विज्ञापन

दिल्ली में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों का फोटो भेजकर हर महीने 50000 कमाने का मौका, जानें कैसे काम करता है प्रहरी ऐप

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के प्रहरी ऐप से 10 लाख से भी अधिक लोग जु़ड़ चुके हैं. प्रहरियों पर कोई सिविल या आपराधिक देनदारी नहीं होती. केवल उल्लंघन को चुनौती दिए जाने के कुछ बड़े मामलों में ही गवाही के लिए बुलाया जा सकता है.

दिल्ली में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों का फोटो भेजकर हर महीने 50000 कमाने का मौका, जानें कैसे काम करता है प्रहरी ऐप
Delhi Traffic Police Prahari App
NDTV इंडिया ग्राफिक्स
  • दिल्ली पुलिस के ट्रैफिक प्रहरी ऐप से कमाई का मौका.
  • प्रहरी ऐप पर 10 लाख से अधिक लोग जुड़ चुके हैं.
  • पॉइंट्स के जरिए 50 से 10 हजार रुपये तक पुरस्कार.

दिल्ली पुलिस के ट्रैफिक प्रहरी ऐप के जरिए आम लोगों की सक्रिय भागीदारी ने राजधानी की यातायात व्यवस्था को लेकर एक नई पहल है. नियमों के उल्लंघन की फोटो और वीडियो अपलोड करने पर मिलने वाले पॉइंट्स और नकद पुरस्कारों के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना ने बड़ी संख्या में दिल्ली के लोगों को ‘ट्रैफिक प्रहरी' के रूप में जोड़ दिया है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, 31 अक्टूबर तक ऐप पर 10 लाख से अधिक लोग जुड़ चुके हैं. ऐप पर इस साल 31 अक्टूबर तक करीब ढाई लाख यातायात उल्लंघन रिपोर्ट किए गए.

दिसंबर 2015 में ट्रैफिक सेंटिनल के रूप में शुरू की गई यह सुविधा 1 सितंबर 2024 को ट्रैफिक प्रहरी के रूप में फिर से लॉन्च की गई.

जांच और चालान प्रक्रिया

प्रहरी को उल्लंघन की स्पष्ट फोटो या वीडियो के साथ नियम का प्रकार, तारीख, समय, सटीक स्थान और वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर अपलोड करना होता है. टोडापुर स्थित मुख्यालय के प्रवर्तन केंद्र में जांच के बाद सही पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 133 के तहत वाहन मालिक को नोटिस और चालान जारी किया जाता है. अधिकारियों के अनुसार, प्रहरियों पर कोई सिविल या आपराधिक देनदारी नहीं होती. केवल उल्लंघन को चुनौती दिए जाने के कुछ बड़े मामलों में ही गवाही के लिए बुलाया जा सकता है.

पॉइंट्स सिस्टम और नकद पुरस्कार

सही रिपोर्ट पर नागरिकों को उल्लंघन की गंभीरता के आधार पर पॉइंट्स मिलते हैं, जिन्हें जोड़कर नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र हासिल किए जा सकते हैं. गलत दिशा में वाहन चलाने पर 5 पॉइंट्स, रेड लाइट जंपिंग, खतरनाक/ज़िग-ज़ैग ड्राइविंग और वाहन चलाते समय मोबाइल के इस्तेमाल पर 3-3 पॉइंट्स, येलो लाइन उल्लंघन या फुटपाथ पर पार्किंग पर 2 पॉइंट्स, जबकि अन्य पांच निर्धारित उल्लंघनों पर 1-1 पॉइंट दिया जाता है.

हर महीने सर्वाधिक पॉइंट्स जमा करने वाले पहले चार प्रहरियों को 50000 रुपये, 25000 रुपये, 15000 रुपये और 10000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाता है.

आफताब अहमद को मिले 2 लाख रुपये पुरस्कार

कई नागरिक सड़क हादसों और लापरवाह ड्राइविंग से व्यथित होकर इस पहल से जुड़े हैं. रूप नगर के 26 वर्षीय आफताब अहमद ने बताया कि पश्चिमी विहार में एक सड़क हादसे में हेलमेट न होने के कारण अपनी एक परिचित को खोने के बाद उन्होंने नियम तोड़ने वालों की रिपोर्टिंग शुरू की और मार्च तक उन्हें 2 लाख रुपये से अधिक के पुरस्कार मिले. वहीं, भजनपुरा के 21 वर्षीय बी.टेक छात्र मोहम्मद फैजान ने बताया कि लगातार रिपोर्टिंग से भजनपुरा और यमुना विहार में नियमों के उल्लंघन में कमी आई है और उन्होंने 15,000 रुपये कमाए हैं.

हालांकि, कुछ प्रहरियों ने वीडियो या फोटो खींचते समय वाहन चालकों की ओर से धमकियों, विवाद और पहचान पत्र न होने से सामने आने वाली दिक्कतों का जिक्र भी किया है. इस पर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रहरियों की जानकारी गोपनीय रखी जाती है, पहचान पत्रों के गलत इस्तेमाल के कारण पहले की व्यवस्था बंद की गई थी.

यह भी पढ़ें | नोएडा में कल लोक अदालत लगेगी, ट्रैफिक चालान का सस्ते में निपटारा, जान लें पूरा प्रोसेस

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Traffic Prahari App, Traffic Prahari Reward System, Traffic Prahari Registration, Delhi Traffic Police, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com