तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने राज्य में पहली बार पुरुष सरकारी कर्मचारियों को 15 दिनों की पैटरनिटी लीव देने की घोषणा की है. राज्य सरकार ने बताया कि उसे पुरुष कर्मचारियों की ओर से लगातार पैटरनिटी लीव शुरू करने के अनुरोध मिल रहे थे, जिसके बाद यह कदम उठाया गया है.
आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि मुख्यमंत्री ने पुरुष कर्मचारियों के लिए अवकाश की इस नई सुविधा को लागू करने का आदेश दिया है. कर्मचारी बच्चे के जन्म से 15 दिन पहले या उसके जन्म के छह महीने के भीतर इस अवकाश का लाभ उठा सकते हैं.
सरकार ने क्यों लिया फैसला
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अनुसार, बच्चे के जन्म के आसपास का समय मां और नवजात शिशु दोनों के लिए बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण होता है. प्रसव के बाद इस नाजुक दौर में मां को शारीरिक और भावनात्मक सहारा देने के लिए पिता का मौजूद रहना जरूरी माना गया है. नवजात बच्चे की शुरुआती देखभाल में पिता की सक्रिय भागीदारी और सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह अवकाश तय किया गया है. पुरुष सरकारी कर्मचारियों की ओर से लंबे समय से पैटरनिटी लीव लागू करने की मांग की जा रही थी.
मैटरनिटी लीव की मौजूदा व्यवस्था
गौरतलब है कि तमिलनाडु में वर्तमान में महिला सरकारी कर्मचारियों को 365 दिनों की मैटरनिटी लीव की सुविधा उपलब्ध है. अब पुरुष कर्मचारियों को 15 दिन की पैटरनिटी लीव मिलने से परिवार को बच्चे के जन्म के शुरुआती दिनों में अधिक व्यावहारिक मदद मिल सकेगी. राज्य सरकार की इस घोषणा को कर्मचारी कल्याण की दिशा में एक अहम कदम के रूप में देखा जा रहा है.
यह भी पढ़ें | किसानों को ट्रैक्टर खरीद पर 3 लाख रुपये की सब्सिडी मिलेगी, हरियाणा सरकार का फैसला, 15 दिसंबर तक करें आवेदन
यह भी पढ़ें | न्यू कानपुर सिटी योजना की लॉन्चिंग की तैयारी, 30 साल का इंतजार होगा खत्म, यूपी रेरा से मिल चुकी है मंजूरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं