- उत्तराखंड सरकार ने आशा कार्यकर्ताओं के मासिक मानदेय को बढ़ाकर दस हजार रुपये करने का प्रस्ताव मंजूर किया है.
- आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री को विशेष अधिकार प्रदान किए गए हैं.
- पीजी डॉक्टरों को दो साल का बॉन्ड कराना अनिवार्य होगा जिससे वे पहाड़ी और दूरदराज क्षेत्रों में सेवा देंगे.
उत्तराखंड में आशा कार्यकर्ताओं को बड़ी सौगात मिली है. राज्य सरकार ने आशा बहनों की सैलरी में 1700 रुपये की बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. जिसके बाद उनका मासिक मानदेय 8300 रुपये से बढ़कर 10,000 रुपये हो जाएगा. फैसले से प्रदेश की हजारों आशा कार्यकर्ताओं को सीधा फायदा मिलेगा. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में हुई कैबिनेट बैठक में यह फैसला किया है, इसके अलावा कैबिनेट ने कुल 23 प्रस्तावों पर मुहर लगाई है, पीजी डॉक्टरों को पहाड़ों में 2 साल तक सेवाएं देने का प्रस्ताव भी पास कर दिया गया है.
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी फायदा
कैबिनेट ने आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों का मानदेय बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया है. यानी अब मुख्यमंत्री इस पर सीधे फैसला ले सकेंगे, जल्द ही आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों के मानदेय में भी बढ़ोतरी की घोषणा हो सकती है. माना जा रहा है कि अगली कैबिनेट बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का भी मानदेय बढ़ाने का फैसला किया जा सकता है. वहीं कैबिनेट ने सरकारी मेडिकल कॉलेज से PG करने वाले डॉक्टरों के लिए बड़ा फैसला लिया है. अब PG करने वाले डॉक्टरों को सरकार के साथ 2 साल का बॉन्ड करना होगा. इसके तहत डॉक्टरों को पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में अनिवार्य रूप से 2 साल तक राजकीय सेवा देनी होगी. माना जा रहा है कि इससे पहाड़ों में डॉक्टरों की कमी दूर होगी और दूर-दराज के इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी.
कैबिनेट ने बापू ग्राम, बिंदुखत्ता समेत अन्य क्षेत्रों में सालों से वन भूमि पर बसे लोगों को बड़ी राहत देने की दिशा में कदम बढ़ाया है. इन क्षेत्रों को डी-नोटिफाई करने के लिए केंद्र को प्रस्ताव भेजने पर सैद्धांतिक सहमति दी गई है, अगर केंद्र से मंजूरी मिलती है, तो इन क्षेत्रों के लोगों को जमीन का मालिकाना हक मिल सकेगा.
उत्तराखंड में कैबिनेट के बड़े फैसले
- उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग मेँ उपाध्यक्ष का एक पद स्वीकृत.
- उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली को दिया विस्तार, सामाजिक सुरक्षा कोष का होगा गठन.
- पैराई सत्र में अब चीनी मिलो को सरकारी बैंक से गारंटी को मंजूरी
- कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत अब बी फार्मा भी होगी सम्मिलित, पहले केवल डी फार्मा था अनुमन्य थे.
- चिकित्सा एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में एक्सरे तकनीशियन नियमवाली को मंजूरी.
- सरकारी मेडिकल कॉलेज से पीजी करने वालों के साथ सरकार करेगी दो साल का बॉन्ड, अनिवार्य तौर पर करनी होगी राजकीय सेवा.
- उत्तराखंड ग्रामीण पेयजल योजना के रखरखाव के प्रस्ताव को मंजूरी.
- टनल पार्किंग निर्माण में देरी के बाद NHIDCL को राज्य में कार्य करने की सूचीबद्धता से हटाया गया.
- विधानसभा सत्र के सत्रावसान को मंजूरी दी गई.
- उत्तराखंड राज्य नियोजन आयोग में सेतु आयोग के ढांचे को मंजूरी मिली.
- NHIDCL टनल पार्किंग बनाने के निर्माण में हो रही देरी के बाद सूचीबद्धता से हटाया गया
- उप आबकारी आयुक्त के 5 और सहायक आबकारी आयुक्त के 6 पदों के सृजन को मिली मंजूरी. कुल 11 पदों को मंजूरी.
- आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़ाने में मुख्यमंत्री को किया गया अधिकृत.
- राजस्व निरीक्षक सेवा नियमावली में बड़ा बदलाव, मुख्यमंत्री की अध्यक्षता मेँ समिति गठित
- वन आरक्षी पद की आयुसीमा में इजाफा, 25 से 28 की गई भर्ती की आयु सीमा.
- भू उपयोग परिवर्तन शुल्क की दरों के प्रस्ताव को मंजूरी, एक चौथाई की गई राशि की गई कम.
हरिद्वार को बड़ी सौगात
कैबिनेट बैठक में हरिद्वार को भी बड़ी सौगात मिली है. हरिद्वार शहर में पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम की स्थापना करना प्रस्तावित है. जिसके लिए रूट निर्धारित किया गया, करीब 21.08 किलोमीटर का PRT बनेगा और 21 स्टेशन बनेंगे. इससे हरिद्वार में जाम की समस्या से राहत मिलने और श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं