विज्ञापन

तमिलनाडु विधानसभा में जब शुरू हो गई 'दामादों की लड़ाई'; परंदूर एयरपोर्ट को लेकर हुई तीखी बहस

तमिलनाडु विधानसभा में परंदूर एयरपोर्ट परियोजना पर शुरू हुई बहस अचानक 'दामाद राजनीति' में बदल गई. सत्ता पक्ष ने 'G Square मापिल्लै' का जिक्र कर DMK पर निशाना साधा तो विपक्ष ने 'Lottery मापिल्लै' कहकर पलटवार किया.

तमिलनाडु विधानसभा में जब शुरू हो गई 'दामादों की लड़ाई'; परंदूर एयरपोर्ट को लेकर हुई तीखी बहस
तमिलनाडु विधानसभा में 'दामाद राजनीति'
NDTV
चेन्नई:

तमिलनाडु विधानसभा में प्रस्तावित परंदूर हवाईअड्डा परियोजना को रद्द करने के मुद्दे पर हुई बहस ने अचानक राजनीतिक रंग ले लिया. एयरपोर्ट परियोजना पर चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच "दामाद" को लेकर तीखी नोकझोंक देखने को मिली, जिससे बहस का केंद्र विकास परियोजना से हटकर राजनीतिक परिवारों और कारोबारी संबंधों पर आ गया. मुख्यमंत्री विजय की अगुआई वाली TVK सरकार ने किसानों के लंबे विरोध के बाद परियोजना रद्द करने का फैसला लिया है, जबकि DMK इसे राज्य के विकास और निवेश के लिहाज से नुकसानदायक बता रही है.

कानून मंत्री ने DMK पर साधा निशाना

परंदूर एयरपोर्ट परियोजना को रद्द करने के सरकार के फैसले का बचाव करते हुए कानून मंत्री निर्मल कुमार ने आरोप लगाया कि पिछली DMK सरकार इस परियोजना को ऐसे तरीके से आगे बढ़ा रही थी जिससे प्रस्तावित एयरपोर्ट क्षेत्र के आसपास कथित तौर पर "काला धन" निवेश करने वालों को फायदा पहुंचता. उन्होंने अपने भाषण में "जी स्क्वायर मापिल्लै (दामाद)" शब्द का इस्तेमाल किया. इसे DMK अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के दामाद सबरिसन की ओर इशारा माना गया, जिन्हें DMK का प्रमुख रणनीतिकार भी माना जाता है. इस टिप्पणी के बाद DMK विधायकों ने विरोध जताया.

DMK ने किया पलटवार

पूर्व वित्त मंत्री थंगम थेन्नारासु ने सरकार पर पलटवार करते हुए कहा कि यदि सरकार नया एयरपोर्ट स्थान खोजने की बात कर रही है तो वह भी पूछ सकते हैं कि क्या यह कदम "लॉटरी मापिल्लै (दामाद)" के हित में उठाया जा रहा है. इसे लोक निर्माण मंत्री आधव अर्जुना की ओर संकेत माना गया. उनकी पत्नी डेजी, प्रसिद्ध लॉटरी कारोबारी सैंटियागो मार्टिन की बेटी हैं. इस तरह विधानसभा में एयरपोर्ट परियोजना पर चर्चा "जी स्क्वायर मापिल्लै" बनाम "लॉटरी मापिल्लै" की राजनीतिक बहस में बदल गई.

विधानसभा से बाहर भी जारी रहा विवाद

यह विवाद विधानसभा से बाहर भी पहुंच गया. AIADMK विधायक लीमा रोज, जो डेजी की मां और मंत्री आधव अर्जुना की सास हैं, ने विधायकों से अपील की कि उनके पति को राजनीतिक विवाद में न घसीटा जाए क्योंकि उनका राजनीति से कोई संबंध नहीं है. उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके दामाद आधव अर्जुना अब लॉटरी कारोबार से जुड़े नहीं हैं.

किसानों के समर्थन में परियोजना रद्द

यह राजनीतिक बहस उस समय हो रही है जब मुख्यमंत्री विजय की अगुआई वाली TVK सरकार ने परंदूर एयरपोर्ट परियोजना को रद्द करने का फैसला लिया है. कई वर्षों से किसान इस परियोजना का विरोध कर रहे थे. उनका कहना था कि एयरपोर्ट बनने से बड़ी संख्या में परिवारों का विस्थापन होगा और उपजाऊ कृषि भूमि तथा जल स्रोतों को नुकसान पहुंचेगा. परंदूर उन शुरुआती स्थानों में शामिल था जहां विजय ने अपनी पार्टी शुरू करने के बाद दौरा किया था. उस दौरान उन्होंने आंदोलनरत किसानों से वादा किया था कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो वह इस परियोजना को लागू नहीं होने देंगे. अब मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने अपना यह वादा पूरा कर दिया है.

सरकार की नई योजना

परंदूर परियोजना को आगे बढ़ाने के बजाय सरकार ने चेन्नई एयरपोर्ट की यात्री क्षमता बढ़ाने के लिए पांचवां टर्मिनल बनाने की योजना की घोषणा की है. सरकार का कहना है कि नया एयरपोर्ट ऐसी जगह बनाया जाएगा जहां बड़े पैमाने पर विस्थापन न हो और जल निकायों को नुकसान न पहुंचे. हालांकि विपक्ष का कहना है कि ऐसी उपयुक्त जगह ढूंढना आसान नहीं होगा.

DMK ने फैसले पर उठाए सवाल

DMK ने सरकार के फैसले की आलोचना करते हुए कहा कि पहले से लंबित परियोजना को रद्द करने से तमिलनाडु के विकास और निवेश की संभावनाओं को नुकसान पहुंच सकता है. पार्टी का तर्क है कि यदि बड़े बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को इस तरह रद्द किया गया तो नए निवेशक पड़ोसी राज्यों का रुख कर सकते हैं.

उद्योग मंत्री ने किया बचाव

उद्योग मंत्री एस. कीर्तना ने कहा कि एयरपोर्ट के लिए अधिग्रहित भूमि का उपयोग वैकल्पिक औद्योगिक परियोजनाओं के लिए किया जा सकता है. उन्होंने कहा, "हम अधिग्रहित भूमि का उपयोग लोगों को प्रभावित किए बिना वैकल्पिक औद्योगिक उद्देश्यों के लिए करेंगे. इससे औद्योगिक और आर्थिक विकास के साथ रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे."

पर्यावरणीय कारण भी बताए

कीर्तना ने फैसले का बचाव करते हुए पर्यावरण संबंधी चिंताओं का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा, "यह बहुत उपजाऊ कृषि भूमि है, जहां बारिश न होने पर भी खेती होती है. यहां दो नहरें भी हैं. ये जल निकाय अपने आप चेम्बरमबक्कम झील और अड्यार नदी की ओर पानी के प्रवाह और निकासी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. यदि इन्हें नष्ट किया गया तो चेन्नई शहर में बाढ़ आने की कई संभावनाएं पैदा हो सकती हैं."

विकास Vs पर्यावरण की बहस

परंदूर एयरपोर्ट पर बहस अब सिर्फ यह सवाल नहीं रह गई है कि चेन्नई का अगला हवाईअड्डा कहां बनेगा. यह बहस एक तरफ सरकार के विकास और पर्यावरण संरक्षण के तर्क तथा दूसरी तरफ विपक्ष की बुनियादी ढांचा और निवेश संबंधी चिंताओं के बीच टकराव में बदल गई है. वहीं "जी स्क्वायर मापिल्लै" और "लॉटरी मापिल्लै" की टिप्पणियों ने इस पूरे विवाद को एक नया राजनीतिक आयाम दे दिया है.

यह भी पढ़ें : तमिलनाडु विधानसभा में TVK विधायक ने गाया गाना, सरकारी गाड़ी के ऐलान पर सीएम व‍िजय को कहा- Thank you

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Parandur Airport Project, Tamil Nadu Assembly, Vijay Government, MK Stalin, Dmk Vs Tvk
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com