विज्ञापन

सहेली को छोड़ने निकली लड़कियों को DCM ने रौंदा; 25 फीट तक घिसटी 22 वर्षीय खुशबू की मौत, आगरा में दर्दनाक हादसा

आगरा के कालिंदी विहार में तेज रफ्तार DCM ने सड़क किनारे टहल रही चार युवतियों को टक्कर मार दी. हादसे में 22 वर्षीय खुशबू की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवतियां घायल हैं. आरोपी चालक को पुलिस ने हिरासत में लिया है.

सहेली को छोड़ने निकली लड़कियों को DCM ने रौंदा; 25 फीट तक घिसटी 22 वर्षीय खुशबू की मौत, आगरा में दर्दनाक हादसा
आगरा में बेकाबू DCM ने चार युवतियों को कुचला, एक की मौत
NDTV
  • आगरा में दर्दनाक हादसा, टहल रही युवतियों को DCM ने रौंदा; एक की मौत
  • DCM में फंसकर 25 फीट तक घिसटी युवती, CCTV में कैद हुआ हादसा
  • लोगों ने ड्राइवर को दबोचा
आगरा:

उत्तर प्रदेश के आगरा में शनिवार रात एक तेज रफ्तार DCM ने सड़क किनारे टहल रही चार युवतियों को कुचल दिया. हादसे में 22 वर्षीय खुशबू की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवतियां घायल हो गईं. घटना थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के कालिंदी विहार की है, जहां चार युवतियां सड़क किनारे पैदल चल रही थीं. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज गति से आई DCM अनियंत्रित होकर युवतियों से जा भिड़ी. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.

सड़क किनारे टहल रही थीं चारों युवतियां

NDTV को प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 9 बजकर 10 मिनट पर कालिंदी विहार स्थित आईसीसी स्कूल के सामने चार युवतियां सड़क किनारे टहल रही थीं. इनमें खुशबू, उसकी बहन भूमि और उनकी सहेलियां निशा और शिखा शामिल थीं. बताया गया है कि सभी युवतियां गोविंद कॉलोनी निवासी अपनी सहेली निशा को छोड़ने आई थीं. उसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार DCM आई और अनियंत्रित होकर चारों युवतियों को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ युवतियां दूर जा गिरीं.

हादसे का सीसीटीवी फुटेज

हादसे का सीसीटीवी फुटेज
Photo Credit: NDTV

सीसीटीवी में कैद हुई घटना, DCM में फंसकर घिसटती चली गई खुशबू

पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे में खुशबू DCM के अगले हिस्से में फंस गई और वाहन के साथ करीब 25 फीट तक घिसटती चली गई. इसके बाद चालक ने आगे जाकर एक अन्य वाहन को भी टक्कर मार दी. राहगीरों ने शोर मचाया तो चालक वाहन छोड़कर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन लोगों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया. बाद में उसकी पिटाई कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया.

हॉस्पिटल के बाहर का दृश्य

हॉस्पिटल के बाहर का दृश्य
Photo Credit: NDTV

अस्पताल ले जाते समय हुई मौत

घटना के बाद राहगीरों ने घायलों को तुरंत चौहान अस्पताल पहुंचाया. खुशबू की हालत गंभीर होने पर उसे हरिपर्वत स्थित अतुल हॉस्पिटल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. पुलिस के अनुसार अन्य घायल युवतियों का अस्पताल में उपचार जारी है. उनकी हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है.

मृतक की बहन का दर्द

मृतक की बहन का दर्द
Photo Credit: NDTV

बहन ने बताई हादसे की पूरी कहानी

मृतका खुशबू की बहन भूमि ने बताया कि वे सभी सड़क किनारे टहल रही थीं. तभी पीछे से आए DCM चालक ने उन्हें टक्कर मार दी. भूमि ने कहा कि वह किसी तरह किनारे हट गई, इसलिए उसे गंभीर चोट नहीं लगी. उसने बताया कि खुशबू एमकॉम की पढ़ाई कर रही थीं. हादसे के बाद एक राहगीर ने उनकी बहन को वाहन के नीचे से निकाला और अस्पताल पहुंचाने में मदद की.

चालक के नशे में होने की आशंका

स्थानीय लोगों का आरोप है कि DCM चालक शराब के नशे में था. घटना स्थल से करीब 500 मीटर पहले देशी शराब का ठेका स्थित है और वाहन उसी दिशा से आया था. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वाहन की रफ्तार बेहद तेज थी, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे पैदल चल रही युवतियां उसकी चपेट में आ गईं.

पुलिस कर रही है पड़ताल

पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

यह भी पढ़ें : जलगांव में ट्रक-बाइक की भिड़ंत; 3 महीने के मासूम समेत बुरहानपुर के परिवार के 6 लोगों की मौत, CCTV आया सामने

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Agra Road Accident, Uttar Pradesh News, Cctv Accident Video, Road Accident Death, AGRA Accident
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com