Crude Oil Price Impact on India: कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की बढ़ती कीमतें भारतीय अर्थव्यवस्था पर हर साल करीब 6-7 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ डाल रही हैं. प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर ने शुक्रवार को ये बात कही. उन्होंने कहा कि भारत को आयातित ईंधन पर निर्भरता घटाने के लिए घरेलू ऊर्जा विकल्पों को बढ़ावा देना होगा. खासतौर पर डीजल में मिलाए जाने वाले जैव ईंधन यानी बायोफ्यूल के उत्पादन पर ध्यान देना जरूरी है.
भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) के 16वें एनर्जी सिक्योरिटी कॉन्फ्रेंस में कपूर ने कहा कि भारत ने पेट्रोल में इथेनॉल ब्लेंडिंग के मामले में अच्छी प्रगति की है. अब इसी तरह डीजल में भी बायोफ्यूल मिलाने की दिशा में काम करने की जरूरत है.
भारत अपनी 35% ऊर्जा जरूरत आयात से पूरी करता है
तरुण कपूर के मुताबिक, भारत अपनी कुल ऊर्जा खपत का करीब 35% हिस्सा कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस के आयात से पूरा करता है. ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमतों में उतार-चढ़ाव का सीधा असर भारतीय अर्थव्यवस्था पर पड़ता है.
महंगे कच्चे तेल और गैस का असर सिर्फ पेट्रोल-डीजल तक सीमित नहीं रहता. इससे खाद बनाने की लागत, परिवहन खर्च और रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं की कीमतें भी प्रभावित होती हैं.
कपूर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ने का पूरा बोझ ग्राहकों पर नहीं डाला जा रहा है. सरकार और तेल विपणन कंपनियां (OMCs) कीमतों में बढ़ोतरी का बड़ा हिस्सा खुद वहन कर रही हैं.
ऊर्जा सुरक्षा के लिए इन 5 विकल्पों पर जोर
कपूर ने भारत की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने और आयात पर निर्भरता कम करने के लिए कई उपाय सुझाए.
- डीजल में बायोफ्यूल की ब्लेंडिंग: पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने के कार्यक्रम की सफलता के बाद अब डीजल में भी जैव ईंधन मिलाने पर जोर देने की जरूरत है. इससे आयातित कच्चे तेल की जरूरत घटाने में मदद मिल सकती है.
- रणनीतिक तेल भंडार बढ़ाना: अंतरराष्ट्रीय बाजार में सप्लाई बाधित होने या कीमतें तेजी से बढ़ने की स्थिति से निपटने के लिए भारत को अपनी रणनीतिक भंडारण क्षमता बढ़ानी होगी.
- इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा: इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल बढ़ने से पेट्रोल और डीजल की घरेलू मांग घटाने में मदद मिल सकती है.
- रेलवे का अधिक इस्तेमाल: यात्री और माल ढुलाई में इलेक्ट्रिक रेलवे नेटवर्क का इस्तेमाल बढ़ाने से डीजल की खपत कम की जा सकती है.
- कोयला गैसीकरण: भारत के पास कोयले के बड़े घरेलू भंडार हैं. कोयला गैसीकरण के जरिए इससे सिंथेटिक गैस बनाई जा सकती है, जिसका इस्तेमाल खाद और दूसरे उद्योगों में हो सकता है. कार्बन कैप्चर तकनीक के जरिए इस प्रक्रिया से होने वाले पर्यावरणीय असर को कम करने में भी मदद मिल सकती है.
CBG प्लांट में अगले 1-2 साल में विस्तार की उम्मीद
तरुण कपूर ने कम्प्रेस्ड बायोगैस (CBG) के क्षेत्र में भी अगले एक-दो साल में विस्तार की उम्मीद जताई. गोबरधन योजना के तहत मिलने वाली पूंजीगत सब्सिडी और खरीद की गारंटी से इस क्षेत्र में नए प्लांट लगाने की व्यावसायिक संभावनाएं बेहतर हो रही हैं.
CBG का उत्पादन जैविक कचरे, गोबर और कृषि अवशेषों जैसे स्रोतों से किया जा सकता है. इसे वाहनों के ईंधन और दूसरे ऊर्जा उपयोगों में इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे घरेलू स्तर पर गैस उत्पादन बढ़ाने और आयात पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है.
उद्योग जगत ने भी बताई ऊर्जा सुरक्षा की रणनीति
सम्मेलन में उद्योग जगत और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने भी भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के उपायों पर अपनी राय रखी. HPCL-मित्तल एनर्जी के एमडी और सीईओ प्रभ दास ने ऊर्जा स्रोतों में विविधता लाने और तेल भंडारण क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया. वहीं, मारुति सुजुकी के राहुल भारती ने इलेक्ट्रिक वाहनों में इस्तेमाल होने वाले रेयर अर्थ मैग्नेट के लिए चीन पर निर्भरता कम करने की जरूरत बताई.
पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (PNGRB) के अध्यक्ष अनिल कुमार जैन ने ऊर्जा आयात के स्रोत बढ़ाने, लंबे समय के LNG समझौते करने और विदेशों में तेल-गैस परिसंपत्तियां हासिल करने की बात कही. उन्होंने घरेलू स्तर पर तेल और गैस की खोज गतिविधियों को तेज करने को भी ऊर्जा सुरक्षा के लिए जरूरी बताया.
कुल मिलाकर, भारत के सामने चुनौती सिर्फ सस्ता ईंधन उपलब्ध कराने की नहीं, बल्कि ऊर्जा के लिए दूसरे देशों पर निर्भरता कम करने की भी है. घरेलू बायोफ्यूल, CBG, इलेक्ट्रिक वाहन, कोयला गैसीकरण और रणनीतिक भंडारण जैसे विकल्प इस दिशा में अहम भूमिका निभा सकते हैं.
यह भी पढ़ें | पेट्रोल, डीजल के दाम बढ़ेंगे? तेल गैस सप्लाई पर फिर मंडरा रहा खतरा, वित्त मंत्रालय ने भी रिपोर्ट में माना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं