- रेलवे ने बल्क और ग्रुप टिकट बुकिंग पर सीट की सीमा खत्म कर दी.
- शादी-बारात और छात्र दलों को सीट की पूरी सुविधा मिलेगी.
- कालाबाजारी या बर्थ रोकने की कोशिश को सख्ती से रोका जाएगा.
Indian Railways Group Ticket Booking: शादी-बारात, तीर्थयात्रा, स्कूल-कॉलेज के शैक्षणिक टूर, खेल प्रतियोगिताओं या सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए यात्रा करने वाले लोग बड़ी संख्या में रेल टिकट बुक कराते हैं. इसमें कई बार उन्हें सीट नहीं मिलने की परेशानी भी उठानी पड़ती थी. लेकिन अब रेलवे ने नियमों को बेहद आसान बना दिया है. दक्षिण पश्चिम रेलवे (SWR) ने सामूहिक यानी बल्क और ग्रुप टिकट बुकिंग के पुराने नियमों में बड़ा बदलाव करते हुए एक साथ बुक की जाने वाली बर्थ की अधिकतम सीमा को पूरी तरह खत्म कर दिया है. इस फैसले से समूह में यात्रा करने वाले आम यात्रियों को अब टिकट कन्फर्म कराने और एक ही ट्रेन में सफर की योजना बनाने में बड़ी सहूलियत मिलेगी.
नया कमर्शियल सर्कुलर जारी
दक्षिण पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) डॉ. मंजूनाथ कनमडी के अनुसार, विभाग ने इस संबंध में नया कमर्शियल सर्कुलर जारी कर पहले के सभी दिशा-निर्देशों को बदल दिया है. नए नियमों के तहत प्रमुख आरक्षण केंद्रों पर सामूहिक टिकट बुकिंग के आवेदन सुबह 9 बजे से स्वीकार किए जाएंगे. यह समय सामान्य यात्रियों के लिए अग्रिम आरक्षण अवधि (ARP) खुलने के ठीक एक घंटे बाद निर्धारित किया गया है.
सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि अब चीफ रिजर्वेशन सुपरवाइजर (CRS) और स्टेशन मैनेजर (SM) बिना किसी तय बर्थ सीमा के ग्रुप बुकिंग को सीधे मंजूरी दे सकेंगे. यह सुविधा सभी श्रेणियों के कोचों में उपलब्ध होगी, चाहे टिकट कन्फर्म हो, आरएसी (RAC) हो या फिर वेटिंग लिस्ट में जारी हो.
ट्रैवल एजेंट के सभी आवेदन स्वीकार नहीं होंगे
रेलवे प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस व्यवस्था का लाभ केवल वास्तविक जरूरतमंद समूहों को ही मिलेगा और किसी भी तरह की कालाबाजारी या बर्थ रोकने की कोशिश को सख्ती से रोका जाएगा. ग्रुप बुकिंग के लिए आवेदकों को अपना अनुरोध सीधे अधिकृत रेलवे अधिकारी के पास जमा करना होगा.
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने वापसी यात्रा की ग्रुप बुकिंग भी उसी आरक्षण कार्यालय से कराने की अनुमति दी है, हालांकि इसे एक अलग बुकिंग माना जाएगा और इसके लिए अलग से औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी. पारदर्शिता बनाए रखने के लिए संबंधित स्टेशन मैनेजर या आरक्षण पर्यवेक्षक सभी स्वीकृत ग्रुप बुकिंग का एक अलग रजिस्टर रखेंगे और आवेदन फॉर्म के साथ-साथ यात्रियों की सूची के प्रत्येक पन्ने पर अपनी मुहर और हस्ताक्षर करेंगे. फिलहाल यह संशोधित व्यवस्था दक्षिण पश्चिम रेलवे जोन में लागू की गई है, जिससे इस क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें | रेलवे स्टेशनों पर ठहरने के लिए 99 रुपये में मिलेंगे एसी स्लीपर पॉड्स, Wi-Fi से लेकर चार्जिंग तक होगी सुविधा
यह भी पढ़ें | वंदे भारत के ऑटोमैटिक दरवाजे बंद होने पर ट्रेन से उतर नहीं पाए तो घबराएं नहीं, जानें जुर्माने से बचने का तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं