Rent Mango Tree: भारत में ज्यादातर लोगों के लिए गर्मी का मौसम और आम एक‑दूसरे से अलग नहीं किए जा सकते. आम अधिकतर लोगों को पसंद है यही कारण है कि आम को फलों का राजा तक कहा जाता है. रसदार हाफ़ुस से लेकर मीठे बंगनपल्ली तक लोग पूरे साल आम के मौसम का इंतजार करते हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आपका खुद का एक आम का पेड़ हो, वो भी बिना जमीन खरीदे, खेती किए या बाग में जाए बिना? ऐसा बिल्कुल सच हो सकता है और आपको इस गर्मी के मौसम में आम बाहर से खरीदने के जरूरत भी नहीं पड़ेगी, आप अपने पेड़ के ताजा आम खा सकते हैं.
यह भी पढ़ें:- पुराने कपड़ों के मिलेंगे हजारों रुपये, बर्तन वाले को देने की नहीं जरूरत, भारत में शुरू हुए 3 पोर्टल
दरअसल, कोच्चि की एक स्टार्टअप ने यह सपना सच कर दिया है. Rent A Tree नाम की यह कंपनी लोगों को एक पूरे सीजन के लिए एक आम का पेड़ किराए पर लेने की सुविधा देती है यानी बाजार से आम खरीदने की बजाय, अब आप ऑनलाइन अपना पेड़ किराए पर ले सकते हैं और उसी पेड़ से तोड़े गए ताजा आम आपके घर पहुंचाए जाएंगे.
किराए पर आम का पेड़
पहली बार सुनने में यह विचार अजीब लग सकता है, लेकिन लोग इसे पसंद कर रहे हैं. वजह साफ है, इससे आपको पूरी तरह प्राकृतिक तरीके से पके हुए आम मिलते हैं, किसानों को सीधा फायदा होता है और बीच के बिचौलियों की चिंता नहीं रहती. भारत में जहां लोग असली और बिना मिलावट वाले आम ढूंढने में परेशान रहते हैं, यह आइडिया उनके दिल को छू रहा है. इस कॉन्सेप्ट को समझना बहुत आसान है. दरअसल, ग्राहक कंपनी की वेबसाइट पर जाते हैं. सूची में दिए गए बागों में से अपनी पसंद का आम का पेड़ चुनते हैं और उसे पूरा सीजन के लिए किराए पर ले लेते हैं.
एक आम के पेड़ का कितना किराया है?एक पेड़ का किराया लगभग 10,300 रुपये से शुरू होता है. बदले में आपको उस पेड़ पर उगने वाले पूरे सीजन के आम मिलते हैं, जो करीब 90 किलो तक हो सकते हैं. ये बाग महाराष्ट्र, तमिलनाडु और केरल में हैं, जो आम उत्पादन के लिए प्रसिद्ध राज्य हैं.
पेड़ की देखभाल कौन करता है?पेड़ चुन लेने के बाद सारी देखभाल किसान करते हैं. पेड़ को पानी देना, खाद देना, सुरक्षा और फल तोड़ना. जैसे ही आम पकते हैं, उन्हें पैक करके सीधे आपके घर भेज दिया जाता है यानी बिना खेती किए, बिना बाग में जाए आपको अपने खुद के पेड़ के आम मिलते हैं.
खेत से सीधे घर तकशहरों में रहने वाले लोग अब यह जानना चाहते हैं कि उनका खाना कहां से आता है. कोविड के बाद यह सोच और बढ़ गई. इसलिए “फार्म‑टू‑टेबल” का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है. पेड़ किराए पर लेने से यह अनुभव और भी खास हो जाता है. आपको पता होता है कि आम किस बाग में उगा, कभी-कभी किस खास पेड़ से तोड़ा गया. कई परिवार तो इस पेड़ को अपना निजी पेड़ मानकर उसका अपडेट भी फॉलो करते रहते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं