- DDA ने 17 प्रमुख पार्कों में सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों के लिए एक नई बुकिंग नीति लागू की है.
- स्कूल पिकनिक और शैक्षणिक कार्यक्रमों के लिए पार्क बुकिंग पर मात्र एक रुपये का नाममात्र शुल्क रखा गया है.
- पार्कों में शादी समारोह पर पूरी तरह प्रतिबंध, प्री-वेडिंग फोटो शूट के लिए चुकाने पड़ेंगे 5000 रुपये प्रतिदिन.
DDA New Park Policy: राजधानी दिल्ली के खूबसूरत पार्कों में अब स्कूल पिकनिक से लेकर फिल्मों की शूटिंग तक के लिए बाकायदा एक तय रेट कार्ड लागू होगा. दरअसल, दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने इस संबंध में एक नई और विस्तृत पॉलिसी जारी की है, इसके तहत दिल्ली के 17 चुनिंदा पार्कों में निर्धारित जगहों को शैक्षणिक, सांस्कृतिक, मनोरंजक और कमर्शियल गतिविधियों के लिए बुक किया जा सकेगा. उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के निर्देशों के बाद लागू की गई इस नीति के तहत बुकिंग प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए सिंगल विंडो ऑनलाइन सिस्टम भी शुरू किया जा रहा है.
डीडीए का कहना है कि इस कदम का मुख्य मकसद पार्कों के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना आम जनता और आयोजकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है. आइए जानते हैं नई पॉलिसी के तहत क्या-क्या अनुमति दी गई है और किन चीजों पर पाबंदी लगाई गई है.
एक रुपये में स्कूल पिकनिक की सुविधा
नई पॉलिसी में स्कूली बच्चों का खास ध्यान रखा गया है. अब स्कूल प्रशासन महज 1 रुपये के नाममात्र शुल्क पर पार्कों में तय जगह बुक कर सकेंगे. यह छूट केवल गैर व्यावसायिक और बिना टिकट वाले कार्यक्रमों पर लागू होगी. इसके तहत स्कूल पिकनिक, पेंटिंग प्रतियोगिता, फोटोग्राफी और डिबेट जैसे शैक्षणिक व रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे.
शादियों पर रोक, लेकिन प्री वेडिंग शूट को हरी झंडी
डीडीए ने स्पष्ट किया है कि पार्कों के अंदर शादी समारोह, वेडिंग रिसेप्शन और किसी भी तरह के राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित करने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. हालांकि, युवाओं और कपल्स के क्रेज को देखते हुए प्रीवेडिंग और पोस्ट वेडिंग फोटो शूट की अनुमति दे दी गई है. इसके लिए आयोजकों को 5,000 रुपये प्रतिदिन प्लस जीएसटी का शुल्क चुकाना होगा.
फिल्मों की शूटिंग के लिए एक लाख रुपये शुल्क
कमर्शियल फिल्मों, विज्ञापनों और डॉक्यूमेंट्री की शूटिंग के लिए पार्कों में जगह बुक करने का किराया एक लाख रुपये प्रतिदिन प्लस जीएसटी तय किया गया है. इसके साथ ही आयोजकों को 50,000 रुपये की रिफंडेबल सिक्योरिटी डिपॉजिट भी जमा करनी होगी, जो कार्यक्रम के बाद जगह की स्थिति सही पाए जाने पर वापस कर दी जाएगी.
महरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क में सबसे महंगा रेट
ऐतिहासिक और बेहद खूबसूरत लोकेशन्स के लिए दरें अलग रखी गई हैं. महरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क में कुली खान के मकबरे के पास स्थित चारबाग क्षेत्र की कमर्शियल बुकिंग के लिए सबसे ज्यादा 5 लाख रुपये प्रतिदिन का शुल्क तय किया गया है. इसमें टैक्स और अन्य लागू शुल्क अलग से देने होंगे.
कॉन्सर्ट, बुक फेयर और योग सत्र भी हो सकेंगे
पार्कों के निर्धारित हिस्सों में अब टिकट वाले म्यूजिक कॉन्सर्ट, थिएटर परफॉर्मेंस, लिटरेरी फेस्टिवल, बुक फेयर, प्रदर्शनी, योग सत्र और सामुदायिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा सकेंगे. हालांकि, इन सभी आयोजनों के लिए प्रशासन की पूर्व अनुमति जरूरी होगी.
उच्च शिक्षण संस्थानों और सरकारी विभागों को 50 प्रतिशत की छूट
मान्यता प्राप्त उच्च शिक्षण संस्थानों, सरकारी विभागों, पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग (PSU) और स्वायत्त निकायों को बुकिंग शुल्क में 50 प्रतिशत की विशेष रियायत दी जाएगी. इसके अलावा, यदि स्कूल एक रुपये वाली श्रेणी से अलग कोई अन्य गतिविधि आयोजित करते हैं, तो उन्हें भी 50 प्रतिशत की छूट का लाभ मिलेगा.
सिंगल विंडो ऑनलाइन बुकिंग और 5 दिन पहले आवेदन
बुकिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए एक सिंगल विंडो ऑनलाइन पोर्टल तैयार किया जा रहा है. इस पोर्टल पर उपलब्ध पार्कों, वहां मौजूद सुविधाओं, क्षमता और शुल्क की पूरी जानकारी मिलेगी. बुकिंग के लिए कम से कम 5 वर्किंग डेज पहले आवेदन करना होगा और प्रशासन की मंजूरी मिलने के बाद ही बुकिंग कन्फर्म मानी जाएगी.
गंदगी फैलाने पर 5,000 रुपये का भारी जुर्माना
पार्कों की साफ सफाई बनाए रखने के लिए सख्त नियम बनाए गए हैं. अगर कोई आयोजक कार्यक्रम खत्म होने के बाद आवंटित जगह की सफाई करने या उसे पुरानी स्थिति में लौटाने में विफल रहता है, तो उस पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा. इसके अलावा, प्रभावित क्षेत्र की सफाई के लिए 2.85 रुपये प्रति वर्ग मीटर के हिसाब से अतिरिक्त शुल्क भी वसूला जाएगा.
आम जनता के लिए खुले रहेंगे पार्क, इन 17 जगहों पर सुविधा
डीडीए ने साफ किया है कि किसी एक हिस्से की बुकिंग का मतलब पूरे पार्क पर नियंत्रण नहीं होगा. पार्क के बाकी हिस्से आम जनता के घूमने फिरने के लिए हमेशा खुले रहेंगे, जबकि पर्यावरण के लिहाज से संवेदनशील इलाकों में विशेष पाबंदियां लागू रहेंगी.
नई पॉलिसी के तहत जिन 17 प्रमुख पार्कों को चिह्नित किया गया है, उनमें संजय झील, हौज खास पार्क, बांसेरा, इंद्रप्रस्थ पार्क, स्वर्ण जयंती पार्क, असिता यमुना रिवर फ्रंट और महरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क जैसे लोकप्रिय स्थल शामिल हैं.
यह भी पढ़ें- अस्पताल बदला तो नहीं होंगे बार-बार टेस्ट! जानें 14 अंकों की ABHA ID कैसे करता है काम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं