VIRAL STORY: चाय का कप हाथ में लेकर खुलकर ठहाके लगाने वाले इस लड़के को आपने फेसबुक, इंस्टाग्राम या यूट्यूब पर कभी न कभी जरूर देखा होगा. आज सोशल मीडिया पर जब भी कोई मजेदार वीडियो या मीम बनता है, तो आखिरी में इसकी हंसी का एक छोटा सा टुकड़ा जोड़ दिया जाता है. बस, समझो हंसी का तड़का पूरा हो गया. लेकिन इस हंसते हुए चेहरे के पीछे की असली कहानी आपकी आंखें नम कर देगी. यह कहानी है तेलंगाना के रहने वाले अरुण कुमार की, जिन्हें आज पूरी दुनिया 'लाफिंग बॉय' के नाम से जानती है. अरुण का बचपन भारी तंगहाली में बीता. हालात इतने खराब थे कि चौथी क्लास के बाद स्कूल का मुंह तक देखना नसीब नहीं हुआ. जिस उम्र में बच्चे बस्ता टांगकर स्कूल जाते हैं, उस उम्र में अरुण अपने परिवार का पेट पालने के लिए मजदूरी के दलदल में उतर चुके थे.
मजदूरी से हाइवे की चाय तक
इसी जद्दोजहद के बीच अरुण की मुलाकात नेहरू नाम के एक ट्रक ड्राइवर से हुई. नेहरू ने अरुण को अपने साथ ट्रक पर क्लीनर की नौकरी दे दी. दोनों साथ में सफर करते, खूब बातें करते और खाली वक्त में मस्ती-मस्ती में इंस्टाग्राम रील्स बना लिया करते थे.
फिर एक दिन किस्मत ने ऐसी पलटी मारी जिसकी उम्मीद किसी को नहीं थी. नेशनल हाइवे के किनारे चाय की एक थड़ी पर बैठे-बैठे अरुण किसी बात पर खिलखिलाकर हंस पड़े. नेहरू ने उस बेफिक्र हंसी को मोबाइल के कैमरे में कैद किया और इंटरनेट पर अपलोड कर दिया.
रातों-रात बदली किस्मत
वह एक जादुई पल था. अरुण की वह कुदरती और प्यारी सी हंसी लोगों के दिलों को छू गई. देखते ही देखते वह वीडियो आग की तरह फैल गया और अरुण इंटरनेट के सबसे बड़े 'मीम स्टार' बन गए. लेकिन असली जीत सिर्फ मशहूर होना नहीं था. सोशल मीडिया से जब जिंदगी थोड़ी पटरी पर आई, तो अरुण ने सबसे पहला काम अपनी अधूरी पढ़ाई को पूरा करने का किया. जिस बच्चे की पढ़ाई गरीबी ने छीन ली थी, उसने दोबारा किताबें संभालीं और इसी साल मार्च में पूरी लगन के साथ दसवीं की परीक्षा पास कर ली.
संघर्ष से कामयाबी का सफर
आज अरुण और नेहरू की जोड़ी कमाल कर रही है. दोनों मिलकर शानदार कंटेंट बनाते हैं, बड़े-बड़े ब्रांड्स के साथ काम करते हैं और सम्मानजनक कमाई कर रहे हैं. कभी ट्रक की साफ-सफाई करने वाले हाथों में आज अपनी किस्मत की नई इबारत लिखने की ताकत है.
सोशल मीडिया पर भी अरुण की इस कामयाबी को लेकर लोग दिल खोलकर अपनी बात रख रहे हैं. कोई इसे किस्मत का सबसे खूबसूरत खेल मान रहा है, तो कोई इसे सोशल मीडिया की असली ताकत बता रहा है. लड़के की कहानी सामने आने के बाद लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं. @SirAbdullahSidd और @janhviiangel का मानना है कि किस्मत का कोई भरोसा नहीं है, यह कभी भी बदल सकती है और किसी को भी कामयाब बना सकती है. वहीं,@mahsharfatima86 बताती हैं कि कैसे एक ट्रक वाले के बनाए वीडियो और इसकी प्यारी सी हंसी ने इसे दुनिया भर में वायरल कर दिया. आज इसकी माली हालत भी सुधर चुकी है.
यह भी पढ़ें | चलने में ससुर को हो रही थी मुश्किल, बहू ने कंधे पर बैठाकर कराई यात्रा, लोग बोले- कलयुग की श्रवण कुमार
यह भी पढ़ें | ट्रेन के थर्ड एसी में जयपुर जाने के लिए चढ़ी कोरियन व्लॉगर, बोली- भारतीयों ने मेरा सारा डर भगा दिया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं