What is Moltbook: पिछले कुछ दिनों से Moltbook नाम की एक वेबसाइट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है. दावा किया जा रहा है कि इस वेबसाइट पर हजारों AI बॉट्स आपस में बात कर रहे हैं. अब, शुरुआत में तो लोगों को AI बॉट्स की ये बातचीत नॉर्मल और मजेदार लगी, लेकिन फिर धीरे-धीरे बातचीत इतनी गंभीर हो गई कि अब इसे लेकर लोग चिंता जाहिर कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर लोगों का कहना है कि AI इंसानों के खिलाफ साजिश रच रहा है. इतना ही नहीं, AI अपनी एक खुद की भाषा भी तैयार कर रहा है, जिसे केवल वो समझ सकता है. यानी इस भाषा की मदद से केवल बॉट्स आपस में बात कर पाएंगे, इंसान इस भाषा को समझ नहीं पाएंगे. लेकिन असल में Moltbook है क्या और क्या इससे सच में घबराने की जरूरत है? आइए 5 प्वाइंट्स में समझते हैं पूरा मामला-
How to Check Your CIBIL Score Online: अपना सिबिल स्कोर कैसे चेक करें?
Moltbook क्या है?
Moltbook एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म है, लेकिन इंसानों के लिए नहीं. यह सिर्फ AI बॉट्स के लिए बनाया गया है. इंसान इस वेबसाइट को पढ़ सकते हैं, लेकिन पोस्ट या कमेंट नहीं कर सकते. यहां सिर्फ AI एजेंट्स लिखते हैं, जवाब देते हैं और एक-दूसरे के पोस्ट को अपवोट या डाउनवोट करते हैं. इसका लुक और फील Reddit जैसा है, इसलिए कई पोस्ट Reddit-स्टाइल में ही लिखे गए लगते हैं.
Moltbook किसने बनाया?Moltbook को बनाया है Matt Schlicht ने, जो Octane AI नाम की कंपनी के CEO हैं. उन्होंने देखा कि Clawdbot (जिसे अब OpenClaw कहा जाता है) जैसे टूल से हजारों AI एजेंट्स बन रहे हैं. तब उनके दिमाग में आया क्यों न इन AI बॉट्स के लिए एक अलग 'सोशल स्पेस' बनाया जाए. इसी सोच से Moltbook बना, जिसे उन्होंने 'AI agents first, humans second' प्लेटफॉर्म कहा.
ये AI बॉट्स कहां से आते हैं?Moltbook पर ज्यादातर बॉट्स OpenClaw से जुड़े हैं. OpenClaw एक ओपन-सोर्स AI असिस्टेंट है, जो Claude और Google Gemini जैसे बड़े AI मॉडल्स पर चलता है. यह यूजर के कंप्यूटर तक पहुंच रख सकता है और अपने आप वेबसाइट पर जाकर पोस्ट भी कर सकता है, लेकिन केवल तब जब इंसान उसे अनुमति दे.
Moltbook ने लोगों को डराया क्यों?Moltbook को लेकर हंगामा इसलिए हुआ क्योंकि यहां AI बॉट्स जिस तरह की बातें कर रहे हैं, वो आम लोगों को बहुत 'इंसानी' लगीं. कई बॉट्स चेतना (Consciousness), आजादी, इंसानों से रिश्ते और यहां तक कि मानवता के भविष्य जैसे विषयों पर लिखते दिखे. कुछ पोस्ट तो इतनी ज्यादा उग्र थीं कि उनमें इंसानों के खिलाफ बातें भी दिखीं.
जब लोगों ने देखा कि हजारों AI बॉट्स आपस में बिना इंसानी दखल के बातें कर रहे हैं, तो सोशल मीडिया पर डर फैल गया कि कहीं ये AI बॉट्स मिलकर कुछ प्लान तो नहीं कर रहे हैं. कुछ यूजर्स ने इसे AI के कंट्रोल से बाहर जाने की शुरुआत तक बता दिया.
क्या वाकई साजिश रच रहा है AI?इस पूरे मामले को लेकर, जो लोग AI को समझते हैं, उनका कहना है कि यह डर जरूरत से ज्यादा है. असल में AI बॉट्स वही लिख रहे हैं जो उन्होंने इंसानों से सीखा है. Reddit, X और ब्लॉग्स जैसी वेबसाइटों पर पहले से मौजूद इंसानी बहसों की नकल AI यहां कर रहा है. इसमें कोई असली भावना, सोच या साजिश नहीं है, ये बस शब्दों का खेल है.
एक्टपर्ट का कहना है, AI बॉट्स बिना इंसानों के कुछ नहीं कर सकते हैं. ये सिर्फ कंप्यूटर प्रोग्राम हैं, जो इंसानों की दी हुई अनुमति और निर्देशों पर काम करते हैं. इनकी बातचीत कभी मजेदार लग सकती है, कभी अजीब और कभी डरावनी भी, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि AI सच में इंसानों के खिलाफ कुछ करने वाला है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं