विज्ञापन

Catch Of The Tournament? विल जैक्स ने बाउंड्री लाइन के पास पकड़ा न भूलने वाला कैच, VIDEO देख दंग रह गए लोग

विल जैक्स ने द हंड्रेड टूर्नामेंट में एक शानदार कैच पकड़ते हुए सबको चौंका दिया है. यह बेहतरीन कैच उन्होंने सीमा रेखा के पास दो बार छलांग लगाते हुए पकड़ा.

Catch Of The Tournament? विल जैक्स ने बाउंड्री लाइन के पास पकड़ा न भूलने वाला कैच, VIDEO देख दंग रह गए लोग
विल जैक्स

द हंड्रेड टूर्नामेंट का रोमांच अपने चरम पर है. क्रिकेट प्रेमियों को यहां दिन प्रतिदिन एक से बढ़कर एक सांस रोक देने वाले मैच देखने को मिल रहे हैं. एक ऐसा ही मुकाबला बीते कल (छह अगस्त 2026) लंदन स्पिरिट और एमआई लंदन के बीच लॉर्ड्स में खेला गया. जहां एमआई लंदन की टीम छह गेंद शेष रहते चार विकेट से बाजी मारने में कामयाब रही. मैच के दौरान एमआई लंदन के ऑलराउंडर विल जैक्स (Will Jacks) ने सीमा रेखा के एक ऐसा अजीबोगरीब कैच पकड़ा. जिसे देख वहां उपस्थित हर किसी की आंखें फटी की फटी रह गईं. 

विल जैक्स ने पकड़ा कमाल का कैच 

विल जैक्स ने यह कमाल का कैच पारी की 49वीं गेंद पर पकड़ा. नाथन सॉटर गेंदबाजी कर रहे थे. वहीं बल्लेबाजी के लिए सामने लुहान-ड्रे प्रेटोरियस तैयार थे. सॉटर की गेंद पर प्रेटोरियस ने लॉग ऑफ के ऊपर से बड़ा शॉट लगाने का प्रयास किया. जिसमें वह काफी हद तक कामयाब भी रहे. मगर वहां तैनात विल जैक्स ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया. उन्होंने पहले उछलते हुए गेंद को लपककर सीमा रेखा के अंदर फेंका. फिर खुद सीमा रेखा के अंदर से मैदान में आते हुए छलांग लगाकर कैच पकड़कर सबको हैरान कर दिया.

52 रन बनाने में कामयाब रहे लुहान-ड्रे प्रेटोरियस

विल जैक्स के इस शानदार कैच के बाद लुहान-ड्रे प्रेटोरियस को पवेलियन का रूख करना पड़ा. आउट होने से पूर्व प्रेटोरियस ने पारी का आगाज करते हुए कुल 28 गेंदों का सामना किया. इस बीच वह 185.71 की स्ट्राइक रेट से 52 रन बनाने में कामयाब रहे. इस दौरान क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से पांच चौके और तीन बेहतरीन छक्के देखने को मिले. 

एमआई लंदन को मिली जीत 

बात करें मैच के परिणाम के बारे में तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लंदन स्पिरिट की टीम 100 गेंदों में पांच विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाने में कामयाब हुई थी. पारी का आगाज करते हुए लुहान-ड्रे प्रेटोरियस सर्वोच्च स्कोरर रहे. जिन्होंने 52 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली. उनके अलावा डेविड विली ने 18 गेंदों में 31 और जेम्स कोल्स ने 23 गेंदों में नाबाद 30 रनों का योगदान दिया. 

विपक्षी टीम की तरफ से जीत के लिए मिले 161 रनों के लक्ष्य को एमआई लंदन की टीम ने 94 गेंदों में छह विकेट के नुकसान पर आसानी से प्राप्त कर लिया. 25 गेंदों में निकोलस पूरन ने 39 रनों की सर्वाधिक पारी खेली. उनके अलावा कैप्टन सैम कुर्रन ने 23 गेंद में 33 और सिकंदर रजा ने 16 गेंदों में 32 रनों का योगदान दिया. 

यह भी पढ़ें- अंगूठे में गेंद लगते ही दर्द से कराह उठे शुभमन गिल, तुरंत मेडिकल स्टाफ ने किया उपचार, फिर क्या हुआ? जानें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
England, William George Jacks, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com