Diwali Chhath Special Trains: दीपावली और छठ महापर्व जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, घर से दूर रहकर काम करने वाले लोगों के सामने घर लौटने की चिंता बढ़ने लगी है. दरअसल, नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट और नो रूम की स्थिति बन चुकी है. यात्रियों की इस परेशानी को देखते हुए रेलवे ने बड़ी राहत देते हुए दिल्ली से संतरागाछी, ऋषिकेश से कोलकाता और बक्सर से टाटानगर के बीच स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की गई है. इसके साथ ही, टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 1,000 लोगों की क्षमता वाला अस्थायी होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है.
देश की राजधानी दिल्ली से संतरागाछी, उत्तराखंड के ऋषिकेश से कोलकाता और बिहार के बक्सर से झारखंड के टाटानगर के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया जा रहा है, जिससे उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.
इन प्रमुख रूटों पर चलेंगी नई स्पेशल ट्रेनें
- दिल्ली-संतरागाछी स्पेशल ट्रेन: दिल्ली और आसपास के इलाकों से पश्चिम बंगाल की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन बेहद मददगार साबित होगी.
- ऋषिकेश-कोलकाता स्पेशल ट्रेन: उत्तराखंड के ऋषिकेश से चलकर कोलकाता तक जाने वाली यह विशेष गाड़ी पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और यात्रियों को सीधा विकल्प देगी.
- बक्सर-टाटानगर स्पेशल ट्रेन: बिहार के बक्सर से खुलकर झारखंड के टाटानगर तक जाने वाली यह स्पेशल ट्रेन मध्य और पूर्वी भारत के यात्रियों का सफर आसान बनाएगी.
जमशेदपुर रेलवे स्टेशन पर 1,000 यात्रियों का होल्डिंग एरिया
दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान टाटानगर रेलवे स्टेशन पर होने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने और भगदड़ जैसी स्थिति से बचने के लिए रेलवे प्रशासन ने खास तैयारी की है. इसके तहत स्टेशन की वीआईपी लेन में एक विशाल अस्थायी होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है, जिसमें एक साथ 1,000 यात्रियों के बैठने की पुख्ता व्यवस्था की गई है. इस होल्डिंग एरिया के अंदर यात्रियों के लिए कुर्सियां, पंखे और शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है.
इसके साथ ही ट्रेनों के आने जाने की स्थिति की जानकारी भी लगातार लाउडस्पीकर व डिस्प्ले के जरिए दी जाएगी. अब यात्री सीधे प्लेटफॉर्म पर भीड़ लगाने के बजाय इस होल्डिंग एरिया में आराम से इंतजार करेंगे. जैसे ही संबंधित ट्रेन प्लेटफार्म पर पहुंचेगी, यात्रियों को व्यवस्थित रूप से कतारबद्ध तरीके से आगे भेजा जाएगा. इससे स्टेशन परिसर में अनावश्यक भीड़ जमा नहीं होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं