विज्ञापन

आपका राशन डीलर नहीं दे रहा ठीक से राशन? इन आसान तरीकों से करें शिकायत

सरकार राशन डीलरों की मनमानी रोकने के लिए आसान शिकायत व्यवस्था उपलब्ध कराती है. कम राशन या धोखाधड़ी की शिकायत हेल्पलाइन, ऑनलाइन पोर्टल या अधिकारियों के माध्यम से की जा सकती है.

आपका राशन डीलर नहीं दे रहा ठीक से राशन? इन आसान तरीकों से करें शिकायत
राशन न मिलने पर कहां शिकायत करें?
Photo Credit: NDTV

देश में गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक सस्ता या मुफ्त राशन पहुंचाने के लिए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना चलाई जा रही है. इस योजना के जरिए देश के करोड़ों लोगों को हर महीने अनाज उपलब्ध कराया जाता है. लेकिन इस बीच कई जगहों से राशन डीलरों की मनमानी की शिकायतें भी सामने आती रहती हैं. कई बार कोटेदार कार्डहोल्डर्स को कम राशन देते हैं या पीओएस मशीन पर अंगूठा लगवाकर उन्हें बिना अनाज दिए ही वापस भेज देते हैं. इतना ही नहीं, शिकायत करने पर कई गरीब परिवारों को बदसलूकी और धमकियों का भी सामना करना पड़ता है, जिससे वे अपनी बात खुलकर नहीं रख पाते. इसी मनमानी को रोकने के लिए सरकार ने एक आसान शिकायत मंच बनाया है. इसके जरिए आप घर बैठे बेईमान कोटेदारों की शिकायत कर सकते हैं. 

टोल-फ्री नंबर पर करें शिकायत

राशन से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए उपभोक्ता राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन नंबर 1967 पर कॉल कर सकते हैं. इसके अलावा राज्य के खाद्य एवं रसद विभाग के टोल-फ्री नंबर पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है. उदाहरण के लिए उत्तर प्रदेश में 18001800150 नंबर उपलब्ध है. ऐसे ही अलग-अलग राज्यों के टोल-फ्री नंबर उपलब्ध हैं. शिकायत दर्ज होते ही विभाग कार्रवाई शुरू करता है.

ऑनलाइन पोर्टल से भी कर सकते हैं शिकायत

लोग अपने राज्य के खाद्य एवं रसद विभाग की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं. यहां राशन कार्ड नंबर, डीलर की जानकारी और समस्या की डिटेल्स भरकर शिकायत सबमिट करनी होती है. इसके बाद विभाग मामले की जांच करता है.

जिला स्तर पर भी है शिकायत की व्यवस्था

अगर ऑनलाइन या फोन पर समाधान नहीं मिलता, तो उपभोक्ता जिला पूर्ति अधिकारी या आपूर्ति निरीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत दे सकते हैं. शिकायत मिलने पर अधिकारी संबंधित राशन दुकान का निरीक्षण करते हैं और जांच शुरू की जाती है.

दोषी पाए जाने पर होगी सख्त कार्रवाई

अगर जांच में राशन डीलर दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाती है. इसमें लाइसेंस सस्पेंड या रद्द होना शामिल है. गंभीर मामलों में कानूनी कार्रवाई और जेल तक की सजा भी हो सकती है. सरकार का कहना है कि किसी भी तरह की बदमाशी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

यह भी पढ़ें: कर रहे हैं फ्लैट खरीदने की प्लानिंग? UPRERA ने होमबायर्स को दी जरूरी सलह, आप भी जान लें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ration Complaint Number
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com