दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान घर जाने वाले करोड़ों रेल यात्रियों पर भारतीय रेलवे पूरी तरह मेहरबान है. दरअसल, इस त्योहारी सीजन में एक अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक रेलवे 3.4 लाख नियमित ट्रेन ट्रिप्स के साथ 8,454 त्योहार स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स का संचालन कर रहा है. उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और दिल्ली के लिए रिकॉर्ड संख्या में विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं. यही नहीं, ट्रेनों में भीड़ नियंत्रण और सीट उपलब्धता बढ़ाने के लिए 412 अतिरिक्त कोच भी जोड़े गए हैं.
रेल मंत्रालय के मुताबिक एक अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 के दो महीनों के पीरियड में रिकॉर्ड 3.4 लाख नियमित ट्रेन ट्रिप्स चलाई जा रही हैं, जो पिछले साल की तुलना में 16,000 ज्यादा हैं. इसके अलावा, यात्रियों की अतिरिक्त मांग को पूरा करने के लिए 8,454 स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स भी शेड्यूल की गई है.
उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के लिए सबसे ज्यादा ट्रेनें
त्योहारों के दौरान सबसे ज्यादा भीड़ यूपी, बिहार और बंगाल जाने वाले रूटों पर होती है. इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने इन राज्यों पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित किया है. महापर्व छठ और दिवाली के लिए बिहार में सबसे ज्यादा 2,057 स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स चलाई जा रही हैं. इसके साथ ही 31,000 से अधिक नियमित ट्रेन ट्रिप्स निर्धारित की गई हैं.
- यूपी के लिए 1,056 स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स और 37,000 से ज्यादा नियमित ट्रेन ट्रिप्स की योजना बनाई गई है.
- राजधानी दिल्ली से से बिहार-यूपी लौटने वाले यात्रियों के लिए दिल्ली से 975 स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स का संचालन किया जा रहा है.
- महाराष्ट्र के लिए 836 और पश्चिम बंगाल के लिए 464 स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स शेड्यूल की गई हैं.
दुर्गा पूजा पर पूर्वी भारत के लिए 49 स्पेशल ट्रेनें
दुर्गा पूजा के दौरान यात्रियों के भारी दबाव को संभालने के लिए रेलवे ने पश्चिम बंगाल और आसपास के इलाकों के लिए 13 से 20 अक्टूबर 2026 के बीच 49 विशेष ट्रेनें चलाने का खाका तैयार किया है. इन ट्रेनों की मुख्य कनेक्टिंग स्टेशंस हावड़ा, कोलकाता, सियालदह, संतरागाछी, शालीमार, मालदा टाउन, आसनसोल और न्यू जलपाईगुड़ी हैं. इन 49 ट्रेनों में से 27 ट्रेनें उत्तर रेलवे, 14 दक्षिण रेलवे और 8 पश्चिम रेलवे क्षेत्र से चलाई जा रही हैं.
नियमित ट्रेनों में जोड़े गए 412 अतिरिक्त कोच
विशेष ट्रेनों के अलावा नियमित चलने वाली ट्रेनों में भी वेटिंग लिस्ट कम करने के लिए रेलवे ने कोचों की संख्या बढ़ाई है. पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 412 स्थायी अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं. इसके अलावा, आम यात्रियों और बिना रिजर्वेशन यात्रा करने वालों की सहूलियत के लिए 75 जनरल क्लास के कोच विशेष रूप से शामिल किए गए हैं. रेलवे ने स्पष्ट किया है कि अगर यात्रियों की मांग और बढ़ती है, तो रीयल टाइम के आधार पर और भी अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन किया जा सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं