- दिल्ली में 5 फ्लाइओवर की सूरत बदली जाएगी.
- दिल्ली सरकार ने IOC के साथ साझेदारी की है.
- फ्लाइओवर पर भारतीय संस्कृति दर्शाया जाएगा.
चिराग दिल्ली फ्लाईओवर के नीचे शेर-बाघ और पक्षियों की तस्वीरें, आईआईटी दिल्ली के पास विज्ञान और तकनीक की झलक और पंजाबी बाग में योगशाला की थीम. दिल्ली के पांच फ्लाईओवर के नीचे की खाली जगहों को अब नया रूप दिया जा रहा है. इसके लिए दिल्ली सरकार ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के साथ साझेदारी की है. दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री प्रवेश वर्मा ने गुरुवार को चिराग दिल्ली और आईआईटी दिल्ली फ्लाईओवर का दौरा कर सौंदर्यीकरण के काम का जायजा लिया.
इंडियन ऑयल ने कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत चिराग दिल्ली, पंचशील, आईआईटी दिल्ली, पंजाबी बाग और मुकरबा चौक फ्लाईओवर के साथ अरबिंदो मार्ग के एक हिस्से की जिम्मेदारी ली है. कंपनी अगले तीन साल तक इन जगहों का रखरखाव भी करेगी.
किस फ्लाईओवर पर क्या होगा खास?
सरकार की योजना के मुताबिक, हर फ्लाईओवर को उसके आसपास के इलाके के हिसाब से अलग थीम दी गई है. चिराग दिल्ली में प्रकृति और वन्यजीवों की झलक देखने को मिलेगी, जबकि पंचशील फ्लाईओवर पर आधुनिक कला के जरिए भारतीय शास्त्रीय नृत्य को दर्शाया जाएगा.
आईआईटी दिल्ली फ्लाईओवर पर विज्ञान और तकनीक की थीम होगी. पंजाबी बाग में योगशाला की थीम पर सौंदर्यीकरण किया जाएगा. वहीं, मुकरबा चौक को इंटर-ट्रांजिट हब की थीम पर सजाया जाएगा और अरबिंदो मार्ग के हिस्से को रंग-बिरंगी कलाकृतियों से संवारा जाएगा. चिराग दिल्ली फ्लाईओवर के नीचे कलाकारों ने खंभों पर बाघ, शेर और पक्षियों की तस्वीरें बनानी शुरू कर दी हैं. यहां हरियाली भी विकसित की जा रही है.
प्रवेश वर्मा ने कहा कि सरकार ने कई बड़ी कंपनियों के साथ समझौते किए हैं, जिनके तहत फ्लाईओवर के नीचे की जगहों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है. इन समझौतों में दो से तीन साल तक रखरखाव की जिम्मेदारी भी शामिल है.

फ्लाईओवर के नीचे बनेंगे 400 से 500 पुलिस बूथ
दिल्ली सरकार ने फ्लाईओवर के नीचे 400 से 500 पुलिस बूथ बनाने की भी योजना तैयार की है. इसका मकसद खाली पड़ी जगहों का इस्तेमाल करने के साथ सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना है. इन बूथों के निर्माण का खर्च PWD उठाएगा. निर्माण के बाद इन्हें दिल्ली पुलिस को सौंप दिया जाएगा. यह काम दिल्ली पुलिस के साथ तालमेल से किया जाएगा.
प्रवेश वर्मा ने कहा, फ्लाईओवर के नीचे की जगहों का इस्तेमाल दिल्ली के लोगों के लिए होना चाहिए." उन्होंने कहा कि व्यस्त चौराहों पर पुलिस बूथ होने से लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ेगा और जरूरत पड़ने पर पुलिस भी जल्द पहुंच सकेगी.
इससे पहले अप्रैल में सरकार ने फ्लाईओवर, सबवे और फुट ओवरब्रिज समेत अलग-अलग जगहों पर करीब 300 पुलिस पोस्ट बनाने की योजना बताई थी. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि 400 से 500 बूथ बनाने का नया प्रस्ताव उसी योजना का विस्तार है या अलग पहल.
पहले भी हुआ था समझौता
दिल्ली सरकार ने दिसंबर 2025 में इंडियन ऑयल के साथ पांच फ्लाईओवर और अरबिंदो मार्ग के 500 मीटर हिस्से के सौंदर्यीकरण और रखरखाव के लिए समझौता किया था. इस काम पर करीब 20 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान जताया गया था. सरकार की योजना निजी कंपनियों के CSR फंड की मदद से फ्लाईओवर के नीचे की खाली जगहों को साफ-सुथरा और उपयोगी बनाने की है.
प्रवेश वर्मा के मुताबिक, इन जगहों पर पहले गंदगी, अंधेरे और अतिक्रमण की समस्या रहती थी. सरकार अब कंपनियों की मदद से इनकी तस्वीर बदलने पर काम कर रही है.
यह भी पढ़ें | दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर दिल्ली में ट्रैफिक डायवर्जन, नहीं मिलेगी कार पार्किंग, जानें पूरी एडवाइजरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं