विज्ञापन

लुटियंस दिल्ली से लेकर गुरुग्राम तक हाहाकार! मूसलाधार बारिश और VVIP रिहर्सल के बीच ये रास्ते हुए बंद

दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को बाद शनिवार को फिर मूसलाधार बारिश ने रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है. NH48, द्वारका और आईजीआई एयरपोर्ट टी3 के आसपास भारी जलभराव के साथ-साथ आगामी बीआरआईसीएस (BRICS) समिट की मोटरकेड रिहर्सल के कारण लुटियंस दिल्ली के कई रास्तों को डायवर्ट किया गया है. यात्रा पर निकलने से पहले पढ़ें दिल्ली और गुरुग्राम पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी. 

दिल्ली-NCR में मूसलाधार बारिश से जलभराव और BRICS रिहर्सल; NH48, एयरपोर्ट और लुटियंस दिल्ली में ट्रैफिक डायवर्ट
NDTV

Waterlogging in Delhi: दिल्ली एनसीआर (Delhi -NCR) में शनिवार की सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश (Heavy Rain) की वजह से कई प्रमुख इलाके और हाईवे जलमग्न हो गए हैं. सड़कों पर कई फीट पानी भर जाने की वजह से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुई है. आपको बता दें कि पहले से ही मौसम विभाग की तरफ से दिल्ली के कई अलग-अलग इलाकों के लिए भारी बारिश का अनुमान जताया गया था. मौसम विभाग (IMD) ने तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की आशंका जताई थी. इसके बाद शनिवार की सुबह से ही रुक रुक कर बारिश का दौर दिल्ली एनसीआर के कई इलाकों में जारी है. बारिश से कई इलाकों में भारी जलजमाव की स्थिति भी पैदा हो गई है. 

मुसीबत को और बढ़ाते हुए, शनिवार को राजधानी में आगामी BRICS समिट की मोटरकेड रिहर्सल भी सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित की जा रही है. वीआईपी मूवमेंट और जलभराव के इस दोहरे असर के कारण दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और गुरुग्राम पुलिस ने कई प्रमुख मार्गों पर यातायात को डायवर्ट किया है और नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है.

NH 48 और गुरुग्राम-दिल्ली रूट बुरी तरह प्रभावित

दिल्ली में शिव मूर्ति के पास मुख्य सड़क पर बहुत ज्यादा पानी जमा हो जाने के कारण गुरुग्राम से दिल्ली आने वाली लेन में वाहनों का लंबा जाम लग गया है. ऐसे में गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर वाहन चालकों को इफको चौक से यूटर्न लेने और एमजी रोड यानी आया नगर बॉर्डर के रास्ते दिल्ली में प्रवेश करने की सलाह दी है. दिल्ली-गुरुग्राम मार्ग से एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को भी वैकल्पिक रास्तों का चयन करने को कहा गया है.

द्वारका और द्वारका एक्सप्रेसवे का हाल बेहाल

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक लगातार हो रही बारिश से रोड नंबर 210 यानी रोटरी चौक से डीजेबी चौक व ओमेक्स की तरफ पानी भर गया है, जिससे आवाजाही ठप हो गई है. यात्रियों को रोड नंबर 210 के बजाय रोड नंबर 224 का उपयोग करने और जलमग्न पैच से बचने की सख्त हिदायत दी गई है. इसके अलावा द्वारका एक्सप्रेसवे के कुछ निचले अंडरपास में भी जलजमाव की स्थिति बनी हुई है.

एप्रोच रोड और उड़ानों पर असर

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल 3, फोरकोर्ट एरिया और महिपालपुर, महरौली वसंत कुंज को जोड़ने वाले अंडरपास में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है. खराब मौसम और जलभराव के कारण कुछ उड़ानों को जयपुर और लखनऊ की तरफ डायवर्ट किया गया है. एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को सड़क मार्ग के बजाए दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन का उपयोग करने और उड़ानों के समय से काफी पहले घर से निकलने का सुझाव दिया गया है.

मथुरा रोड पर पेड़ गिरने से ट्रैफिक बाधित

मूसलाधार बारिश की वजह से मथुरा रोड पर अपोलो अस्पताल के पास एक बड़ा पेड़ गिर गया, जिससे यातायात बाधित हो गया. ट्रैफिक पुलिस की ओर से पेड़ हटाकर रास्ता साफ करने का कार्य जारी है, फिर भी वहां वाहनों का दबाव काफी अधिक है. वहीं, मालवीय नगर मेट्रो से बदरपुर की ओर जाने वाले रास्ते पर भी पेड़ गिरने के कारण यात्रियों को एमबी रोड का उपयोग करने की सलाह दी गई है.

लुटियंस दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली  में रूट डायवर्ट

कनॉट प्लेस यानी बाबा खड़ग सिंह मार्ग, आईटीओ, कमला नगर और सदर बाजार के निचले इलाकों में पानी जमा हो गया है. साथ ही, BRICS समिट की कारकेड रिहर्सल के चलते सेंट्रल दिल्ली के निम्नलिखित मार्गों पर ट्रैफिक को डायवर्ट कर नियंत्रित किया जा रहा है. इसके अलावा, सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, राजेश पायलट मार्ग और सुब्रमण्यम भारती मार्ग पर ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है.  साथ ही शांति पथ, अफ्रीका एवेन्यू रोड और जाकिर हुसैन मार्ग पर भी सामान्य वाहनों की आवाजाही को रेगुलेट किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें-  वाराणसी से देवघर और रांची वंदे भारत एक्सप्रेस का नया टाइमटेबल जारी, देखें शेड्यूल

 यात्रियों के लिए दिल्ली पुलिस की खास सलाह

सड़कों पर जलभराव और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए  दिल्ली पुलिस ने लोगों को निजी वाहनों के स्थान पर दिल्ली मेट्रो से सफर करने की सलाह दी है. इसके साथ ही यह भी कहा गया है कि घर से निकलने से पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक X हैंडल पर लाइव रूट अपडेट जरूर चेक कर लें, ताकि आप जाम में फंसने से बच सकें.

यह भी पढ़ें- दिल्ली से सवा दो घंटे में लखनऊ और 4.5 घंटे में पटना पहुंचाएगी बुलेट ट्रेन, देखें पूरा रूट चार्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Rain, Delhi Traffic Update, Water Logging In Delhi, Gurugram Traffic, Brics Summit
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com