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित की गई थी, जिसमें कई अहम फैसले लिए गए.
यूनिवर्सिटी खोलने के लिए सबसे पहले जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत होती है. इसके अलावा राज्य सरकार या फिर यूजीसी से मान्यता लेनी जरूरी होती है. तमाम तरह की जरूरी चीजों के बाद ही यूनिवर्सिटी को एडमिशन की इजाजत दी जाती है. साईं ग्लोबल यूनिवर्सिटी को भी इस पूरे प्रोसेस से गुजरना होगा.
ये भी पढ़ें - UP PGT भर्ती में बड़े बदलाव! OTR से लेकर सिलेबस और रिजर्वेशन नियमों से जुड़े हर सवाल का जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं