- रेलवे ने अहमदाबाद के साबरमती से वाराणसी के बीच नई सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन सेवा शुरू की है.
- नई ट्रेन गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों को जोड़कर क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी.
- ट्रेन संख्या 09405 सुबह 10 बजे साबरमती से रवाना होकर अगले दिन सुबह 11 बजकर 25 मिनट पर वाराणसी पहुंचेगी.
दिवाली और छठ पर्व से पहले गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के रेल यात्रियों को बड़ी सौगात मिली है. दरअसल, पश्चिम रेलवे ने अहमदाबाद के साबरमती से वाराणसी के बीच नई सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन की शुरुआत की है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस नए कनेक्शन से रेल यात्रियों के सफर को अधिक सुविधाजनक और बजट फ्रेंडली बनने की बात कही है. गुजरात के साबरमती से रवाना होकर जयपुर, अजमेर, भरतपुर, आगरा और गोविंदपुरी के रास्ते वाराणसी जाने वाली इस ट्रेन के समय, स्टॉपेज और बुकिंग से जुड़ी पूरी जानकारी पढ़ें.
त्योहारी सीजन और लंबी दूरी के रेल यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए भारतीय रेलवे ने अहमदाबाद के साबरमती से वाराणसी के बीच नई रेल सेवा का तोहफा दिया है. पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल की ओर से ट्रेन संख्या 09405 साबरमती-वाराणसी सुपरफास्ट स्पेशल का उद्घाटन के बाद शुभारंभ कर दिया गया है. इस ट्रेन की शुरुआत पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल साइट एक्स पर लिखा कि साबरमती-वाराणसी एक्सप्रेस और बेचराजी रेल सेवा शुरू होने से ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को बड़ा फायदा मिलेगा. यह नई रेल सेवा गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों को आपस में जोड़ते हुए क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और व्यापारिक सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करेगी.
#ADIUpdates ट्रेन संख्या 09405 साबरमती–वाराणसी सुपरफास्ट उद्घाटन स्पेशल ट्रेन संख्या 09405 की बुकिंग सभी पीआरएस काउंटरों तथा आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू है। #TrainUpdates #WesternRailways https://t.co/pK2lz2D0X7
— DRM Ahmedabad (@drmadiwr) October 29, 2026
साबरमती-वाराणसी स्पेशल का टाइमटेबल
- साबरमती से प्रस्थान: ट्रेन संख्या 09405 साबरमती जंक्शन से सुबह 10:30 बजे रवाना होगी.
- वाराणसी आगमन: यह ट्रेन अपनी यात्रा तय करते हुए अगले दिन सुबह 11:40 बजे वाराणसी जंक्शन पहुंचेगी.
राजस्थान और यूपी के प्रमुख स्टॉपेज
- गुजरात व राजस्थान के स्टेशन: मेहसाणा, पालनपुर, आबू रोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, मंडावर महवा रोड, खेड़ली, नदबई और भरतपुर.
- उत्तर प्रदेश के स्टेशन: ईदगाह आगरा जंक्शन, टूंडला जंक्शन, गोविंदपुरी (कानपुर), सूबेदारगंज (प्रयागराज) और मिर्जापुर होते हुए वाराणसी तक.
कोच संरचना
यात्रियों की हर श्रेणी का ध्यान रखते हुए इस स्पेशल ट्रेन में सभी प्रकार के डिब्बे शामिल किए गए हैं. इनमें एसी प्रथम श्रेणी (1st AC), एसी सेकेंड (2nd AC), एसी थर्ड (3rd AC), स्लीपर (Sleeper Class) और सामान्य अनारक्षित (General Class) सभी तरह के कोच लगाए गए हैं.
टिकट बुकिंग
बाकी ट्रेन की तरह ही ट्रेन संख्या 09405 के लिए टिकटों की बुकिंग रेलवे के सभी पीआरएस (PRS) काउंटरों और आईआरसीटीसी (IRCTC) की आधिकारिक वेबसाइट व ऐप पर शुरू हो चुकी है. इस पर यात्रा करने वाले यात्री इनमें से किसी भी प्लेटफॉर्म से टिकट हासिल कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें- शताब्दी-राजधानी जैसी ट्रेनों का भी रेलवे पास बनेगा, सस्ते में होगा सफर, जानें किन लोगों को मिलेगा फायदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं