विज्ञापन

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी क्यों नहीं जला दीप? डीएम ने मांगी माफी, सरकार ने मंदिर ट्रस्ट पर फोड़ा ठीकरा

मदुरै की थिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम न जलने को लेकर तमिलनाडु सरकार ने मंदिर ट्रस्ट को जिम्मेदार ठहराया है. कलेक्टर ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा देकर बताया कि मंदिर बोर्ड की जिद के कारण कोर्ट का आदेश नहीं माना जा सका.

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी क्यों नहीं जला दीप? डीएम ने मांगी माफी, सरकार ने मंदिर ट्रस्ट पर फोड़ा ठीकरा
सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को दीपत्थून पर पारंपरिक दीया जलाने की अनुमति दी थी
PTI

तमिलनाडु की सियासत में मदुरै की थिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने का विवाद अब एक बड़े बवाल में बदल चुका है. सुप्रीम कोर्ट के साफ आदेश के बावजूद 24 नवंबर को पहाड़ी के पत्थर वाले स्तंभ पर दीया नहीं जलाया जा सका. इस पर मदुरै के कलेक्टर निशांत कृष्णा ने सुप्रीम कोर्ट में बिना शर्त माफी तो मांग ली है, लेकिन सारा ठीकरा मंदिर के ट्रस्टियों पर फोड़ दिया है. कलेक्टर का कहना है कि मंदिर ट्रस्ट ने वहां दीया जलाने से साफ मना कर दिया और पुलिस या प्रशासन के पास मंदिर के फैसलों में जबरन दखल देने का कोई कानूनी अधिकार नहीं था. कुल मिलाकर मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की सरकार के लिए यह मामला अब सिरदर्द बन गया है क्योंकि बीजेपी ने इसे सीधे हिंदू परंपराओं पर हमला बताते हुए सरकार को आड़े हाथों लिया है.

सुप्रीम कोर्ट का आदेश और कलेक्टर का लाचार हाथ

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने इस पहाड़ी पर स्थित एक दरगाह के ठीक बगल वाले पत्थर के स्तंभ पर 24 नवंबर की शाम को आधे घंटे के लिए दीया जलाने की विशेष अनुमति दी थी. कोर्ट ने कलेक्टर को सुरक्षा व्यवस्था देखने को कहा था, लेकिन दीया जलाने का अधिकार सिर्फ मंदिर प्रशासन के लोगों को ही दिया था. कलेक्टर ने कोर्ट को बताया कि उन्होंने 5000 से ज्यादा पुलिसकर्मी और मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए थे, लेकिन मंदिर ट्रस्ट ने अपनी टीम भेजने से ही मना कर दिया. कलेक्टर ने लाचारी जताते हुए कहा कि जब मंदिर ट्रस्ट ने ही हाथ पीछे खींच लिए, तो प्रशासन अपने दम पर किसी और से वहां दीया नहीं जलवा सकता था.

'आगम नियमों' की दुहाई देकर अड़ा रहा मंदिर ट्रस्ट

तमाम कोशिशों के बावजूद शाम 6 बजे से 6.30 बजे के तय समय के दौरान कोई भी टीम पहाड़ी की चोटी पर नहीं पहुंची. इसके बजाय मंदिर के पुजारियों ने शाम 6 बजे पहाड़ी की चोटी वाले स्तंभ को छोड़कर उचिपिल्लईयार मंदिर के मंडपम में ही महादीपम जला दिया. बाद में रात 8.30 बजे मंदिर की कार्यकारी अधिकारी ने एक रिपोर्ट सौंपी जिसमें बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज द्वारा सर्वसम्मति से पास किया गया प्रस्ताव शामिल था. इस प्रस्ताव में कहा गया कि अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर प्राचीन आगम नियमों का पालन करता है और अनादि काल से चली आ रही परंपरा के अनुसार कार्तिगई महादीपम पहाड़ी पर उचिपिल्लईयार मंदिर के पास दीप मंडपम में ही जलाया जाता है, जो मूलवर के सिर के ठीक ऊपर है.प्रस्ताव में जोर देकर कहा गया कि ऐसी सदियों पुरानी प्रथाएं, रीति-रिवाज, अनुष्ठान और आगम नियम ही मंदिर की अनूठी धार्मिक पहचान हैं.

सुबह से शाम तक चलता रहा ड्रामा

24 नवंबर के दिन सुबह से ही प्रशासन और मंदिर के बीच खींचतान चलती रही. सुबह 6 बजे जब मंदिर की टीम पहाड़ी पर नहीं चढ़ी, तो कलेक्टर ने ईमेल भेजकर जवाब मांगा. दोपहर में मद्रास हाईकोर्ट ने भी मामले की सुनवाई करते हुए सभी पक्षों को सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करने की हिदायत दी. शाम 5 बजे कलेक्टर ने फिर से मंदिर को तुरंत टीम भेजने के लिए लिखा, लेकिन मंदिर के ट्रस्टी अपनी जिद पर अड़े रहे. नतीजा यह हुआ कि भारी सुरक्षा व्यवस्था और कोर्ट के आदेश के बावजूद वह दीप नहीं जल सका, जिसने अब तमिलनाडु की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा कर दिया है.
ये भी पढ़ें: अलग हुए तो 32 सीटें, साथ आए तो 58 ! बीजेपी और अकाली दल गठबंधन के पीछे की इनसाइड स्टोरी ये है

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Tamil Nadu News, Joseph Vijay News, Supreme Court, Tamil Nadu Government
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com