बिहार में किरायेदारों के लिए अब बड़ी राहत की खबर है. राज्य सरकार ने बिजली सब्सिडी योजना का दायरा बढ़ाते हुए किरायेदारों को भी इसमें शामिल कर लिया है. अब किराए पर रहने वाले लोग भी सस्ती बिजली का लाभ उठा सकेंगे, जिससे उन्हें मकान मालिकों की मनमानी और ज्यादा बिजली बिल से राहत मिलेगी. यह कदम लाखों शहरी और ग्रामीण किरायेदारों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है.
बिहार सरकार ने यह स्पष्ट किया है कि बिजली सब्सिडी योजना का लाभ अब सीधे किरायेदारों को भी मिलेगा. इससे किरायेदार मकान मालिकों द्वारा मनमाने बिजली शुल्क से बच सकेंगे. इस सुविधा का लाभ लेने के लिए किरायेदार अपने नाम पर अलग बिजली मीटर लगवा सकते हैं या एग्रीमेंट के आधार के जरिए सब्सिडी का फायदा ले सकते हैं.
किरायेदारों को भी मिलेगा बिजली सब्सिडी का लाभ
बिहार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने कहा कि मकान मालिक किरायेदारों से सरकार द्वारा तय दरों के अनुसार ही बिजली शुल्क वसूल सकते हैं. अगर, ज्यादा पैसा वसूलने या या किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायत मिलती है, तो कार्रवाई भी की जा सकती है. उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि बिजली सब्सिडी और अन्य योजनाओं का लाभ सभी उपभोक्ताओं तक पहुंचे. इसी कड़ी में किराए के मकानों में रहने वाले लोगों को भी योजना का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
बिजली सब्सिडी योजना का कैसे उठाएं लाभ
नियम- सब्सिडी का लाभ उसी उपभोक्ता को मिलेगा जिसके नाम पर बिजली कनेक्शन है. इसलिए, अपना अलग मीटर होना सबसे अच्छा है.
डॉक्यूमेंट- एग्रीमेंट या किरायानामा (Rental Agreement) और आधार कार्ड के साथ आवेदन किया जा सकता है.
सब्सिडी की राशि- बिहार में कुछ क्षेत्रों में 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ उठाया जा सकता है.
मकान मालिक की भूमिका- मकान मालिक अब सब्सिडी वाली बिजली का ज्यादा शुल्क नहीं वसूल सकेंगे.
किरायेदार अपने नाम से बिजली मीटर कैसे लगवाएं
आप अपने नजदीकी बिजली कार्यालय (DISCOM) में जाकर या online portal के माध्यम से रेंट एग्रीमेंट दिखाकर अपने नाम पर मीटर के लिए आवेदन कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें:- अब राशन के लिए नहीं भटकना पड़ेगा, देश के किसी भी कोने में मिल सकेगा हक का अनाज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं