Hapur News: गढ़मुक्तेश्वर के ऐतिहासिक गंगा कार्तिक मेले में लगा पशु मेला इस बार एक खास मेहमान की वजह से सुर्खियों में है. मेले में आए महज 30 महीने के एक घोड़े की कीमत 71 लाख रुपये तक पहुंच गई है. इतनी बड़ी बोली लगने के बाद यह घोड़ा पूरे मेले में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है और दूर-दूर से लोग इसकी एक झलक पाने के लिए पहुंच रहे हैं.
'मेले में आयोजित कार्यक्रम में प्रदर्शन देखकर लगा दाम'
इस घोड़े के मालिक नीटू चौधरी हैं. NDTV से बातचीत में उन्होंने कहा, 'यह घोड़ा नुकरा नस्ल का है. मेले में हुए एक कार्यक्रम के दौरान इसने अपनी कद-काठी और चाल से सबका दिल जीत लिया. इसका शानदार प्रदर्शन देखकर वहां मौजूद एक खरीदार इतना प्रभावित हुआ कि उसने मौके पर ही 71 लाख रुपये का ऑफर दे दिया.'
'दिल के करीब है घोड़ा, इसीलिए ठुकरा दिया ऑफर'
आमतौर पर इतनी बड़ी रकम सुनकर किसी का भी मन बदल सकता है, लेकिन नीटू चौधरी ने इस ऑफर को तुरंत ठुकरा दिया. उन्होंने कहा, 'यह घोड़ा मेरे लिए बेहद खास है और परिवार के सदस्य जैसा है. कोई चाहे कितनी भी ऊंची बोली लगाए, मैं इस घोड़े को किसी को भी नहीं बेचूंगा. ये नॉट फॉर सेल ही रहेगा.'
सदियों पुरानी है गढ़ के पशु मेले की परंपरा
गढ़मुक्तेश्वर के खादर इलाके में लगने वाला यह मेला अपनी धार्मिक मान्यता के साथ-साथ सदियों पुराने पशु बाजार के लिए भी जाना जाता है. हर साल यहां देश के अलग-अलग हिस्सों से घोड़े और खच्चर पालने के शौकीन आते हैं. इस बार 71 लाख की बोली लगने के बाद से यह नुकरा घोड़ा मेले की सबसे बड़ी चर्चा बन गया है.
यह भी पढ़ें:- पहाड़ों में 5 साल रहने के बाद TISS ग्रेजुएट ने बताई जिंदगी की असलियत, कहा- कुछ महीनों का हिसाब लगाकर यहां आना बेकार
यह भी पढ़ें:- जापान की महिला ने पहली बार किया भारतीय ट्रेन के 3AC कोच में सफर, बोलीं- 'इसमें बस एक ही कमी रह गई'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं