जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में हुई गोलीबारी की एक घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए. घटना के बाद प्रशासन ने एहतियातन इलाके में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं. इस मामले को लेकर पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग की है, क्योंकि गोलीबारी किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर अब भी कई सवाल बने हुए हैं.
मृतक की पहचान आरिफ हुसैन के रूप में हुई है. उनकी मौत के बाद इलाके में विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए हैं. प्रदर्शनकारी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं. स्थानीय लोगों का दावा है कि यह घटना भद्रवाह सब-डिवीजन के गुंडोह इलाके में हुई, जहां आरिफ हुसैन और दो अन्य लोग गोलीबारी का शिकार हुए. हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
महबूबा मुफ्ती ने की जांच की मांग
डोडा मेडिकल कॉलेज के एक डॉक्टर ने बताया कि गोली लगने से घायल एक व्यक्ति को अस्पताल लाया गया था, लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया गया. महबूबा मुफ्ती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि डोडा से सामने आई घटना की खबरें बेहद चिंताजनक हैं. उन्होंने प्रशासन से मामले की सच्चाई सामने लाने और जवाबदेही तय करने के लिए तत्काल जांच कराने की मांग की.
Reports emerging from Doda about the killing of a civilian, Arif Hussain, who was allegedly stabbed and then shot dead by security forces , followed by an internet shutdown across the district, are deeply disturbing.
— Mehbooba Mufti (@MehboobaMufti) July 17, 2026
The administration must act swiftly to establish the facts and… pic.twitter.com/AHruKp9pDa
उन्होंने कहा, "डोडा में आरिफ हुसैन की मौत से जुड़ी खबरें बेहद परेशान करने वाली हैं. मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए. जम्मू-कश्मीर में ऐसी स्थिति नहीं बननी चाहिए जहां किसी भी आरोप को हिंसा का आधार बनाकर लोगों की जान ली जाए."
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए : परिजन
वहीं, आरिफ हुसैन के परिजनों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है. परिवार का कहना है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए. एक रिश्तेदार ने कहा, "चेनाब घाटी हमेशा हिंदू-मुस्लिम एकता और सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल रही है. हम प्रशासन से आग्रह करते हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए और दोषियों को सजा मिले."
ये भी पढ़ें : कल का मौसम: दिल्ली-NCR, UP से बिहार-बंगाल तक आफत की बारिश! मानसून की होगी वापसी, इन राज्यों में भी अलर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं