- छत्तीसगढ़ से अयोध्या के लिए स्पेशल ट्रेन चलायी जाएगी.
- बिलासपुर से अयोध्या के लिए 30 नवंबर को रवाना होगी ट्रेन.
- यह ट्रेन छत्तीसगढ़-एमपी-यूपी में 10 स्टेशनों पर रूकेगी.
छत्तीसगढ़ सरकार की श्री रामलला दर्शन यात्रा के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन नंबर 08853/08854 बिलासपुर-अयोध्या छावनी-बिलासपुर के संचालन को मंजूरी दे दी है. कुल 15 एलएचबी कोचों वाली यह स्पेशल ट्रेन 30 नवंबर को बिलासपुर से रवाना होकर वाराणसी होते हुए 2 दिसंबर को अयोध्या छावनी पहुंचेगी. इस ट्रेन में 12 एलडब्ल्यूएससीएन कोच, 1 फ्लेमलेस एसी कोच और 2 एलडब्ल्यूएलआरआरएम कोच लगाए जाएंगे.
ट्रेन नंबर 08853 बिलासपुर-अयोध्या शेड्यूल
ट्रेन नंबर 08853 बिलासपुर-अयोध्या 30 नवंबर को बिलासपुर से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी. इसके बाद शहडोल (16:00 आगमन / 16:05 प्रस्थान), न्यू कटनी जंक्शन (18:30 थ्रू), कटनी जंक्शन (19:10 आगमन / 19:15 प्रस्थान) और सतना जंक्शन (21:30 आगमन / 21:35 प्रस्थान) से होकर गुजरेगी.
इसके बाद 1 दिसंबर को मानिकपुर जंक्शन (00:20 थ्रू), प्रयागराज छिवकी (02:30 आगमन / 02:35 प्रस्थान) और वाराणसी जंक्शन (06:30 थ्रू) होते हुए सुबह 06:45 बजे बनारस पहुंचेगी, जहां यात्री दर्शन के लिए उतरेंगे. जबकि 2 दिसंबर: ट्रेन सुबह 09:00 बजे बनारस से रवाना होगी और प्रतापगढ़-सुल्तानपुर मार्ग से होते हुए दोपहर 15:30 बजे (3:30 बजे) अयोध्या छावनी पहुंचकर यात्रा समाप्त करेगी.
बनारस और अयोध्या छावनी को इस यात्रा में पार्टी हॉल्ट स्टेशन रखा गया है, जहां यात्री ट्रेन से उतरेंगे और उसके बाद खाली रेक को निर्धारित स्थान पर खड़ा किया जाएगा.
ट्रेन नंबर 08854 अयोध्या-बिलासपुर शेड्यूल
वापसी यात्रा के दौरान 2 दिसंबर को अयोध्या छावनी से रात 22:30 बजे (10:30 बजे) सुल्तानपुर-प्रतापगढ़ मार्ग से होकर रवाना होगी. इसके बाद 3 दिसंबर को वाराणसी जंक्शन (03:30 आगमन / 03:40 प्रस्थान), प्रयागराज छिवकी (08:00 आगमन / 08:05 प्रस्थान), मानिकपुर जंक्शन (10:40 थ्रू), सतना जंक्शन (12:25 आगमन / 12:30 प्रस्थान), कटनी जंक्शन (14:10 आगमन / 14:15 प्रस्थान) और शहडोल (18:00 आगमन / 18:05 प्रस्थान) होते हुए रात 22:50 बजे (10:50 बजे) बिलासपुर पहुंचकर यात्रा पूरी करेगी.
रेलवे के अनुसार, पूरी यात्रा के दौरान इलेक्ट्रिक इंजन इस्तेमाल किया जाएगा. यात्रियों की सुविधा के लिए कटनी, प्रयागराज छिवकी, बनारस, वाराणसी और अयोध्या छावनी स्टेशनों पर ट्रेन में पानी भरने और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी. साथ ही रेलवे ने स्पष्ट किया है कि परिचालन संबंधी कारणों या रेक की अनुपलब्धता की स्थिति में इस कार्यक्रम में बदलाव किया जा सकता है या इसे रद्द भी किया जा सकता है, तथा निर्धारित समय पर आगमन-प्रस्थान की गारंटी नहीं दी जाती.
यह भी पढ़ें | दिल्ली-यूपी से बिहार-बंगाल तक 1 दिसंबर से 28 फरवरी तक 20 ट्रेनें पूरी तरह रद्द, 26 के फेरे घटाए, देखें लिस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं