- दिल्ली में पीएम सूर्य घर योजना के तहत तीन किलोवाट क्षमता तक के सोलर पैनल मुफ्त लगाए जा रहे हैं.
- तीन किलोवाट से अधिक क्षमता वाले सोलर प्लांट पर सरकार 1.56 लाख रुपये तक की सब्सिडी प्रदान कर रही है.
- दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार ने स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए साझा प्रयासों की घोषणा की है.
Delhi Free Solar Panel Scheme: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के निवासियों के लिए बिजली बिल के भारी भरकम बोझ से राहत पाने का सुनहरा मौका आया है. दरअसल, केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत दिल्ली में 3 किलोवाट क्षमता तक के सोलर प्लांट बिना किसी शुल्क के लगाए जा रहे हैं. वहीं, 3 किलोवाट से ज्यादा क्षमता वाले संयंत्रों पर 1.56 लाख तक की बंपर सब्सिडी दी जा रही है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भारत मंडपम् में आयोजित एक्सपो के दौरान राज्य की सोलर नीति का खाका पेश करते हुए ये जानकारी दी.
दरअसल, दिल्ली को स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में देश का मॉडल राज्य बनाने के लिए केंद्र व दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुरू की गई पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत दिल्ली के नागरिकों को सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए बड़े स्तर पर प्रोत्साहित किया जा रहा है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भारत मंडपम में आयोजित भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट और एक्सपो के दौरान केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी की उपस्थिति में दिल्ली की नई सोलर नीति की प्रमुख उपलब्धियों की घोषणा की. इस मौके पर उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य है कि दिल्ली की हर छत सौर ऊर्जा का स्रोत बने और हर परिवार को महंगे बिजली बिलों से स्थायी मुक्ति मिले.
3kW तक फ्री सोलर प्लांट
दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार के संयुक्त प्रयासों से सोलर पैनल लगवाने पर विशेष वित्तीय प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं. इसके तहत दिल्ली में 3 किलोवाट क्षमता तक के सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए नागरिकों को अपनी जेब से कोई भुगतान नहीं करना होगा. यह सुविधा पूरी तरह मुफ्त में दी जा रही है.
3kW से ज्यादा पर 1.56 रुपये तक की बंपर सब्सिडी
अगर कोई उपभोक्ता 3 किलोवाट से ज्यादा क्षमता का सोलर प्लांट लगवाना चाहता है, तो उसे सरकार की ओर से 1.56 लाख रुपये तक की भारी सब्सिडी दी जा रही है. योजना की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दिल्ली में अब तक 1 लाख से ज्यादा नागरिक इस योजना के तहत अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं.
योजना के लिए ऐसे करें आवेदन
- पीएम सूर्य घर योजना के आधिकारिक राष्ट्रीय पोर्टल pmsuryaghar.gov.in पर जाएं.
- अपना राज्य दिल्ली और अपनी बिजली वितरण कंपनी का चयन करें.
- अपना बिजली कनेक्शन कंस्यूमर नंबर डालकर मोबाइल नंबर के जरिए रजिस्ट्रेशन पूरा करें.
- अपनी छत की जगह और किलोवाट क्षमता के आधार पर आवेदन सबमिट करें.
यह भी पढ़ें- पुरानी दिल्ली का बदलेगा चेहरा, लाल किला-जामा मस्जिद-कश्मीरी गेट को जोड़ेगा 3.5 किमी का हेरिटेज कॉरिडोर
बिजली बिल से मुक्ति के साथ पर्यावरण का संरक्षण भी
समिट के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सौर ऊर्जा को केवल एक तकनीकी पहल के रूप में नहीं, बल्कि दिल्ली वासियों की जीवनशैली के हिस्से के रूप में विकसित किया जा रहा है. छत पर सोलर पैनल लगाने से घर की दैनिक बिजली जरूरतें खुद पैदा होंगी, जिससे मासिक बिजली बिल न के बराबर हो जाएगा. स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग से कार्बन उत्सर्जन में भारी कमी आएगी, जिससे राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने में भी मदद मिलेगी.
यह भी पढ़ें- ट्रेड फेयर इस बार 13 नवंबर से होगा शुरू, बिजनेस डे और वीकेंड टिकटों की नई दरें हुई जारी; देखें पूरा शेड्यूल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं