- रेलवे ने सशस्त्र बलों के वीरता पुरस्कार विजेताओं को सौगात दिया है.
- वीरता पुरस्कार विजेता अब सभी ट्रेनों में मुफ्त सफर कर सकेंगे.
- वंदे भारत एक्सप्रेस सहित देश की सभी ट्रेनों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे.
देश की रक्षा में असाधारण साहस, वीरता और बलिदान का परिचय देने वाले सशस्त्र बलों के जवानों व अधिकारियों को भारतीय रेलवे ने बड़ा सम्मान दिया है. अब ‘चक्र' श्रृंखला के वीरता पुरस्कार विजेता वंदे भारत एक्सप्रेस सहित देश की सभी ट्रेनों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे. रेल मंत्रालय ने रक्षा मंत्रालय के साथ विचार-विमर्श करने के बाद इस यात्रा सुविधा का विस्तार करने का निर्णय लिया है. इससे पहले यह सुविधा कुछ ट्रेनों तक ही सीमित थी.
कौन-कौन से वीरता पुरस्कार हैं शामिल
अब तक वीरता पुरस्कार विजेताओं को मिलने वाली मुफ्त रेल यात्रा की सुविधा केवल कुछ निर्धारित ट्रेनों तक ही सीमित थी. नई व्यवस्था लागू होने के बाद इसे देशभर की सभी ट्रेनों पर लागू कर दिया गया है. ‘चक्र' श्रृंखला के अंतर्गत देश के प्रमुख और सर्वोच्च सैन्य वीरता पुरस्कार शामिल हैं.
युद्धकालीन वीरता पुरस्कार: परमवीर चक्र, महावीर चक्र और वीर चक्र.
शांतिकालीन वीरता पुरस्कार: अशोक चक्र, कीर्ति चक्र और शौर्य चक्र.
ये पुरस्कार दुश्मन के सामने असाधारण बहादुरी दिखाने और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च समर्पण करने वाले सैनिकों को प्रदान किए जाते हैं.
मौजूदा यात्रा अधिकारों में कोई बदलाव नहीं
सेना की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, नई व्यवस्था के तहत चक्र श्रृंखला के पुरस्कार विजेताओं को वंदे भारत जैसी आधुनिक व प्रीमियम ट्रेनों में भी मुफ्त सफर का लाभ मिलेगा. रेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि इस फैसले से पुरस्कार विजेताओं को पहले से प्राप्त यात्रा संबंधी अधिकारों, पात्रता या अन्य सुविधाओं में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है. उनकी मौजूदा सभी सुविधाएं पूर्ववत जारी रहेंगी, केवल निशुल्क यात्रा के दायरे को बढ़ाते हुए उसमें सभी ट्रेनों को जोड़ दिया गया है.
मंत्रालय की इस पहल को देश के वीर जवानों और उनके परिवारों के त्याग, शौर्य व राष्ट्र के प्रति निस्वार्थ सेवा के सम्मान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. इससे देशभर में यात्रा करने वाले वीरता पुरस्कार विजेताओं को अधिक सुगम और सम्मानजनक परिवहन सुविधा मिल सकेगी.
यह भी पढ़ें | वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में फ्लाइट जैसा छोटा हुआ खाने का मेन्यू, क्लाउड किचन से तैयार होगा खाना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं