PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana: अगर आप भी हर महीने आने वाले भारी-भरकम बिजली बिल से परेशान हैं और इससे राहत पाने का कोई पक्का रास्ता ढूंढ रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए ही है. केंद्र सरकार की 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' ने रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने के मामले में नया रिकॉर्ड बनाया है. इस योजना से जुड़कर लोग हर महीने हजारों रुपये बचा रहे हैं. शुरुआत में जिस 1 लाख परिवारों को जोड़ने में 118 दिन लगते थे, अब वही लक्ष्य महज 6 दिनों में पूरा हो रहा है.
राज्यसभा में दिए जवाब के मुताबिक, अब तक 18.93 लाख से ज्यादा ग्रामीण व शहरी लाभार्थियों को जीरो (Zero) बिजली बिल मिल रहा है. अगर आप भी हर महीने भारी-भरकम बिजली बिल से परेशान हैं?
118 दिन से घटकर 6 दिन पर आई योजना की रफ्तार
केंद्र सरकार की "पीएम सूर्य घर: मुफ़्त बिजली योजना" के तहत शुरुआत में 1 लाख परिवार को इससे जोड़ने में 118 दिन लगते थे, लेकिन अब महज 6 दिन में ही ये लक्ष्य हासिल करना संभव हो रहा है. केंद्रीय नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के राज्य मंत्री श्रीपद येसो नाइक ने राज्यसभा में दिए गए एक लिखित जवाब में कहा है कि फरवरी 2024 में "पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना" की शुरुआत के बाद से 22 जुलाई, 2026 तक कुल 39,72,447 रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए गए हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के परिवारों सहित देश भर में 48,02,717 परिवारों को फायदा हुआ है.
कौन उठा सकता है योजना का लाभ?
नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के मुताबिक, "पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में देश के सभी आवासीय उपभोक्ता जिनमें ग्रामीण घर भी शामिल हैं, जिनके पास स्थानीय वितरण कंपनी के साथ ग्रिड से जुड़ा बिजली कनेक्शन है, वे इस योजना का लाभ उठा सकते हैं. इसके लिए उन्हें योजना के राष्ट्रीय पोर्टल ( www.pmsuryaghar.gov.in ) पर आवेदन करना होता है.
ईकोसिस्टम तैयार होने से मिली रफ्तार
इस योजना के शुरुआत में सरकार ने ऑनलाइन पोर्टल के निर्माण, देशव्यापी वेंडर नेटवर्क के गठन और बिजली वितरण कंपनियों (DISCOMs) को एक ही मंच पर लाने के लिए एक बुनियादी ढांचा तैयार किया, जिसमें 1 लाख परिवारों को जोड़ने में 118 दिन का समय लगता था.
लेकिन जैसे-जैसे यह ईकोसिस्टम पूरी तरह तैयार हुआ, योजना की रफ्तार में सुधार होता गया और आज महज 6 दिनों के भीतर 1 लाख नए परिवार इस योजना से जुड़ रहे हैं.
देश में कुल 18.71 लाख रूफटॉप सोलर सिस्टम इंस्टॉल
"पीएम सूर्य घर: मुफ़्त बिजली योजना" के तहत वित्तीय साल 2025-26 के दौरान, देशभर में कुल 18.71 लाख रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए गए हैं, जिनकी कुल सौर ऊर्जा क्षमता 6.7 गीगावाट (जीडब्ल्यू) है. इससे देश भर के 22.71 लाख घरों को लाभ हुआ है जिसमें पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना (पीएमएसजी एमबीवाई) के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण घर भी शामिल हैं.
18.93 लाख से अधिक परिवारों का 'जीरो' बिजली बिल
केंद्रीय मंत्री श्रीपद येसो नाइक ने राज्य सभा को बताया कि इस योजना के तहत रूफटॉप सोलर सिस्टम लगवाने वाले उपभोक्ताओं के बिजली बिल काफी कम हो गए हैं. देश भर में बिजली वितरण कंपनियों (डीआईएससीओएम) ने बताया है कि रूफटॉप सोलर सिस्टम लगवाने के बाद ग्रामीण परिवारों समेत 18.93 लाख से अधिक लाभार्थियों को किसी भी महीने/बिलिंग अवधि के दौरान उनके स्वयं के बिजली के उपयोग के आधार पर शून्य बिजली बिल मिला है.
ये भी पढ़ें- डाक से भाई को भेजी राखी लेकिन समय पर नहीं पहुंची? जानिए कैसे दर्ज कराएं शिकायत और पाएं रिफंड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं