विज्ञापन

100 ई बसें, सस्ता किराया, CM योगी ने किया शुभारंभ, नोएडा, ग्रेनो और नोएडा एयरपोर्ट के इन रूट पर चलेंगी

Noida-Greater Noida Electric Bus Service: नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के लोगों को आज बड़ी सौगात मिली है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इलेक्ट्रिक बस सेवा का शुभारंभ किया. पहले चरण में नौ रूटों पर बसें चलेंगी, जिससे जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचना आसान होगा.

100 ई बसें, सस्ता किराया, CM योगी ने किया शुभारंभ, नोएडा, ग्रेनो और नोएडा एयरपोर्ट के इन रूट पर चलेंगी
सीएम योगी ई-बस लॉन्च: CM योगी आज करेंगे इलेक्ट्रिक बस सेवा का शुभारंभ
(P.C- NDTV)

नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए आज का दिन खास रहा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इलेक्ट्रिक बस सेवा का शुभारंभ किया. इस नई सेवा के शुरू होने के साथ ही जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचना कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा. खास बात ये है कि बसें सिर्फ एयरपोर्ट तक ही सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों को भी जोड़ेंगी. इससे रोजाना सफर करने वाले लोगों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. पहले चरण में नौ अलग-अलग रूटों पर इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी, जिनसे नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी के कई इलाके सीधे जुड़ जाएंगे.

आज हुआ उद्घाटन

इलेक्ट्रिक बस सेवा का उद्घाटन आज सुबह 10 बजे किया गया. कार्यक्रम नोएडा हाट, सेक्टर-33ए में आयोजित हुआ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बसों को हरी झंडी दिखाई. इसके बाद से कुल 100 इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतर गई हैं, जिनमें 10 आधुनिक डबल डेकर बसें भी शामिल हैं. वहीं, इन बसों का किराया 10 रुपये से 30 रुपये तक रखा गया है. न्यूनतम किराया 10 रुपये और अधिकतम किराया 30 रुपये निर्धारित किया गया है. 

इन रूटों पर दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें

रूट-1 की बस रबूपुरा से शुरू होकर यमुना एक्सप्रेसवे के समानांतर सड़क से सेक्टर-21, सेक्टर-20, सेक्टर-18, गौड़ यमुना सिटी, सलारपुर अंडरपास, दनकौर गोल चक्कर, सेक्टर-17ए होते हुए परी चौक तक जाएगी.

रूट-2 की बस मकनपुर और मकनपुर खादर टी-प्वाइंट से चलकर लतीफपुर, मोमदीपुर, कादलपुर, अट्टा फतेहपुर, सेक्टर-22डी, सलारपुर और गालगोटिया यूनिवर्सिटी तक पहुंचेगी.

रूट-3 की बस जहांगीरपुर से निकलकर चिंगरावली, झाझर, मुढ़ेना, भट्टा पारसौल मोड़, उस्मानपुर, दनकौर, सलारपुर अंडरपास, समसपुर, कनारसी, बिलासपुर और गिरधरपुर तक जाएगी.

रूट-4 की बस जहांगीरपुर से शुरू होकर अली अहमदपुर, नीमका, चौरोली मोड़, माडलपुर, जेवर तहसील, धनसिया, दस्तमपुर, झुंडेरा, सिवारा, ठाकुर हीरी सिंह चौक, खेड़ा अंडरपास, रुस्तमपुर, रोनिजा होते हुए सेक्टर-33 तक पहुंचेगी.

रूट-5 की बस जेवर चौराहा से चलकर झुंडेरा, दयानतपुर, नगला हुकुम सिंह, भटोना, तिरथली, रबूपुरा, खेड़ा, भाईपुर अंडरपास, रुस्तमपुर, रोनिजा, मिर्जापुर, गौड़ यमुना सिटी, दनकौर तिराहा और विकास भवन तक जाएगी.

रूट-6 की बस नोएडा एयरपोर्ट से शुरू होकर सबौता कट, जाफराबाद, खुर्जा-जेवर कट, जेवर कट, फलेदा कट, फिल्म सिटी कट होते हुए चपरगढ़ तक जाएगी.

रूट-7 की बस नोएडा एयरपोर्ट से चलकर फलेदा कट, चपरगढ़, स्पोर्ट्स सिटी, जीरो प्वाइंट, सेक्टर-150, बोडेली, मोहियापुर और सेक्टर-128 तक पहुंचेगी.

रूट-8 की बस जहांगीरपुर से शुरू होकर कपना, झाझर, मोहम्मदपुर, रुस्तमपुर, रोनिजा, मिर्जापुर, पेट्रोल पंप, गौड़ यमुना सिटी, सेक्टर-150, बोडेली, मोहियापुर होते हुए सेक्टर-128 तक जाएगी.

रूट-9 की बस जहांगीरपुर से निकलकर नीमका, जीरो प्वाइंट, सेक्टर-150, मोहियापुर, सेक्टर-128, एमिटी विश्वविद्यालय होते हुए सेक्टर-37 तक पहुंचेगी.

ग्रेटर नोएडा के लोगों को भी मिलेगा फायदा

ग्रेटर नोएडा में भी पहले चरण में चार प्रमुख रास्तों पर इलेक्ट्रिक बसें चलाने की तैयारी की गई है. चार मूर्ति चौक से सूरजपुर टी-प्वाइंट और परी चौक होते हुए नोएडा एयरपोर्ट तक बसें चलेंगी. इसके अलावा 130 मीटर रोड, जिम्स, नासा पार्किंग और औद्योगिक सेक्टर-16 से भी एयरपोर्ट तक बस सेवा उपलब्ध होगी. इससे ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट के बीच आने-जाने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी.

यह भी पढ़ें- बिहार में किरायेदारों के लिए बड़ी राहत, 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली, जानिए कैसे मिलेगा बिजली सब्सिडी योजना का लाभ

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Noida, Noida News, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com