केंद्र सरकार ने शुक्रवार, 17 जुलाई को सीनियर आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार को दिल्ली पुलिस का नया कमिश्नर नियुक्त किया. उन्होंने सतीश गोलचा की जगह ली है, जो अगस्त 2025 से राष्ट्रीय राजधानी के पुलिस प्रमुख के तौर पर काम कर रहे थे. सतीश गोलचा को दिल्ली पुलिस कमिश्नर के पद से हटा दिया गया है. गृह मंत्रालय की तरफ से अनुराग कुमार की नियुक्ति का पत्र जारी किया गया है.

अनुराग कुमार कौन हैं?
अनुराग कुमार उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड के जालौन के रहने वाले हैं. वे कुछ वक्त तक अमेरिका में भी रहे. अनुराग कुमार 1994 बैच के AGMUT कैडर के IPS अधिकारी हैं और उन्हें इंटेलिजेंस ब्यूरो में स्पेशल डायरेक्टर के तौर पर काम करने का एक्सपीरिएंस है. उन्होंने अपने टेन्योर में कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं और अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने का अनुभव हासिल किया है. अनुराग कुमार 32 साल से ज्यादा वक्त से सर्विस में हैं और पिछले पांच सालों में उन्हें दो बार प्रमोशन मिल चुका है.
अनुराग कुमार इससे पहले देश की सबसे महत्वपूर्ण खुफिया एजेंसी इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में स्पेशल डायरेक्टर के पद पर तैनात थे. आईबी में लंबे वक्त तक काम करने के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा, आतंकवाद विरोधी रणनीति, खुफिया सूचनाओं के विश्लेषण और संवेदनशील सुरक्षा मामलों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं. इसी अनुभव को देखते हुए उन्हें अब देश की राजधानी की पुलिस की पुलिस की कमान सौंपी गई है.
रणनीतिक और हाई-लेवल सुरक्षा मामलों में अपने एक्सपीरिएंस के लिए पहचाने जाने वाले IPS अनुराग कुमार की ऑफिशियल अपॉइंटमेंट लेटर ऑर्डर अगले दो दिनों में आने की उम्मीद है. यह बड़े प्रशासनिक फेरबदल का हिस्सा होगा, जिसमें मौजूदा कमिश्नर को भी नई भूमिका में भेजा जाएगा.
अनुराग कुमार के सामने अब दिल्ली पुलिस की कमान संभालने के बाद कई बड़ी चुनौतियां होंगी. राष्ट्रीय राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, संगठित अपराध पर लगाम लगाना, साइबर अपराध से निपटना, महिलाओं की सुरक्षा को और मजबूत करना, आतंकवाद विरोधी तैयारियों को बेहतर बनाना और वीआईपी सुरक्षा जैसे अहम विषय उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेंगे.
ये भी पढ़ें: IPS अनुराग कुमार दिल्ली पुलिस के नए कमिश्नर बने,सतीश गोलचा को हटाया गया
सतीश गोलचा का छोटा कार्यकाल...
1992 बैच के IPS अधिकारी सतीश गोलचा को अगस्त 2025 में दिल्ली पुलिस का कमिश्नर बनाया गया था. सतीश गोलचा अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश (एजीएमयूटी) कैडर के आइपीएस अधिकारी है. इससे पहले वे तिहाड़ जेल के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल चुके थे. इसके साथ ही, दिल्ली पुलिस में विशेष आयुक्त इंटेलीजेंस भी रह चुके थे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं