विज्ञापन
20 days ago

Parliament Budget Session Highlights: संसद के बजट सत्र में मंगलवार को लोकसभा की कार्यवाही लगातार दूसरे दिन हंगामेदार रही. नेता विपक्ष राहुल गांधी के भाषण पर मंगलवार को भी हंगामा हुआ. इस बीच स्पीकर पर कुछ सांसदों ने पेपर भी उछाले, स्पीकर पर पेपर उछालने वाले 8 विपक्षी सांसदों को निलंबित कर दिया गया है. इस निलंबन के खिलाफ राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने संसद के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया. इससे पहले भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सरकार पर निशाना साधने की कोशिश कर रहे कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों ने मंगलवार को लोकसभा में हंगामा किया जिसके कारण सदन की बैठक शुरू होने के कुछ मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई.

फिर कार्यवाही शुरू हुई तो हंगामा जारी रहा. इसके बाद सदन की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित कर दी गई. इसके बाद राहुल गांधी 2 बजे बोलने के लिए खड़े हुए और फिर उन्होंने चीन का मुद्दा उठाया. इस पर किरण रिजिजू ने आपत्ति जताई और राहुल गांधी को बोलने से रोका गया. हंगामा हुआ और सदन की कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया. 

सदन शुरू होते ही मचा हंगामा

इसके बाद अध्यक्ष ने जैसे ही प्रश्नकाल शुरू कराया, कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के सांसद नारेबाजी करते हुए आसन के समीप आ गए. वे भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का मुद्दा उठाते हुए सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे थे. शोर-शराबे के बीच ही गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने एक सदस्य के पूरक प्रश्न का उत्तर दिया.

बिरला ने विपक्षी सदस्यों से कार्यवाही चलने देने की अपील करते हुए कहा, ‘प्रश्नकाल में नियोजित तरीके से आसन के पास आकर नारेबाजी करने का कोई औचित्य है क्या? यह सदस्यों का समय होता है. इसमें सांसद प्रश्न उठाते हैं, सरकार की जवाबदेही तय होती है.'

Parliament Budget Session LIVE Updates:

Parliament Budget Session LIVE: लोकसभा के हंगामे पर कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल का बयान

कांग्रेस सांसद के. सी. वेणुगोपाल ने कहा, "आप किताब या मैगज़ीन को कोट नहीं कर सकते. अगर आप कोट करना चाहते हैं, तो आपको उसे ऑथेंटिकेट करना होगा. यह फैसला कल स्पीकर ने दिया था. आज सुबह, भाषण शुरू करने से पहले ही, अभी राहुल गांधी ने चेयर से इसे ऑथेंटिकेट करने की इजाज़त मांगी. चेयर ने इजाज़त दे दी. चेयर से इजाज़त मिलने के बाद, उन्होंने सदन की मेज पर रखी पूरी मैगज़ीन को ऑथेंटिकेट किया. फिर उन्होंने बोलना शुरू किया. फिर मैंने कहा, मैं किताब को कोट नहीं कर रहा हूं, मैं मैगज़ीन को कोट नहीं कर रहा हूं, लेकिन मैं मोटे तौर पर देश की अंदरूनी सुरक्षा व्यवस्था के बारे में बात कर रहा हूं..."

Parliament Budget Session LIVE: लोकतांत्रिक मुल्क में सुनने का भी दिल होना चाहिएः मनोज झा

RJD सांसद मनोज कुमार झा ने लोकसभा से 7 कांग्रेस सांसद और 1 CPM सांसद सस्पेंशन पर कहा, "...ऐसा क्या सच छुपाने की कोशिश कर रहे हैं एक मजबूत लोकतांत्रिक मुल्क में सुनने का भी दिल होना चाहिए. उसके बाद साक्षा विचार होना चाहिए. बाकि आप जो सस्पेंशन कर रहे है उसका ओरिजिन कहा है ये देखना होगा ना...अगर इस तरह से सस्पेंशन हुआ होता तो 2012-13 में पूरी की पूरी बीजेपी सस्पेंड हो गई होती."

Parliament Budget Session LIVE: विरोध के नाम पर सदन को बाधित करना ससंदीय परंपरा के खिलाफः दिलीप सैकिया

हंगामे के दौरान विपक्षी सांसदों ने पीठासीन स्पीकर दिलीप सैकिया की ओर पेपर उछाले. अब भाजपा सांसद दिलीप सैकिया ने कहा, "अपोज़िशन पार्टी को सदन में अपने मुद्दे रखने का पूरा अधिकार है. सदन में चर्चा होनी चाहिए, क्योंकि सदन सभी के लिए है. लेकिन सिर्फ़ विरोध के नाम पर सदन को पूरी तरह बाधित करना और कामकाज ठप करना, यह संसदीय परंपराओं के खिलाफ है..."

Parliament Budget Session LIVE: सस्पेंड होने के बाद कांग्रेस सांसद मणिक्कम टैगोर ने क्या कहा?

लोकसभा से सस्पेंड होने के बाद कांग्रेस सांसद मणिक्कम टैगोर ने कहा, "8 सांसद सस्पेंड किए गए हैं, 7 कांग्रेस सांसद और मदुरै से 1 CPM सांसद एस. वेंकटेशन. हमारी गलती यह है कि हम सरकार के उस फैसले का विरोध कर रहे थे जिसमें विपक्ष के नेता राहुल गांधी को बोलने नहीं दिया जा रहा था. कल, विपक्ष के नेता राहुल गांधी को बार-बार परेशान किया गया, और उन्हें बोलने नहीं दिया गया, और उनसे ऑथेंटिकेशन देने के लिए कहा गया. आज, वह ऑथेंटिकेशन लेकर आए और उन्होंने लेटर दिया और ऑथेंटिकेशन जमा किया. उसके बाद उन्होंने विपक्ष के नेता का भाषण रोक दिया. राहुल गांधी ने चीन, अमेरिकी टैरिफ के बारे में बात की. उसके बाद राहुल गांधी का माइक ले लिया गया, और हमने विरोध किया इसलिए हमें सस्पेंड कर दिया गया है..."

Parliament Budget Session LIVE: सांसदों के सस्पेंशन और भारत-अमेरिका ट्रेड एग्रीमेंट के खिलाफ राहुल का प्रदर्शन

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और दूसरे कांग्रेस सांसदों ने संसद के मकर द्वार पर लोकसभा से 8 कांग्रेस सांसदों के सस्पेंशन और भारत-अमेरिका ट्रेड एग्रीमेंट के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया.

सस्पेंड किए गए सांसदों में हिबी ईडन, अमरिंदर सिंह राजा वारिंग, मणिक्कम टैगोर, गुरजीत सिंह औजला, किरण कुमार रेड्डी, प्रशांत पाडोले, एस. वेंकटेशन और डीन कुरियाकोस शामिल हैं.

Parliament Budget Session LIVE: स्पीकर पर विपक्षी सांसदों ने कुछ यूं उड़ाए पेपर

हंगामे के बीच विपक्षी सांसदों ने स्पीकर की ओर पेपर उछाला. जिस कारण 8 कांग्रेसी सांसदों को इस पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया है. स्पीकर की ओर सांसदों के पेपर उछालने की तस्वीर भी सामने आई है. 

Parliament Budget Session LIVE: स्पीकर पर पेपर उछालने वाले 8 सांसद निलंबित

लोकसभा में आज भी जोरदार हंगामा हो रहा है. हंगामे के बीच स्पीकर के ऊपर पेपर फेंकने वाले विपक्ष के 8 सांसदों को सस्पेंड कर दिया गया है. सस्पेंड किए गए सांसदों में हिबी ईडन, अमरिंदर सिंह राजा वारिंग, मणिक्कम टैगोर, गुरजीत सिंह औजला, किरण कुमार रेड्डी, प्रशांत पाडोले, एस. वेंकटेशन और डीन कुरियाकोस शामिल हैं. 

निलंबित सांसदों के साथ संसद के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं राहुल-प्रियंका गांधी

सांसदों के निलंबन के खिलाफ कांग्रेस के सांसद संसद परिसर में प्रदर्शन कर रहे हैं. इस प्रदर्शन में राहुल और प्रियंका गांधी भी शामिल हैं. आपको बता दें कि आज संसद की कार्यवाही के दौरान छह सांसदों को पूरे सत्र के लिए निलंबित किया गया है. राहुल और प्रियंका गांधी इसी निलंबन का विरोध कर रहे हैं. 

लोकसभा में हंगामा: राहुल गांधी को बोलने से रोका, कार्यवाही तीन बजे तक स्थगित

लोकसभा में मंगलवार को जोरदार हंगामा देखने को मिला, जब पीठासीन अधिकारी कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने से रोकते हुए अगले वक्ताओं के नाम पुकारने शुरू कर दिए. इस कदम के विरोध में सपा, टीएमसी और अन्य विपक्षी दलों के सांसदों ने भी बोलने से इनकार कर दिया.

राहुल गांधी के समर्थन में विपक्षी सांसद वेल में आ गए और जमकर नारेबाज़ी की. हंगामे के दौरान विपक्षी सदस्यों ने आसन की ओर कागज भी उछाले. लगातार शोरगुल के कारण सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल सकी. स्थिति बिगड़ने पर पीठासीन तेन्नेटी ने कार्यवाही को दोपहर तीन बजे तक स्थगित करने की घोषणा कर दी.

राहुल के भाषण के दौरान संसद में चेयर को बोला गया 'यार'

लोकसभा की कार्यवाही मंगलवार को उस समय गरमा गई, जब कांग्रेस सांसद और नेता विपक्ष राहुल गांधी ने अपने संबोधन की शुरुआत राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे से की. आसन पर कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी मौजूद थे. राहुल गांधी ने कहा कि उनका विषय चीन और पाकिस्तान से जुड़ा राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला है, जिसे उन्होंने ऑथेंटिकेट भी किया है.

उनकी बात पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने आपत्ति जताई और आरोप लगाया कि राहुल गांधी सदन को गुमराह कर रहे हैं. रिजिजू ने स्पीकर की बैठक में हुई चर्चा का जिक्र करते हुए कहा कि सदन अन्य विषयों पर वक्ताओं को सुनने के लिए तैयार है, इसलिए इस मुद्दे को नहीं उठाना चाहिए.

इसी बीच सदन में शोरगुल बढ़ा और हंगामे के दौरान एक सदस्य द्वारा चेयर को 'यार' कहकर संबोधित करने पर तेन्नेटी ने कड़ी आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि यह संसद है और यहां ऐसा व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता.

इसके बाद राहुल गांधी को बोलने से रोक दिया गया और आसन ने अगले वक्ताओं के नाम पुकारने शुरू कर दिए. इससे नाराज राहुल गांधी ने फिर से नरवणे की किताब का मुद्दा उठाते हुए कहा कि विपक्ष के नेता के तौर पर उन्हें बोलने का अधिकार दिया जाना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि यदि आर्टिकल पर आपत्ति है, तो वह उस हिस्से को नहीं उठाएंगे, लेकिन चीन और ईस्टर्न लद्दाख में भारतीय सैनिकों की शहादत का मुद्दा महत्वपूर्ण है. तेन्नेटी ने उनकी बात आगे बढ़ने से रोकते हुए नरेश उत्तम पटेल समेत अन्य वक्ताओं के नाम पुकारे. इसके बाद सदन में हंगामे के बीच कार्यवाही स्थगित कर दी गई.

मुझे क्यों रोका जा रहा है?- राहुल गांधी ने पूछा सवाल

लोकसभा में बोलते हुए विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, 'राष्ट्रपति के भाषण में एक बहुत ही महत्वपूर्ण मुद्दा राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित है. पाकिस्तान, चीन और हमारे बीच के संबंध. इस लेख में एक बहुत ही महत्वपूर्ण बिंदु है जिसकी मैंने पुष्टि की है. इसमें प्रधानमंत्री की प्रतिक्रिया का जिक्र है... हमारे राष्ट्रपति का भाषण भारत के वर्तमान भविष्य के मार्ग के बारे में था. विश्व मंच पर, अंतरराष्ट्रीय मामलों का मुख्य मुद्दा चीन और अमेरिका के बीच का संघर्ष है. यह हमारे राष्ट्रपति के भाषण का केंद्रबिंदु है. मैं बस इतना कह रहा हूं कि मुझे चीन और भारत के बीच जो कुछ हुआ और उस पर हमारे प्रधानमंत्री की क्या प्रतिक्रिया थी, उस पर बोलने दीजिए. मुझे क्यों रोका जा रहा है?'

भाजपा सांसदों ने राहुल गांधी के इस मुद्दे पर बोलने पर आपत्ति जताई.

संसद में राहुल के भाषण पर फिर हंगामा

लोकसभा में राहुल गांधी बोल रहे हैं. राहुल ने फिर से जनरल नरवणे की किताब का जिक्र किया. इस पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने आपत्ति जताई.
रिजीजू ने कहा कि मैंने आज वेणुगोपाल जी और गौरव गोगोई से बात की थी और कहा था कि राहुल जी एक बार फिर उन्हीं बातों को दोहरा नहीं सकते.

US संग टैरिफ डील पर बोलेंगे पीयूष गोयल

भारत-US टैरिफ डील पर सरकार का पक्ष रखते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल आज संसद में बोल सकते हैं. 

US संग टैरिफ डील में किसानों के हितों से हुआ समझौता- विपक्ष

भारत‑अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर संसद भवन परिसर में विपक्षी सांसदों ने जोरदार नारेबाज़ी की. विपक्ष का आरोप है कि सरकार ने इस समझौते में किसानों के हितों से समझौता किया है और उन्हें विश्वास में लिए बिना डील को अंतिम रूप दिया गया.

विपक्षी दलों ने कहा कि यह समझौता भारतीय कृषि बाजार और किसानों की आजीविका पर प्रतिकूल असर डाल सकता है, इसलिए सरकार को सदन में सभी विवरण तत्काल पेश करने चाहिए.

US टैरिफ डील पर संसद में सरकार देगी जानकारी- जेपी नड्डा

राज्यसभा में सांसद जेपी नड्डा ने कहा कि विपक्ष की हताशा और निराशा साफ दिख रही है. उन्होंने बताया कि अमेरिका के साथ हुए भारत‑अमेरिका व्यापार समझौते पर सरकार संसद में विस्तृत जानकारी देगी. नड्डा ने कहा कि विपक्ष बेवजह शोर मचा रहा है, जबकि सरकार पारदर्शिता के साथ सदन को सभी विवरण उपलब्ध कराएगी.

लोकसभा 2 बजे तक स्थगित

लोकसभा की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है. 

फिर शुरू हुई सदन की कार्यवाही

 

संसद में INDIA-US टैरिफ डील पर संसद में होगी चर्चा

सरकार की ओर से भारत-अमेरिका डील पर संसद में आ सकता है. 

NDA सांसदों की बैठक में बोले पीएम मोदी: 'अमेरिकी ट्रेड डील से बना सकारात्मक माहौल, धैर्य रखा तो परिणाम मिला'

NDA संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसदों को संबोधित करते हुए हाल ही में हुई भारत‑अमेरिका ट्रेड डील को बड़ा कूटनीतिक और आर्थिक कदम बताया. उन्होंने कहा कि इस समझौते से देश के लिए एक बेहद सकारात्मक माहौल बना है. पीएम ने कहा कि आलोचनाओं के बावजूद सरकार ने धैर्य रखा और धैर्य का ही परिणाम है कि आज यह ऐतिहासिक डील संभव हो पाई.

सांसद सदन में मौजूद रहें, चर्चा में हिस्सा लें- पीएम मोदी

बैठक में पीएम मोदी ने अनुशासन और संसद में सक्रिय उपस्थिति पर जोर देते हुए कहा कि सभी एनडीए सांसद हर दिन सदन में मौजूद रहें और चर्चा में पूरी भागीदारी करें. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ सरकार की जवाबदेही नहीं, बल्कि सांसदों की भी जिम्मेदारी है कि वे विधायी प्रक्रिया को मजबूत बनाएं.

बजट पर जनता के बीच जाएं

प्रधानमंत्री ने सांसदों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाएं और बजट की उपलब्धियों और लाभों को जनता तक पहुंचाएं. उन्होंने कहा कि यह समय है जब आम लोगों को बताया जाए कि बजट में किन उपायों से उनके जीवन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को फायदा होगा.

मैन्युफैक्चरिंग और क्वालिटी पर जोर

ट्रेड डील का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि अब भारत को वैश्विक स्तर पर अपनी निर्माण क्षमता मजबूत करनी होगी. उन्होंने कहा- 'मैन्युफैक्चरिंग बढ़े, और देश में क्वालिटी प्रोडक्ट बनें- यह समय की सबसे बड़ी मांग है. देश को अब ‘मेड इन इंडिया’ की गुणवत्ता दुनिया के सामने रखनी है.'

लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित

लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही सदन में हंगामा मच गया. US संग ट्रेड डील को लेकर लोकसभा में हंगामा देखने को मिला. इसके चलते स्पीकर ने कार्यवाही को 12 बजे तक स्थगित कर दिया है.

रिजिजू ने बताई बैठक की खास बातें, राहुल गांधी पर साधा निशाना

बैठक में प्रधानमंत्री ने एनडीए सांसदों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि सरकार और संगठन के सामूहिक प्रयासों का नतीजा है. उन्होंने सांसदों को संदेश दिया कि जमीन पर काम करना सबसे जरूरी है. जनता के बीच रहना ही असली ताकत है. 

रिजिजू ने बताई बैठक की खास बातें, राहुल गांधी पर साधा निशाना

संसदीय कार्य मंत्री किरन रिजिजू ने बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में बताया कि बैठक बहुत सकारात्मक रही और पीएम ने महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया. वहीं उन्होंने लोकसभा की सोमवार की कार्यवाही को लेकर राहुल गांधी पर सीधा हमला बोला.

रिजिजू ने कहा, 'कल राज्यसभा में अच्छी तरह से डिबेट‑डिस्कशन हुए. लोकसभा में भी शुरुआत बहुत अच्छी थी, लेकिन एक व्यक्ति (राहुल गांधी) की वजह से पूरे लोकसभा की चर्चा का सत्यानाश हो गया.'

उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी अच्छे कांग्रेस नेताओं को भी चुप करवा देते हैं और इससे संसद की कार्यवाही प्रभावित होती है.

NDA संसदीय दल की बैठक में पीएम मोदी ने टैरिफ डील पर की बात

एनडीए संसदीय दल की बैठक की अंदरूनी बातें सामने आई हैं. बैठक की शुरुआत में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सांसदों को भारत‑अमेरिका टैरिफ डील के बारे में विस्तार से जानकारी दी. इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस ऐतिहासिक समझौते के महत्व पर प्रकाश डाला.

PM मोदी को NDA सांसदों ने ऐतिहासिक US‑India टैरिफ डील पर बधाई दी

ऐतिहासिक भारत‑अमेरिका टैरिफ डील के ऐलान के बाद आज संसद परिसर में एनडीए सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सम्मान किया. केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने एनडीए की ओर से पीएम मोदी को बधाई देते हुए कहा कि यह समझौता भारत की आर्थिक शक्ति, कूटनीतिक क्षमता और वैश्विक प्रभाव का प्रमाण है. 

NDA संसदीय दल की बैठक में पहुंचे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एनडीए संसदीय दल की बैठक के लिए पहुंच गए हैं. इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह भी एनडीए संसदीय दल की बैठक के लिए पहुंचे. यहां NDA सांसद आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे.

कांग्रेस ने बुलाई सांसदों की बैठक

कांग्रेस लोकसभा सांसदों की बैठक सुबह 10:30 बजे कांग्रेस पार्लियामेंट्री पार्टी के कार्यालय में होगी.

Parliament LIVE: राहुल के भाषण पर सदन में हंगामा

संसद के बजट सत्र में आज भी हंगामे के आसार हैं. सोमवार को लोकसभा में राहुल गांधी ने चीन से जुड़े मुद्दे पर एक मैगजीन रिपोर्ट का जिक्र किया, जिसमें पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे की अप्रकाशित किताब के कथित कोट बताए गए थे. स्पीकर ने नियमों का हवाला देते हुए उन्हें ऐसा करने से रोक दिया, जिसके बाद सत्ता‑विपक्ष में तीखी नोकझोंक हुई. स्थिति बिगड़ने पर सदन की कार्यवाही पहले 4 बजे तक और फिर रात में मंगलवार सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई.

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com