विज्ञापन

दिल्ली में हर प्रॉपर्टी का मिनटों में मिलेगा पूरा रिकॉर्ड, खरीद-फरोख्त में हेराफेरी खत्म, DDA का इंटरएक्टिव MAP देगा जानकारी

इंटरएक्टिव मैप डिजिटल लैंड यूज प्लान, दिल्ली-2047 के मास्टर प्लान (MPD-2047) का हिस्सा है. इसमें लैंड यूज प्लान में जमीन के इस्तेमाल की 9 मुख्य कैटेगरी दिखाई गई हैं.

दिल्ली में हर प्रॉपर्टी का मिनटों में मिलेगा पूरा रिकॉर्ड, खरीद-फरोख्त में हेराफेरी खत्म, DDA का इंटरएक्टिव MAP देगा जानकारी
मैप पर दिखेगी दिल्ली वालों की पूरी प्रॉपर्टी
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स
  • इंटरैक्टिव मैप के जरिए दिल्ली में प्रॉपर्टी के इस्तेमाल को ऑनलाइन देख सकते हैं.
  • आपकी प्रॉपर्टी रिहायशी, कमर्शियल या इंडस्ट्रियल है चेक कर सकते हैं.
  • यूजर मैप पर किसी सड़क या प्लॉट की चौड़ाई या लंबाई माप सकते हैं.

दिल्ली के निवासी अब दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) द्वारा लॉन्च किए गए एक नए जीआईएस (GIS) आधारित इंटरएक्टिव नक्शे के माध्यम से ऑनलाइन ही अपने क्षेत्र या संपत्ति का निर्धारित भूमि-उपयोग (Land Use) देख सकते हैं. यहां तक कि प्लॉट के लेवल तक भी देख सकते हैं. वहीं DDA के इंटरएक्टिव मैप के जरिए आपकी दिल्ली की प्रॉपर्टी रिहायशी, कमर्शियल या इंडस्ट्रियल है यह भी चेक कर सकते हैं. इससे न केवल प्रॉपर्टी का पूरा रिकॉर्ड दिखेगा, बल्कि खरीद-फरोख्त में होने वाली हेराफेरी भी खत्म होगी. इसके साथ ही अब नागरिकों को बुनियादी भूमि-उपयोग से जुड़ी जानकारी के लिए नागरिक निकायों या स्थानीय दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और न ही किसी दलाल की सहायता लेनी पड़ेगी.

DDA के मुताबिक इंटरएक्टिव मैप डिजिटल लैंड यूज प्लान, दिल्ली-2047 के मास्टर प्लान (MPD-2047) का हिस्सा है. यह पहल दिल्ली के उप-राज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के निर्देशों पर शुरू की गई थी, जिसका मकसद प्लानिंग से जुड़ी सेवाओं को ज्यादा नागरिक-केंद्रित बनाना है. इंटरैक्टिव मैप DDA की आधिकारिक वेबसाइट पर "Master Plan for Delhi-2047" सेक्शन में उपलब्ध है.

लैंड यूज 9 कैटगरी में बांटा गया

इंटरएक्टिव मैप के जरिए यूजर्स किसी खास इलाके, जगह या प्रॉपर्टी को सर्च कर सकते हैं, ज़ूम इन कर सकते हैं और सीधे उसके लिए तय लैंड यूज कैटेगरी देख सकते हैं. यह प्लेटफ़ॉर्म यूजर्स को अलग-अलग प्लॉट के लेवल तक जूम करने की सुविधा देता है, जिससे पारंपरिक फिक्स्ड-स्केल 2D मैप की तुलना में जगह के बारे में ज्यादा सटीक जानकारी मिलती है. लैंड यूज प्लान में जमीन के इस्तेमाल की 9 मुख्य कैटेगरी दिखाई गई हैं. 

  • आवासीय (Residential)
  • व्यावसायिक (Commercial)
  • औद्योगिक (Industrial)
  • मनोरंजन/मनोरंजन क्षेत्र (Recreation)
  • परिवहन (Transport)
  • उपयोगिता (Utility)
  • सरकारी (Government)
  • सार्वजनिक और अर्ध-सार्वजनिक सुविधाएं (Public & Semi-Public Facilities)
  • कृषि और जल निकाय (Agriculture & Water Body)

हर कैटेगरी के लिए एक अलग कलर कोड दिया गया है, जिससे लोग एक ही नजर में अपनी संपत्ति का तय इस्तेमाल पहचान सकें.

इंटरएक्टिव मैप की मुख्य खासियत

इंटरएक्टिव मैप का GIS प्लेटफॉर्म एक ही मैप पर कई थीम-बेस्ड प्लानिंग लेयर्स दिखाता है. इनमें लैंड पूलिंग एरिया और ट्रांज़िट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (TOD) जोन शामिल हैं. अन्य लेयर्स में द्वारका सब-सिटी, रोहिणी प्रोजेक्ट लेआउट, PM-UDAY कॉलोनी और DDA पार्क वगैरह शामिल हैं. MPD-2047 लेयर दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में प्रस्तावित लैंड यूज को दिखाती है. अलग-अलग लैंड पूलिंग और TOD लेयर्स यूज़र्स को उन इलाकों की पहचान करने में मदद करती हैं जो इन प्लानिंग फ्रेमवर्क के तहत आते हैं या जिनके लिए प्रस्ताव है.

यह प्लेटफॉर्म माप के लिए भी टूल देता है, जिससे यूजर्स सीधे मैप पर दूरी और डाइमेंशन (नाप-जोख) का हिसाब लगा सकते हैं. इसका मतलब है कि यूजर किसी सड़क या प्लॉट की चौड़ाई या लंबाई माप सकते हैं. डिजिटल मैप में ड्रॉइंग और स्केचिंग टूल भी हैं, जिनकी मदद से यूजर अपने रेफरेंस या शुरुआती एनालिसिस के लिए प्लेटफॉर्म पर जगहों को मार्क कर सकते हैं.

DDA ने क्या कहा

DDA का कहना है कि GIS-बेस्ड लैंड यूज प्लान को नए डेटा के मिलने पर लगातार अपडेट किया जा सकता है, जबकि पारंपरिक मैप स्थिर होते हैं. इस सिस्टम का मकसद प्लानिंग और जमीन के इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी को अपडेटेड रखना है, क्योंकि दिल्ली की भौगोलिक विशेषताएं बदलती रहती हैं. निवासियों के अलावा, इस प्लेटफॉर्म के शहरी प्लानर, आर्किटेक्ट और अन्य पेशेवरों, सरकारी एजेंसियों, डेवलपर्स और अन्य स्टेकहोल्डर्स के लिए भी उपयोगी होने की उम्मीद है.

DDA का कहना है कि यह मैप शुरुआती प्लानिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास से जुड़े असेसमेंट में मदद कर सकता है. वहीं अथॉरिटी का कहना है कि जमीन के इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी तक जनता की आसान पहुंच से दिल्ली की प्लानिंग सिस्टम में पारदर्शिता बढ़ेगी.

DDA को यह भी उम्मीद है कि इस पहल से जमीन के इस्तेमाल से जुड़े सामान्य सवालों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी. इस प्लेटफॉर्म को एक ऐसे उपाय के तौर पर पेश किया जा रहा है जो प्लानिंग से जुड़ी जानकारी आसानी से उपलब्ध कराकर 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' को बेहतर बना सकता है. GIS फ्रेमवर्क का इस्तेमाल कई सेक्टर और सरकारी एजेंसियों से मिले भौगोलिक डेटा को एक ही प्लेफॉर्म पर लाने के लिए किया जा सकता है.

यह भी पढ़ेंः

दिल्ली में कूड़ा उठाने के लिए देने होंगे 50 से 200 रुपये, A से H ग्रुप में बांटे जाएंगे घर, MCD कर रहा तैयारी

अवैध निर्माण से रास्ता या सुरक्षा खतरे में हो तो पुलिस और प्रशासन से तत्काल मदद कैसे लें?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
DDA Master Plan 2047, DDA Master Plan Details, Interactive Map, Land Use Planning, Delhi News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com