अगर आप दिल्ली में रहते हैं या फिर दिल्ली में अक्सर सफर करते हैं तो ये खबर आपके लिए खुशखबरी हो सकती है. केंद्र सरकार ने दिल्ली से गुजरने वाले तीन प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) कॉरिडोर को सिग्नल-फ्री बनाने की योजना पर काम शुरू कर दिया है. इसके तहत कई जगह फ्लाईओवर और इंटरचेंज बनाए जाएंगे ताकि वाहनों को बार-बार ट्रैफिक सिग्नलों पर न रुकना पड़े और यात्रा का समय कम हो सके. आइए जानते हैं किन रास्तों को बनाया जाएगा सिग्नल फ्री...
ये रास्ते होंगे सिग्नल फ्री
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने लोकसभा में जानकारी दी है कि तीन प्रमुख कॉरिडोर - आश्रम से बदरपुर, महिपालपुर/मेहरौली से गुरुग्राम और पंजाबी बाग से टिकरी बॉर्डर को बड़े पैमाने पर सिग्नल-फ्री बनाया जाएगा. इसके लिए विभिन्न चौराहों पर फ्लाईओवर और ग्रेड सेपरेशन के काम किए जाएंगे.
कालिंदी कुंज पर बनेगा बड़ा इंटरचेंज
योजना के तहत कालिंदी कुंज जंक्शन पर भी एक नया इंटरचेंज प्रस्तावित है. यह इलाका दिल्ली, नोएडा और फरीदाबाद के बीच आने-जाने वाले वाहनों के लिए सबसे बड़े ट्रैफिक बॉटलनेक में से एक माना जाता है. इंटरचेंज बनने के बाद यहां ट्रैफिक का प्रवाह अधिक सुचारू होने की उम्मीद है.

Photo Credit: Pexels/Chandra Phuyal
किन यात्रियों को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा?
- दक्षिण दिल्ली से फरीदाबाद और बदरपुर की ओर आने-जाने वाले लोग.
- दिल्ली-गुरुग्राम मार्ग पर रोजाना सफर करने वाले दफ्तर जाने वाले यात्री.
- पश्चिमी दिल्ली और हरियाणा के बहादुरगढ़-टिकरी बॉर्डर रूट का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालक.
इन कॉरिडोरों पर मौजूदा समय में कई प्रमुख ट्रैफिक सिग्नल हैं, जहां पीक ऑवर में लंबा जाम लगता है. मंत्रालय का दावा है कि परियोजनाएं पूरी होने के बाद यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी और कई स्थानों पर घंटों का सफर मिनटों में तय किया जा सकेगा.
दिल्ली में जाम कम करने की बड़ी रणनीति
दिल्ली सरकार और NHAI पहले से ही कई डी-कंजेशन प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं. हाल के सालों में द्वारका एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और अन्य हाईवे परियोजनाओं ने वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराए हैं. अब तीन राष्ट्रीय राजमार्ग कॉरिडोर को सिग्नल-फ्री बनाने की योजना को राजधानी में ट्रैफिक प्रबंधन की दिशा में एक बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है. अगर परियोजना तय समय पर पूरी होती है, तो दिल्ली-एनसीआर के लाखों यात्रियों को रोजाना के जाम से बड़ी राहत मिल सकती है और ईंधन तथा समय दोनों की बचत होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं