DDA Khushal Parivar Yojana: दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने राष्ट्रीय राजधानी में घर का सपना देख रहे मध्यम आय वर्ग (MIG) के लोगों के लिए खुशहाल परिवार योजना 2026 के तहत 445 फ्लैट्स की ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी है. नरेला, लोकनायक पुरम और जहांगीरपुरी में स्थित इन फ्लैट्स की शुरुआती कीमत 43.36 लाख रुपये रखी गई है. नरेला में 25 प्रतिशत छूट के साथ 67 लाख रुपये की रेंज में MIG फ्लैट्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अपने घर की चाह रखने वाले लोगों के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने एक बड़ी आवासीय योजना का ऐलान किया है. DDA की नई खुशहाल परिवार योजना 2026 (Khushal Parivar Yojana 2026) के तहत कुल 445 मध्यम आय वर्ग (MIG) फ्लैट्स की ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो चुकी है. ये 445 फ्लैट्स दिल्ली के तीन प्रमुख इलाकों जैसे नरेला, लोकनायक पुरम और जहांगीरपुरी तक फैला हुआ है. योजना के तहत फ्लैट्स की शुरुआती कीमत 43.36 लाख रुपये से लेकर 1.19 करोड़ रुपये तक तय की गई है.
लोकेशन और कीमतों का पूरा ब्योरा
DDA ने अलग-अलग पॉकेट्स और प्लिंथ एरिया के हिसाब से दरों का निर्धारण किया है.
नरेला
यहां सबसे ज्यादा संख्या में फ्लैट्स उपलब्ध हैं, जिनका प्लिंथ एरिया लगभग 114 वर्ग मीटर है. इन फैट्स पर 25 प्रतिशत की विशेष छूट के बाद इनकी कीमत 67.03 लाख रुपये से 67.41 लाख रुपये के बीच रखी गई है और मेंटेनेंस शुल्क अलग से होगा.
लोकनायक पुरम
यहां 134 से 140 वर्ग मीटर एरिया वाले 132 MIG फ्लैट्स बिक्री के लिए उपलब्ध हैं. इन फ्लैट्स की कीमत 1.14 करोड़ रुपये .19 करोड़ रुपये के बीच हैं.
जहांगीरपुरी
यहां 64 से लगभग 100 वर्ग मीटर साइज के 17 फ्लैट्स उपलब्ध हैं. इनकी कीमत 43.36 लाख रुपये से 1.14 करोड़ रुपये के बीच तय की गई है.
रजिस्ट्रेशन और बुकिंग की ऑनलाइन प्रक्रिया
- बुकिंग और रजिस्ट्रेशन DDA के आधिकारिक Awas Portal के जरिए ऑनलाइन पूरा किया जा सकता है.
- आवेदकों को 2,500 का नॉन रिफंडेबल वन टाइम रजिस्ट्रेशन शुल्क देना होगा.
- जिन लोगों ने DDA पोर्टल पर पहले से रजिस्ट्रेशन करवा रखा है, उन्हें दोबारा शुल्क देने की जरूरत नहीं होगी.
- खरीदारी के इच्छुक लोग बुकिंग से पहले मौके पर जाकर फ्लैट्स का निरीक्षण कर सकते हैं.
बुनियादी ढांचे में सुधार से DDA फ्लैट्स की बिक्री में 80% का उछाल
हाल के महीनों में DDA के घरों की मांग में भारी बढ़ोतरी देखी गई है. दरअसल, चालू वित्त वर्ष के दौरान अप्रैल से अक्टूबर के बीच DDA ने कुल 9,332 फ्लैट्स बेचे हैं, जो पिछले साल की इसी अवधि 5,198 फ्लैट्स के मुकाबले लगभग 80 प्रतिशत ज्यादा है. इस दौरान 5,171 LIG, 1,704 MIG और 820 HIG फ्लैट्स की रिकॉर्ड बिक्री हुई है. कुल बिक्री में अकेले नरेला की हिस्सेदारी 90 प्रतिशत से ज्यादा रही है.
नरेला में क्यों बढ़ रही है प्रॉपर्टी की डिमांड?
द्वारका और रोहिणी की तर्ज पर 1980 के दशक में नरेला सब्सिडी प्रोजेक्ट की योजना बनी थी, लेकिन पानी, कनेक्टिविटी और सुरक्षा चिंताओं के कारण यहां खरीदार मिलने में मुश्किल होती थी. हालांकि, अब बुनियादी ढांचे में सुधार की वजह से स्थिति बदल रही है. यहां सड़क कनेक्टिविटी में सुधार से आवागमन बेहद आसान हो गया है. प्रस्तावित मेट्रो विस्तार से अगले 45 वर्षों में दिल्ली के बाकी हिस्सों से कनेक्टिविटी काफी मजबूत होगी. नरेला में प्रस्तावित एजुकेशन हब भी इस क्षेत्र के रियल एस्टेट वैल्यू को बढ़ा रहा है.
यह भी पढ़ें- लखनऊ में 7.5 लाख में खरीदे सपनों का आशियाना, LDA की बागेश्वरी अपार्टमेंट के लिए ऐसे करें ऑनलाइन बुकिंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं