ट्रैफिक पुलिस अगर रोक लेती है, तो अक्सर हम घबरा जाते हैं कि आखिर हमसे कोई गलती तो नहीं हो गई. लेकिन हर बार ट्रैफिक पुलिस का रोकने का मतलब यह नहीं है कि आपने कोई अपराध किया हो. कभी-कभी पुलिस सिर्फ नियमित जांच के लिए और यह सुनिश्चित करने के लिए गाड़ी रोकती है कि चालक सभी वाहन नियमों का पालन कर रहा है या नहीं. इसलिए जब भी ट्रैफिक पुलिस गाड़ी रोकती है, तो घबराएं नहीं बल्कि कुछ बातों का ध्यान रखें. यहां हम जानेंगे कि ट्रैफिक पुलिस जब गाड़ी रोके, तो हमें क्या-क्या करना चाहिए?
वर्दी में पुलिस न होने पर देखें ID कार्ड
जब भी कोई ट्रैफिक पुलिस आपको गाड़ी रोकने का इशारा करती है और वो वर्दी में नहीं है, तो आपको उनकी आईडी कार्ड को देखने का पूरा अधिकार है. बिना कार्ड दिखाए वह आपके ऊपर किसी भी तरह का जुर्माना नहीं लगा सकती है. इसलिए पुलिस की आईडी कार्ड देखने के बाद ही अपना पेपर उन्हें दिखाएं.
पुलिस का करें सपोर्ट
कई बार हम में से कई लोग ट्रैफिक पुलिस के इशारों को नजरअंदाज करके गाड़ी की स्पीड बढ़ा लेते हैं. ऐसा करना आपकी बड़ी गलती हो सकती है. इसलिए जब भी ट्रैफिक पुलिस आपको गाड़ी रोकने का इशारा करती है, तो बिना घबराए सबसे पहले गाड़ी रोक लें. इसके बाद आपको उनका पूरा सहयोग करना चाहिए.
अपनी कार सुरक्षित रूप से किनारे लगाएं
कभी भी गाड़ी को बीच में न रोकें. पुलिस के इशारे देने के बाद आप दूसरी लेन में तेजी से आ रही गाड़ियों को देखने के बाद ही अपनी गाड़ी को किनारे लगानी चाहिए. लेन बदलने और कार रोकने में जल्दबाजी करने की गलती बिल्कुल भी न करें, क्योंकि इससे हादसा होने की संभावना होती है.
ट्रैफिक पुलिस से बेवजह न उलझें
अगर आपने गाड़ी चलाते समय किसी तरह की गलती की है, तो ट्रैफिक पुलिस से विनम्रता से बात करें और उनसे अपनी गलती की मांफी मागें. कई बार छोटी-मोटी गलती होने पर पुलिसकर्मी आपको चेतावनी देकर छोड़ देते हैं और किसी तरह का चालान नहीं काटते हैं. वहीं, अगर आप उनसे बहस करने लगते हैं, तो आपकी गलती का चालान फौरन कट सकता है.
पुलिसकर्मी को रिश्वत देनें की न करें गलती
जब भी ट्रैफिक पुलिस आपकी गाड़ी रोके, तो उन्हें रिश्वत देने की कोशिश न करें. क्योंकि अगर आप ऐसा करते हैं, तो आपको गिरफ्तार किया जा सकता है. साथ ही अगर आपको कोई कानून तोड़ा है, तो जुर्माना देने के साथ-साथ भ्रष्टाचार में योगदान करने का भी आरोप लग सकता है.
गाड़ी की जांच के दौरान ट्रैफिक पुलिस मांग सकती है आपसे ये डॉक्यूमेंट्स
देश के मोटर कानूनों के अनुसार, सार्वजनिक सड़कों पर इस्तेमाल होने वाली हर गाड़ी में कुछ खास डॉक्यूमेंट्स होने चाहिए. अगर ट्रैफिक पुलिस आपकी गाड़ी को रोकती है, तो वे आपसे ये डॉक्यूमेंट्स दिखाने के लिए कह सकते हैं. अगर आपके पास इनमें से कोई भी डॉक्यूमेंट नहीं है, तो आप मुश्किल में पड़ सकते हैं. साथ में आपका ट्रैफिक चालान भी कट सकता है. आइए उन डॉक्यूमेंट्स पर एक नजर डालते हैं...
- रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC)
- पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल (PUC) सर्टिफिकेट
- थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस कवरेज वाली वैलिड कार इंश्योरेंस पॉलिसी का डॉक्यूमेंट
- ड्राइवर का ड्राइविंग लाइसेंस
ये भी पढ़ें - कांवड़ यात्रा 2026: 11 अगस्त तक दिल्ली में भूलकर भी न लें ये रास्ते! निकलने से पहले जरूर पढ़ें पुलिस की ये Traffic Advisory
इन डॉक्यूमेंट्स की ओरिजिनल कॉपी अपनी गाड़ी में जरूर रखें. आप इन डॉक्यूमेंट्स की सॉफ्ट कॉपी अपने फोन, ईमेल या सरकार द्वारा अधिकृत डिजिटल लॉकर में भी रख सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं