विज्ञापन

जलगांव में ट्रक-बाइक की भिड़ंत; 3 महीने के मासूम समेत बुरहानपुर के परिवार के 6 लोगों की मौत, CCTV आया सामने

महाराष्ट्र के जलगांव में ट्रक और बाइक की टक्कर में मध्य प्रदेश के एक परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में तीन बच्चे और तीन महीने का शिशु भी शामिल है. हादसे का CCTV वीडियो भी सामने आया है.

जलगांव में ट्रक-बाइक की भिड़ंत; 3 महीने के मासूम समेत बुरहानपुर के परिवार के 6 लोगों की मौत, CCTV आया सामने
जलगांव में सड़क हादसे ने छीनीं 6 जिंदगियां
NDTV
  • महाराष्ट्र के जलगांव में दिल दहला देने वाला हादसा, बच्चों समेत 6 लोगों की मौत
  • ट्रक और बाइक की भिड़ंत ने उजाड़ा पूरा परिवार, 3 महीने का मासूम भी शिकार
  • महाराष्ट्र हादसे का CCTV सामने, पलभर में खत्म हो गया पूरा परिवार
जलगांव:

महाराष्ट्र के जलगांव जिले में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई. जामनेर तालुका के मालदाभाडी गांव के पास ट्रक और दोपहिया वाहन की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में परिवार के सभी सदस्य मौके पर ही हादसे का शिकार हो गए. मृतक मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के मालची तांडा गांव के निवासी थे और खेतिहर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे. हादसे में तीन बच्चों समेत तीन महीने के मासूम की मौत ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है.

खेती और मजदूरी से चलता था जीवन, छह लोगों की गई जान

जलगांव जिले के जामनेर तालुका स्थित मालदाभाडी गांव के पास गुरुवार शाम करीब चार बजे यह भीषण सड़क हादसा हुआ. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार ट्रक और दोपहिया वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.

ट्रक और बाइक की टक्कर का सीसीटीवी वीडियो

ट्रक और बाइक की टक्कर का सीसीटीवी वीडियो
Photo Credit: NDTV

हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें टक्कर की भयावह तस्वीरें कैद हुई हैं. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए.

मृतक परिवार मूल रूप से मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के मालची तांडा गांव का रहने वाला था. परिवार खेती और मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता था. बताया जा रहा है कि हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य एक ही दोपहिया वाहन पर सवार थे.

मृतकों की हुई पहचान, तीन महीने का मासूम भी शामिल

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रामा सुरशिंग भिलाले (26 वर्ष), उनकी पत्नी शिमला रामा भिलाले (22 वर्ष), पुत्री पुज्या रामा भिलाले (5 वर्ष), पुत्री भरती रामा भिलाले (3 वर्ष), तीन महीने के श्रवण रामा भिलाले और चंपालाल रेवणशिंग भिलाले (28 वर्ष) के रूप में हुई है. सबसे हृदयविदारक पहलू यह है कि हादसे में दो छोटे बच्चों के साथ एक तीन महीने का शिशु भी अपनी जान गंवा बैठा. एक ही परिवार की छह मौतों से गांव और परिजनों में मातम पसरा हुआ है.

घटना की सूचना मिलने के बाद जलगांव के जिला पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है. ट्रक चालक की भूमिका और हादसे की परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है. 

यह भी पढ़ें : मौत छूकर निकल गई! ट्रक की टक्कर में चकनाचूर हुई स्कूटी, बंपर से लटकी रही लड़की

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jalgaon Accident, Maharashtra Road Accident, Truck Bike Collision, Burhanpur, Family Killed In Accident
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com