भारतीयों के लिए चाय सिर्फ चाय नहीं बल्कि एक इमोशन है. इसलिए तो सुबह की शुरुआत हो या शाम की थकान मिटानी हो, हम सबके दिन की शुरुआत एक कप कड़क चाय से ही होती है. चाय बनाने के बाद सबसे बड़ा झंझट उसे साफ करने का होता है. हम बर्तन तो तुरंत धो लेते हैं, लेकिन रोज-रोज चाय छानने की वजह से चाय की छन्नी धीरे-धीरे अंदर से बिल्कुल काली और चिपचिपी हो जाती है. उस पर चाय की पत्ती और मलाई की एक ऐसी जिद्दी परत जम जाती है जो आम साबुन और पानी से रगड़ने पर भी आसानी से बाहर नहीं निकलती.
अगर आपके घर की चाय की छन्नी का हाल भी कुछ ऐसा ही हो गया है और आप उसे देखकर परेशान हो चुके हैं, तो अब आपको ज्यादा टेंशन लेने की जरूरत नहीं है. क्योंकि आज हम आपको एक ऐसी आसान और असरदार ट्रिक बताने जा रहे हैं, जिससे आपकी गंदी से गंदी छन्नी बिल्कुल नए जैसी चमकदार हो जाएगी.
क्यों गंदी और काली हो जाती है चाय की छन्नी?
जब हम रोज चाय छानते हैं, तो चाय में मौजूद दूध की चिकनाई, चीनी का शिरा और चाय की पत्ती के बारीक कण छन्नी के बारीक जाले के बीच फंस जाते हैं. लगातार गर्म पानी और दूध के संपर्क में आने से यह परत धीरे-धीरे जमती जाती है और काली होकर पक्की हो जाती है. साधारण बर्तन धोने वाले स्कॉच ब्राइट से इसे साफ करना बहुत मुश्किल होता है, क्योंकि जाली फटने का भी डर रहता है.

चाय की छन्नी को साफ करने का तरीका-
- बेकिंग सोडा- डिशवॉश लिक्विड और नींबू का कमाल-
- एक बर्तन में करीब दो गिलास पानी डालकर उसे गैस पर उबलने के लिए रख दें.
- जब पानी में अच्छे से उबाल आने लगे, तब उसमें एक बड़ा चम्मच बेकिंग सोडा और थोड़ा सा बर्तन धोने वाला लिक्विड या नींबू का रस मिला दें.
- अब अपनी गंदी और काली हो चुकी चाय की छन्नी को इस उबलते हुए पानी में डाल दें और गैस की आंच धीमी करके इसे 5 से 7 मिनट तक ऐसे ही खदकने दें.
- आप देखेंगे कि पानी का रंग बदलने लगा है और छन्नी पर जमा मैल अपने आप फूलकर बाहर निकलने लगा है.
- 5 मिनट बाद छन्नी को बाहर निकालें और एक पुरानी टूथब्रश की मदद से हल्के हाथों से रगड़ लें. जाली के अंदर फंसा सारा कालापन चुटकियों में गायब हो जाएगा.
- लास्ट में छन्नी को साफ और ठंडे पानी से धो लें. आपकी छन्नी एकदम चमकती हुई नई जैसी बाहर आएगी.
जरूरी बातें जो हमेशा रखें ध्यान-
अगर आपकी चाय की छन्नी प्लास्टिक के हैंडल वाली है, तो उसे बहुत ज्यादा देर तक उबलते पानी में न छोड़ें, वरना प्लास्टिक पिघल सकती है. प्लास्टिक के लिए आप गर्म पानी का घोल बनाकर उसमें कुछ देर डुबोकर रख सकते हैं. छन्नी को साफ करने के लिए कभी भी बहुत ज्यादा नुकीले चाकू या लोहे के जूने का इस्तेमाल न करें, इससे छन्नी की नाजुक जाली फट सकती है.
ये भी पढ़ें- PM मोदी ने बताया क्यों आंवला है सेहत का खजाना, रोज खाने से मिलते हैं ये गजब फायदे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं