विज्ञापन

दिल्ली-NCR के आसमान में काले बादलों का डेरा, 7 डिग्री तक लुढ़का पारा, सितंबर में ही लगने लगी ठंड

27 सितंबर को भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा. आईएमडी के पूर्वानुमान में इस दिन अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. आसमान सामान्य तौर पर बादलों से घिरा रहेगा और मध्यम बारिश की संभावना है.

दिल्ली-NCR के आसमान में काले बादलों का डेरा, 7 डिग्री तक लुढ़का पारा, सितंबर में ही लगने लगी ठंड
नई दिल्ली:

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लगातार हो रही बारिश का असर अब दिल्ली-एनसीआर के मौसम पर भी दिखाई देने लगा है. शनिवार सुबह से ही दिल्ली, नोएडा और आसपास के इलाकों में आसमान पर काले बादल छाए हुए हैं. कई जगहों पर हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई. लोगों ने इस दौरान तेज हवा के साथ हल्की ठंड का भी एहसास किया. मौसम विभाग ने आज के लिए ‘येलो अलर्ट' जारी किया है.

बताया जाता है कि जब उत्तर भारत में एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देता है, तो खासकर पहाड़ी इलाकों में बारिश होती है. जो मैदानी इलाकों तक भी पहुंचती हैं. उत्तर-पश्चिमी हवाएं भी मैदानी इलाकों जैसे - दिल्ली-एनसीआर की तरफ बढ़ती हैं, जिससे यहां के तापमान में गिरावट आती है.

अचानक बारिश या बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट

दिल्ली में मौसम में बदलाव अक्सर पश्चिमी विक्षोभ या मानसून के सक्रिय होने के कारण आने वाले बादलों और बारिश से होता है. बारिश होने और हवा में नमी बढ़ने से वातावरण की गर्मी शांत हो जाती है और हवाओं में ठंडक घुल जाती है. वहीं आसमान में बादलों का डेरा होने के कारण सूरज की सीधी धूप धरती तक नहीं पहुंच पाती है. साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं भी ठंडक का अहसास कराती हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

साल में सितंबर के अंत से लेकर सर्दियों के महीनों तक मानसून की वापसी हो जाती है और हवाओं की दिशा दक्षिण-पश्चिमी से बदलकर उत्तर-पश्चिमी होने लगती है, जो हिमालय की तरफ से ठंडी हवाएं लाती हैं और दिल्ली में ठंड की शुरुआत करती हैं.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज दिल्ली-एनसीआर के लिए बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है. आईएमडी के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 26 और 27 सितंबर को सामान्य तौर पर बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है.

मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को सामान्य तौर पर बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश हो सकती है. शाम से रात तक अलग-अलग समय पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

रविवार को बदला रहेगा मौसम का मिजाज

27 सितंबर को भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा. आईएमडी के पूर्वानुमान में इस दिन अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. आसमान सामान्य तौर पर बादलों से घिरा रहेगा और मध्यम बारिश की संभावना है. सुबह, दोपहर और शाम के समय हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा की रफ्तार 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

28 सितंबर को हल्की बारिश का अनुमान

28 सितंबर को भी बादल छाए रहने की संभावना है, हालांकि बारिश की तीव्रता कम होगी. अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. इस दिन हल्की बारिश का अनुमान है और कोई मौसम चेतावनी नहीं दी गई है. वहीं 29 सितंबर को मौसम में धीरे-धीरे सुधार की संभावना है. अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है और कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.

Latest and Breaking News on NDTV

मौसम विभाग के 26 सितंबर के उप-विभागीय पूर्वानुमान में पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 सितंबर को अत्यधिक भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी है. 27 सितंबर को भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बहुत भारी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अनुमान है. इसके चलते उत्तर प्रदेश से सटे दिल्ली-एनसीआर में भी बादल और बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं. बारिश और तेज हवाओं के चलते सड़क यातायात प्रभावित होने, जलभराव तथा बिजली से जुड़ी दिक्कतों की आशंका बन सकती है.

इसे भी पढ़ें: यूपी में बारिश-बाढ़ का कहर: चित्रकूट में मंदाकिनी उफान पर, अयोध्या-श्रावस्ती-बस्ती और कानपुर में अर्नब का असर

इसे भी पढ़ें: सीजन की पहली बर्फबारी: बद्रीनाथ, हेमकुंड और नीति घाटी में गिरी बर्फ, चमोली में बढ़ी ठंड

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Todays Weather Update, Delhi Rain, India Meteorological Department (IMD), IMD Alert Updates, Weather Update
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com