विज्ञापन
20 days ago
चंडीगढ़/नई दिल्ली:

News Updates: देश को पहली हाइड्रोजन ट्रेन की सौगात मिल चुकी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद रेलवे स्टेशन से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को रवाना किया. यह ट्रेन जींद से सोनीपत जाएगी. ट्रेन में सवार यात्रियों ने अपने-अपने अनुभव भी साझा किए. इसके बाद पीएम पंजाब पहुंचे जहां जालंधर में उन्होंने ₹5,470 करोड़ से ज़्यादा की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया.


Live Updates:

एनसीपी के दोनों गुटों का विलय होकर एनडीए में शामिल होने की संभावना- सूत्र

महाराष्ट्र में एनसीपी के दोनों धड़ों की उठापटक के बीच बीजेपी का स्पष्ट संदेश

एनसीपी के दोनों धड़ों का विलय होकर ही एनडीए में शामिल होने की संभावना

बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार एनसीपी शरद पवार को अलग से एनडीए में लेने के बजाय दोनों धड़ों के विलय पर जोर

परिसीमन बिल पर एनसीपी एसपी के नरम रुख़ और समर्थन की संभावना के बीच बीजेपी ने किया स्पष्ट

बीजेपी में भी नहीं होगा विलय

एनसीपी के दोनों धड़ों का विलय हो तो दोनों धड़ों से एक-एक मंत्री पद बाद में दिया जा सकता है

एनसीपी एसपी के आठ लोक सभा और एक राज्य सभा सांसद

परिसीमन बिल पारित कराने के लिए इन नौ सांसदों का समर्थन बेहद महत्वपूर्ण 

लेकिन एनसीपी एसपी के एनडीए को समर्थन की अटकलों से सुनेत्रा पवार असहज बताई जा रही हैं

हाल में शरद पवार की एकनाथ शिंदे से मुलाकात के बाद अटकलों ने जोर पकड़ा

विदेशी मुद्रा भंडार 96.4 करोड़ डॉलर बढ़कर 675.15 अरब डॉलर पहुंचा

देश का विदेशी मुद्रा भंडार 10 जुलाई को समाप्त सप्ताह में 96.4 करोड़ डॉलर बढ़कर 675.15 अरब डॉलर पर रहा. भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. इससे पिछले सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 7.26 अरब डॉलर बढ़कर 674.19 अरब डॉलर पर पहुंच गया था.

इस साल 27 फरवरी को समाप्त सप्ताह में पश्चिम एशिया संघर्ष शुरू होने से पहले देश का विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 728.49 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था. हालांकि, संघर्ष के कारण रुपये पर दबाव बढ़ा और रिजर्व बैंक को विदेशी मुद्रा बाजार में डॉलर बेचकर हस्तक्षेप करना पड़ा. इसके बाद कई सप्ताह तक विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट दर्ज की गई.

केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के अनुसार, 10 जुलाई को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार के प्रमुख घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 93 करोड़ डॉलर बढ़कर 546.51 अरब डॉलर हो गई. डॉलर के संदर्भ में दर्शाई जाने वाली विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखी गई यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं के मूल्य में होने वाली बढ़ोतरी या गिरावट का प्रभाव भी शामिल होता है.

रिजर्व बैंक ने कहा कि समीक्षाधीन सप्ताह में देश के स्वर्ण भंडार का मूल्य 2.4 करोड़ डॉलर बढ़कर 105.22 अरब डॉलर हो गया. केंद्रीय बैंक ने कहा कि विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 30 लाख डॉलर बढ़कर 18.63 अरब डॉलर हो गया. केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के अनुसार, आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास भारत का आरक्षित कोष भी 70 लाख डॉलर बढ़कर 4.79 अरब डॉलर हो गया.

देश को बदलने का दावा करने वालों की सच्चाई देख रही जनता- मोदी

पीएम मोदी ने कहा, "आज यहां जो लोग पंजाब की सत्ता में बैठे हैं वे लोग बड़े घमंड के साथ दावा करते थे कि वे देश की राजनीति बदल देंगे. लेकिन आज देश इनकी सच्चाई देख रहा है. 2-3 दिन पहले ही दिल्ली की एक अदालत ने उनके एक नेता को दोषी ठहराया है. उन पर दंगे भड़काने और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के एक अधिकारी की हत्या का आरोप है, और इनकी बेशर्मी तो देखिए... वे अदालत के फैसले पर सवाल उठा रहे हैं और उसे धर्म और आस्था के नज़रिए से देख रहे हैं, सिर्फ़ इसलिए क्योंकि उनका वोट बैंक दांव पर लगा है."

पंजाब में विज्ञापन के दम पर छिपाई जा रही विश्वासघात की तस्वीर: पंजाब

पीएम मोदी ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पंजाब में आज क्या हो रहा है, ये किसी से छिपा नहीं है. यहां विज्ञापनों के दम पर विश्वासघात की तस्वीर छिपाई जा रही है. आज पंजाब में कानून-व्यवस्था बेहाल है. कब कहां गैंगवार हो जाए, किस दिशा से गोलियां चलने लगें, कोई कह नहीं सकता. यहां व्यापार-कारोबार करना मुश्किल हो गया है. सरेआम लोगों से फिरौती मांगी जा रही है. पुलिस थाने तक सुरक्षित नहीं है, आए दिन थानों पर अटैक होते हैं और सबसे दुखद तो ये है कि पंजाब का भविष्य भी बर्बाद किया जा रहा है. नशे के सौदागर खुलेआम घूम रहे हैं, पंजाब के युवाओं को नशे के दलदल में धकेला जा रहा है.

अमृतसर (छेहरटा)-वाराणसी के बीच संत रविदास एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी

प्रधानमंत्री मोदी ने यहां अमृतसर (छेहरटा)-वाराणसी के बीच चलने वाली संत रविदास एक्सप्रेस ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाई. इससे दो प्रमुख आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्रों के बीच सीधी रेल संपर्क स्थापित होगा. मोदी चंडीगढ़ और हरियाणा के जींद में परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद जालंधर पहुंचे थे. जींद में उन्होंने भारत की पहली हाइड्रोजन-चालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाई.

इस साल फरवरी में डेरा सचखंड बल्लां के दौरे के बाद प्रधानमंत्री का यह जालंधर का दूसरा दौरा है. प्रधानमंत्री की इस यात्रा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि भाजपा वर्ष 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों को अकेले लड़ने की तैयारी कर रही है.

पूरे देश में रेलवे स्टेशनों का हो रहा कायाकल्प- प्रधानमंत्री

पीएम ने कहा कि जो काम आज हो रहे हैं, वो काम तो 30-40 वर्ष पहले हो जाने चाहिए थे लेकिन पहले की सरकारों की प्राथमिकता में ये काम था ही नहीं. गरीब और मिडिल क्लास को भी सुविधा चाहिए, उनको भी साफ सफाई चाहिए, इनके समय की भी वैल्यू है, इस पर पहले की सरकारें चर्चा भी नहीं करती थीं. इस सोच के साथ विकसित भारत नहीं बन सकता था इसलिए बीते वर्षों में भाजपा सरकार ने स्थितियों को बदलना शुरू किया. आज पूरे देश में रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है. अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 1300 से ज्यादा स्टेशनों को आधुनिक बनाया जा रहा है, इनमें से कई स्टेशनों पर काम पूरा हो गया है. आज ऐसे ही 75 स्टेशनों का लोकार्पण हुआ है.

कांग्रेस सरकार ने रेलवे स्टेशनों को अपने हाल पर छोड़ा- पीएम

उन्होंने कहा, "भारतीय रेल गरीब और मिडिल क्लास परिवारों की सवारी है, लेकिन 2014 से पहले तक रेलवे की क्या स्थिति थी ये आप अच्छे से जानते हैं. कांग्रेस सरकार नई ट्रेनों की झूठी घोषणा करके आराम से बैठ जाती थी. हमारे रेलवे स्टेशनों को कांग्रेस ने अपने हाल पर छोड़ दिया था.  अंग्रेजों के जमाने में जो स्टेशन बने थे, उनकी सुध लेने वाला भी कोई नहीं था. भारतीय रेल का नेटवर्क इतना विशाल है कि रोज उसमें जितने यात्री सफर करते हैं, उतनी तो कई देशों की आबादी भी नहीं है."

महान सपूत सरदार तेजा सिंह समुंद्री जी को श्रद्धांजलि देता हूं- मोदी

उन्होंने कहा, "आज के दिन मैं इस मंच से पंजाब के महान सपूत सरदार तेजा सिंह समुंद्री जी को भी अपनी श्रद्धांजलि देता हूं, आज उनका 100वां शहादत दिवस है.  उन्होंने अंग्रेजी शासनकाल में सिख हितों की रक्षा के लिए अनेक आंदोलन किए. सरदार तेजा सिंह जी ने अपना पूरा जीवन मातृभूमि की सेवा में समर्पित कर दिया. आज से शुरू हो रहे उनके शहादत दिवस कार्यक्रमों से लोगों को प्रेरणा मिलेगी."

भारत सरकार पंजाब में कनेक्टिविटी से जुड़े कई इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही है- मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा, "आज भारत सरकार पंजाब में कनेक्टिविटी से जुड़े कई इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही है. भले ही पंजाब में बीजेपी की सरकार नहीं है, लेकिन केंद्र में बीजेपी के नेतृत्व वाली NDA सरकार राज्य के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है. मैं जालंधर के लोगों की तारीफ़ करता हूं कि उन्होंने 'स्वच्छता से स्वागत' पहल के ज़रिए इस कार्यक्रम को और भी सार्थक बना दिया है. आप सभी ने अपने कामों से श्री गुरु रविदास जी के समरसता और सामूहिक प्रयास के संदेश को साकार किया है. यह अभियान कर्तव्य-भावना का भी एक बेहतरीन उदाहरण है."

पंजाब से काशी जाना और आसान हो जाएगा- पीएम मोदी

पीएम ने कहा, "आज यहां जलांधर से कई नई रेल सेवाएं शुरू की गई हैं. आज अमृतसर से काशी के बीच रेल सेवा भी शुरू हुई है. इससे पंजाब से काशी जाना और आसान हो जाएगा. आज दौलतपुर चौक और करतौली के बीच नई लाइन भी शुरू हुई है. करतौली से अंबाला के बीच नई रेल सेवा को भी हरी झंडी दिखाई गई है. आज ही लुधियाना बायपास का शिलान्यास, दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के एक सेक्शन का लोकार्पण हुआ है. मैं ऐसे हर प्रोजेक्ट के लिए देशवासियों को और खासतौर पर पंजाब के भाई-बहनों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं.'

जालंधर विकास के उत्सव का साक्षी बन रहा है- मोदी

पीएम ने कहा कि आज हमारा जालंधर विकास के उत्सव का साक्षी बन रहा है. आज सुबह मुझे जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन शुरू करने का अवसर मिला है. आज जींद में ही मुझे कुरुक्षेत्र में एक भव्य सिख म्यूजियम के शिलान्यास का सौभाग्य मिला है. यह म्यूजियम गुरु परंपरा को, गुरुओं के ज्ञान को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा. यह गुरुओं की शिक्षाओं, उनके बलिदान और सेवा की परंपरा को जीवंत रूप में प्रस्तुत करने वाला प्रेरणा केंद्र बनेगा.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंच पर सम्मान किया गया.

प्रधानमंत्री मोदी ने जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया. 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत पूरे भारत के 75 नए रूप में तैयार किए गए रेलवे स्टेशनों को देश को समर्पित किया जा रहा है।.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर कैंट स्टेशन से करटोली पंजाब-अंबाला और जालंधर-वाराणसी के बीच नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाई.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर में ₹5,470 करोड़ से ज़्यादा की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया.

जींद के बाद चंडीगढ़ पहुंचे पीएम मोदी, जनसभा को किया संबोधित

जींद में हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद चंडीगढ़ पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा,'आपको याद होगा कि डेढ़ साल पहले देश ने न्याय प्रणाली में एक बड़ा सुधार किया था. हमने औपनिवेशिक युग के दंड कानूनों की जगह भारतीय न्याय संहिता (BNS) को लागू किया... भारतीय न्याय संहिता को लागू करने की शुरुआत भी चंडीगढ़ से ही हुई थी. पिछले कुछ सालों में चंडीगढ़ को हाई-टेक शहर बनाने के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट, स्मार्ट पार्किंग और डिजिटल गवर्नेंस जैसी कई परियोजनाएं शुरू की गई हैं. इस मिशन के तहत 2,500 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं. आज यहां स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई नई विकास परियोजनाओं की भी शुरुआत की जा रही है. मैं इन पहलों के लिए चंडीगढ़ के लोगों को बधाई देता हूं.'

पीएम मोदी ने रेलवे, हाईवे सहित अन्य परियोजनाओं का भी किया जिक्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'आज 14000 करोड़ रुपए से अधिक के अन्य परियोजनाएं भी हरियाणा को मिले हैं. इसमें रेलवे, हाईवे के अनेक परियोजना है, हमारी विरासत से जुड़े परियोजना है, और दो नए मेडिकल कॉलेज भी हरियाणा की सेवा के लिए समर्पित है...इससे हरियाणा की  स्वास्थ्य सेवा और सशक्त होगी. इन सभी परियोजना के लिए मैं हरियाणा के सभी भाई-बहनों को बधाई देता हूं.'

PM मोदी ने जींद वालों से सफाई के लिए मांगा सहयोग

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'मैं आज जींद वालों से कुछ मांगने आया हूं,  क्या इस सफाई और स्वच्छता के लिए मोदी का आना जरूरी है?  अगर जींद और हरियाणा के लोग तय कर लें कि अब हम गंदगी नहीं करेंगे, तो जींद और हरियाणा कभी गंदा होगा क्या... मोदी के आने की जरूरत नहीं है केवल आप तय कर लीजिए कि स्वच्छता को हमारा स्वभाव बनाएंगे.  स्वच्छता को हमारा संस्कार बनाएंगे। हम स्वच्छता को इसी तरह अपनी हर दिन की जिंदगी का हिस्सा बनाएंगे.

‘हाइड्रोजन ट्रेन से देश में उत्साह, आत्मनिर्भर भारत के लिए यह बड़ा दिन’, जींद में बोले PM मोदी

देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए पीएम मोदी ने जींद में आयोजित जनसभा में कहा, 'भविष्य में जब भी हाइड्रोजन ट्रेन का जिक्र आएगा तो जींद, सोनीपत और हरियाणा का नाम भी आएगा. मैं आप सभी को पूरे देश को भारतीय  रेल की आधुनिकता से जुड़े इस बड़े कदम के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं.' उन्होंने यह भी कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन से देश में उत्साह है, यह आत्मनिर्भर भारत के लिए बड़ा दिन है.

जींद का घी, जींद का घेवर तो नहीं बदला, लेकिन जींद तेवर बदल गए: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के जींद को बड़ी सौगात दी है.  एकलव्य स्टेडियम में लगभग 14,700 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और शुभारंभ किया है. इस दौरान उन्होंने कहा कि जींद से जुड़ा हुआ है. साथियों इतने बरसों में जींद का घी, जींद का घेवर तो नहीं बदला, लेकिन जींद तेवर बदल गए. बीजेपी एनडीए के सुशासन मॉडल की जींद तस्वीर बन रहा है. जींद में विकास का मॉडल चल चुका है. 

हाइड्रोजन ट्रेन चलाने वाला भारत दुनिया का पांचवां देश बना

हाइड्रोजन फ्यूल से चलने वाली ट्रेन शुरू करने वाला भारत दुनिया का पांचवां देश बन गया है. इससे पहले जर्मनी, फ्रांस, स्वीडन और चीन में ही हाइड्रोजन ट्रेनें चल रही हैं. 10 कोच वाली यह ट्रेन जींद-सोनीपत रूट पर 14 स्टेशनों के बीच अधिकतम 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी. इसका किराया 5 से 25 रुपए के बीच रखा गया है। ट्रेन 89 किलोमीटर का सफर करीब 2 घंटे में पूरा करेगी.

PM Modi News Live: स्कूली बच्चों ने किया सफर, बताया अपना अनुभव

देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन में सवार कई स्कूली बच्चों ने अपने अनुभव साझा किए. पावनी नाम की एक छात्रा ने कहा, आज जींद के लोगों के लिए यह गर्व की बात है. जींद देश भर में मशहूर हो गया है. हम पूरे दिल से प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हैं. यह ट्रेन पर्यावरण के अनुकूल है और इससे कोई प्रदूषण नहीं होता है.

PM Modi News Live: देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर PM मोदी ने किया रवाना

देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर PM मोदी ने रवाना कर दिया है. हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन पर आयोजित एक कार्यक्रम में पीएम मोदी ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह ट्रेन  जींद से सोनीपत जा रही है. ट्रेन में बैठे यात्रियों ने मीडिया से बात करते हुए अपने अनुभव भी साझा किए. यात्रियों ने कहा कि यह पर्यावरण के लिहाज से बहुत महत्वपूर्ण कदम है.

PM Narendra Modi Visit Live: जींद में PM मोदी को देखने के लिए जुटी भारी भीड़, नाच-गा रही महिलाएं

हरियाणा के जींद स्थित एकलव्य स्टेडियम के सामने हुडा ग्राउंड में आयोजित जनसभा में महिलाएं नाच-गाकर जश्न मना रही हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही सभा को संबोधित करेंगे और जींद से सोनीपत के बीच देश की पहली हाइड्रोजन-पावर्ड ट्रेन का उद्घाटन करेंगे.

Hydrogen Train: हाइड्रोजन ट्रेन की तकनीक कैसे करती है काम, रेल मंत्री ने दिखाया

हरियाणा के जींद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, "PM मोदी आज देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. ये देश के लिए गौरव की बात है कि देश में इतनी जटिल तकनीक को विकसित किया गया है. ये बहुत महत्वपूर्ण था क्योंकि हाइड्रोजन एक न्यू एनर्जी है. इस फ्यूल का यातायात में कैसे इस्तेमाल हो उसकी तकनीक भारत में कैसे बने ये महत्वपूर्ण है. ये रेलवे के लिए एक मील का पत्थर है कि पूरी तकनीक भारत में बनी...इसमें सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है."

हम हाइड्रोजन से गाड़ियां चलाने की कला में पूरी तरह माहिर होना हमारा मकसदः अश्विनी वैष्णव

हाइड्रोजन ट्रेन पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने NDTV से कहा- "हाइड्रोजन एक बेहद जरूरी और भविष्य की तकनीक है. हमने यहां बुनियादी तौर पर एक ऐसी टेक्नोलॉजी तैयार की है जो न सिर्फ रेलवे, बल्कि कई दूसरे क्षेत्रों में भी काम आ सकती है. इसका इस्तेमाल जहाज़ी उद्योग (मरीन सेक्टर) और बड़े ट्रकों में भी किया जा सकता है. यहाँ तक कि हम इस टेक्नोलॉजी को बाहर के देशों में एक्सपोर्ट भी कर सकते हैं.

इस पूरी तकनीक को बनाने का मकसद यही था कि हम हाइड्रोजन से गाड़ियां चलाने की कला में पूरी तरह माहिर हो सकें—चाहे वो ट्रेन हो, ट्रक हो या फिर नावें; ये सभी इसी एक तकनीक से चल सकती हैं. सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण बात यह है कि अभी तक ट्रेनों और ट्रांसपोर्ट सेक्टर से जो कार्बन डाइऑक्साइड (CO2) का प्रदूषण फैलता है, उसे यह ट्रेन पूरी तरह खत्म कर देगी. इस ट्रेन से धुएं की जगह सिर्फ और सिर्फ पानी की भाप बाहर निकलेगी.

PM Modi News Live: पीएम मोदी ने हाइड्रोजन ट्रेन प्रोजेक्ट से जुड़े लोगों को दी बधाई

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा- आज भारत को पहली हाइड्रोजन ट्रेन मिलने का सपना साकार होने जा रहा है. यह आत्मनिर्भर भारत और सतत विकास की दिशा में एक बहुत बड़ा दिन है. मैं इससे जुड़े सभी लोगों को बहुत बधाई देता हूं.  प्रभूतं कार्यमल्पं वा यन्नरः कर्तुमिच्छति।  सर्वारम्भेण तत् कार्यं सिंहादेकं प्रचक्षते."

PM Modi Haryana Punjab Visit Live Updates: जालंधर कैंट स्टेशन से अमृत भारत योजना से विकसित देश के 75 स्टेशनों का उद्घाटन भी करेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महत्वाकांक्षी 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत पंजाब के ऐतिहासिक जालंधर कैंट स्टेशन सहित 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करने वाले हैं. 20 राज्यों में उद्घाटन का यह नवीनतम चरण विश्व के सबसे बड़े स्टेशन पुनर्विकास कार्यक्रमों में से एक में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है.

इन स्टेशनों को लगभग 1,570 करोड़ रुपए की कुल लागत से आधुनिक, यात्री-अनुकूल सुविधाओं में परिवर्तित किया गया है, जो 'विरासत भी, विकास भी' के मार्गदर्शक सिद्धांत के तहत विरासत और समकालीन बुनियादी ढांचे का सहज मिश्रण प्रस्तुत करते हैं.

PM Modi Haryana Punjab Visit Live Updates: पंजाब चुनाव का बिगुल भी फूकेंगे पीएम मोदी

आज के दौरे से पीएम मोदी पंजाब विधानसभा चुनाव का बिगुल भी फूकेंगे. वो जालंधर में भारतीय जनता पार्टी की रैली को संबोधित करेंगे. पीएम मोदी ने लिखा वो दौरान पंजाब के लोगों के बीच जाने के लिए उत्सुक हैं. प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि भाजपा 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव अपने बलबूते पर लड़ने की तैयारी कर रही है.

मोदी ने कहा कि जालंधर में वह 5,400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और कई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे.

PM Modi Haryana Punjab Visit Live Updates: कुरुक्षेत्र में सिख संग्रहालय की आधारशिला भी रखेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब-हरियाणा के दौरे सोशल पर सिलसिलेवार पोस्ट में कहा, ‘‘मैं हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के लोगों के बीच जाकर रेलवे, स्वास्थ्य सेवाओं, संस्कृति, संपर्क, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने को लेकर उत्साहित हूं. इन परियोजनाओं का लोगों, विशेषकर हमारी युवा शक्ति के जीवन पर बेहद सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा.’’ 

प्रधानमंत्री ने कहा कि कुरुक्षेत्र में सिख संग्रहालय की आधारशिला भी रखी जाएगी. यह संग्रहालय सिख धर्म के गौरवशाली इतिहास, पूज्य सिख गुरुओं की महान शिक्षाओं और राष्ट्र निर्माण में सिख समुदाय के योगदान को प्रदर्शित करेगा. 

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘चंडीगढ़ जाना हमेशा सुखद अनुभव होता है. कल के कार्यक्रम के दौरान 4,700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा और कुछ परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी.’’

PM Modi Haryana Punjab Visit Live Updates: जींद से सोनीपत के बीच चलेगी देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन

प्रधानमंत्री मोदी आज देश के पहले हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. यह ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच चलेगी. इसके बारे में पीएम मोदी ने कहा, 'इसके साथ ही भारत उन चुनिंदा देशों की श्रेणी में शामिल हो जाएगा, जहां इस तरह की ट्रेन संचालित होती हैं. यह रेलवे क्षेत्र में स्वच्छ प्रौद्योगिकी को अपनाने की दिशा में भारत के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा.'

भारत में ही डिजाइन, तैयार और एकीकृत की गई यह ट्रेन स्वदेशी तकनीक से बनाई गई है. यह उन्नत रेलवे तकनीक के क्षेत्र में देश की बढ़ती क्षमता को दिखाती है.

PM Modi Haryana Punjab Visit LIVE: जींद से 14700 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे पीएम मोदी

आज के पंजाब-हरियाणा दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी जींद के एकलव्य स्टेडियम में लगभग 14,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जींद में अन्य कई परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि भिवानी और नारनौल के मेडिकल कॉलेज भी राष्ट्र को समर्पित किए जाएंगे.

पूरी स्टोरी पढ़ें

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
PM Modi Haryana Visit, PM Modi Punjab Visit, India First Hydrogen Train, Amrit Bharat Railway Station, Delhi Amritsar Katra Expressway
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com