- DDA दुकान स्टोर और कियोस्क की नीलामी करने जा रहा है.
- दिल्ली के प्राइम लोकेशन पर दुकान और स्टोर खरीदने का मौका.
- नरेला, शालीमार बाग, भीकाजी कामा प्लेस जैसे कई लोकेशन हैं.
दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने राजधानी के अलग-अलग इलाकों में स्थित प्राइम लोकेशन पर कमर्शियल प्रॉपर्टीज के लिए ई-नीलामी प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस नीलामी में छोटे कारोबारियों से लेकर बड़े निवेशकों तक के लिए दुकानों, कियोस्क और डिपार्टमेंटल स्टोर जैसे विकल्प रखे गए हैं. ऑनलाइन आवेदन और अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट (EMD) करने की आखिरी तारीख 29 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है, जिसके लिए इच्छुक खरीदार उस दिन शाम 6 बजे तक भुगतान कर सकेंगे.
प्रमुख लोकेशन और कनेक्टिविटी
नीलामी में शामिल प्रॉपर्टीज अलग-अलग क्षेत्रों में स्थित हैं. इसमें नरेला पॉकेट 3, सेक्टर A10, पॉकेट 6, पॉकेट 7, पॉकेट 11, सेक्टर G7 और G8, ग्रुप हाउसिंग पॉकेट 11 तथा सेक्टर A1 से A4 में प्रॉपर्टीज उपलब्ध हैं. यह क्षेत्र NH-44 और अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-2) से जुड़ा है तथा यहां रिठाला-नरेला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर और RRTS जैसी परियोजनाएं प्रस्तावित हैं.
वहीं शालीमार बाग के ब्लॉक BC में संपत्तियां शामिल हैं, जो इनर और आउटर रिंग रोड से जुड़ा है और जहां से पिंक लाइन के शालीमार बाग मेट्रो स्टेशन तक पैदल पहुंचा जा सकता है.
कड़कड़डूमा के सीएससी कड़कड़डूमा और कंचनजंगा टावर क्षेत्र में विकल्प मौजूद हैं, जो दिल्ली के ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (TOD) क्षेत्र के करीब होने के साथ आनंद विहार ISBT और RRTS स्टेशन के नजदीक हैं.
भीकाजी कामा प्लेस डिस्ट्रिक्ट सेंटर में मेट्रो स्टेशन की सीधी सुविधा और इनर रिंग रोड के माध्यम से एम्स, सफदरजंग अस्पताल तथा आईजीआई एयरपोर्ट तक आसान पहुंच है.
वसंत कुंज में नेल्सन मंडेला मार्ग पर स्थित इस क्षेत्र से वसंत विहार और छतरपुर मेट्रो स्टेशन लगभग 3 से 4 किलोमीटर और आईजीआई एयरपोर्ट करीब 9 से 10 किलोमीटर की दूरी पर है.
कीमत, आकार और तारीख
डीडीए के विवरण के अनुसार, प्रॉपर्टीज के आकार और रिजर्व प्राइस में बड़ा अंतर है. सबसे कम कीमत वाली दुकान: नरेला के सेक्टर A10, पॉकेट 3 में 11.99 वर्ग मीटर क्षेत्रफल की दुकान का रिजर्व प्राइस लगभग 7.70 लाख रुपये रखा गया है. सबसे छोटे आकार की प्रॉपर्टी: भीकाजी कामा प्लेस डिस्ट्रिक्ट सेंटर स्थित कियोस्क नंबर 7 का क्षेत्रफल 9.14 वर्ग मीटर है और इसका रिजर्व प्राइस 7.61 लाख रुपये तय किया गया है.
सबसे बड़ी और महंगी प्रॉपर्टी: वसंत कुंज के सेक्टर D, पॉकेट 6 (नर्मदा अपार्टमेंट के पीछे) स्थित डिपार्टमेंटल स्टोर का प्लिंथ एरिया 241.39 वर्ग मीटर है, जिसकी रिजर्व प्राइस करीब 4.38 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है.
ई-नीलामी का नोटिस 30 अक्टूबर 2026 को जारी किया गया था, जबकि हेल्प डेस्क और ऑनलाइन आवेदन की शुरुआत 31 अक्टूबर 2026 से हुई.
भुगतान प्रक्रिया और नियम
नीलामी में भाग लेने के लिए प्रारंभिक EMD जमा करना जरूरी है. सबसे ऊंची बोली लगाने वाले खरीदार को डीडीए के भूमि पोर्टल के माध्यम से लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) जारी किया जाएगा. दूसरी किस्त की ईएमडी LOI जारी होने के 7 दिनों के भीतर कुल बोली का 25 प्रतिशत हिस्सा जमा करना होगा. समय पर भुगतान नहीं करने पर 5000 रुपये से 50000 रुपये तक जुर्माना लग सकता है.
बची हुई 75 प्रतिशत राशि डिमांड लेटर जारी होने के बाद चुकाने के लिए 60 दिन का समय मिलेगा, जिस पर कोई ब्याज नहीं लगेगा। यदि भुगतान 60 दिन के बाद लेकिन 90 दिन के भीतर किया जाता है, तो बकाया राशि पर 10 प्रतिशत सालाना की दर से साधारण ब्याज देना होगा.
यह भी पढ़ें | दिल्ली में 4 लाख रुपये में बुक करें अपना घर,DDA की खुशहाल परिवार योजना में नरेला से जहांगीरपुरी तक 445 फ्लैट्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं