- संसद के विशेष सत्र में सरकार महिला आरक्षण लागू करने को परिसीमन से जोड़ने वाला संविधान संशोधन विधेयक पेश करेगी
- डीएमके ने केंद्र के संशोधित परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का ऐलान किया है, जो पहले विरोध करती थी
- अभिनेता प्रकाश राज ने डीएमके प्रमुख एम.के. स्टालिन से बिल के समर्थन पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया
सोमवार से संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है, जिसमें सरकार महिला आरक्षण लागू करने को परिसीमन से जोड़ने वाले संविधान संशोधन विधेयक को फिर से पेश करेगी. परंपरागत रूप से भाजपा का विरोध करने वाले द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) ने परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का ऐलान किया है. इसके बाद अभिनेता प्रकाश राज ने डीएमके प्रमुख एम.के. स्टालिन से आग्रह किया है कि वे केंद्र के संशोधित परिसीमन विधेयक (डिलिमिटेशन बिल) का समर्थन करने के अपने फैसले पर पुनर्विचार करें. उन्होंने कहा कि ये कदम डीएमके के उस इतिहास के खिलाफ है, जिसमें पार्टी ने हमेशा संघवाद (फेडरलिज्म) के लिए लड़ाई लड़ी है.
'एक्स' पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में प्रकाश राज ने कहा, "राष्ट्रहित में, कृपया परिसीमन विधेयक को दिए गए अपने समर्थन पर पुनर्विचार करें." उन्होंने बीजेपी के प्रस्ताव को 'बेहद खतरनाक' बताया और सवाल उठाया कि डीएमके, जिसने पहले इस प्रक्रिया को लेकर चिंताएं जताई थीं, अब इसका समर्थन करने के लिए क्यों तैयार है?
राज ने कहा, “यह एक स्वार्थी फैसला है”. उन्होंने DMK पर लोगों को धोखा देने का आरोप लगाया और सीधे स्टालिन से अपील की कि वे पार्टी के रुख पर पुनर्विचार करें.
DMK इस बिल का समर्थन क्यों कर रही है?
इससे पहले स्टालिन ने कहा कि केंद्र ने DMK की दो मांगों को लिखित रूप में स्वीकार कर लिया है. पार्टी चाहती है कि अगर लोकसभा का विस्तार होता है, तब भी तमिलनाडु की लोकसभा सीटों का 7.18 प्रतिशत हिस्सा बना रहे, और राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का मौजूदा संतुलन अगले 25 सालों तक सुरक्षित रहे.
संशोधित प्रस्ताव में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू करने के उद्देश्य से लोकसभा और विधानसभा सीटों में एक समान 50 प्रतिशत की वृद्धि करने का सुझाव दिया गया है. इसके तहत, सीटों का यह नया बंटवारा और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं 2051 तक यथावत बनी रहेंगी.
अप्रैल में, लोकसभा में DMK के सभी 22 सांसदों ने केंद्र के पिछले संवैधानिक संशोधन के खिलाफ वोट किया था. इस बार उनका समर्थन बहुत अहम साबित हो सकता है, क्योंकि BJP के नेतृत्व वाली सरकार को सदन में मौजूद और वोट करने वाले सांसदों के बीच दो-तिहाई बहुमत की जरूरत है.
संशोधित विधेयक में हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के लिए लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी का प्रस्ताव है. इससे सदन में निर्वाचित सीटों की संख्या 543 से बढ़कर लगभग 815 हो जाएगी, जबकि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का मौजूदा हिस्सा मोटे तौर पर वैसा ही बना रहेगा.
इसे भी पढ़ें: DMK का परिसीमन बिल को फुल सपोर्ट, अमित शाह से मिलकर कनिमोझी बोलीं- 'हमें वह मिल गया जो हम चाहते थे'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं