विज्ञापन

बिहार के लिए नई रेल लाइन को मिली मंजूरी, दिल्ली-हावड़ा रूट से घटेगा दबाव; पटना को मिलेगा ट्रैफिक जाम और कंजेशन से छुटकारा

बिहार में भारतीय रेलवे के बुनियादी ढांचे को नई रफ्तार देने के लिए तैयार की गई नेउरा दनियावां नई रेल लाइन परियोजना का अंतिम चरण सफलतापूर्वक पूरा हो गया है., जानिए इस प्रोजेक्ट का पूरा रूट और कनेक्टिविटी.

बिहार के लिए नई रेल लाइन को मिली मंजूरी, दिल्ली-हावड़ा रूट से घटेगा दबाव; पटना को मिलेगा ट्रैफिक जाम और कंजेशन से छुटकारा
पटना को मिलेगा ट्रैफिक जाम और कंजेशन से छुटकारा
NDTV

Patna Rail Bypass Line: बिहार में रेल इंफ्रास्ट्रक्चर और माल ढुलाई नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में पूर्व मध्य रेलवे ने बड़ी सफलता हासिल कर ली है. दरअसल, दानापुर मंडल के तहत 20 किलोमीटर लंबी नेओरा जतदमरी नई रेल लाइन को कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी से हरी झंडी मिल गई है. 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सफल ट्रायल के बाद मिली इस मंजूरी से अब मालगाड़ियां पटना जंक्शन को बाईपास करके निकल सकेंगी. इससे देश के सबसे व्यस्त दिल्ली-हावड़ा मेन रूट पर दबाव कम होगा और नई पैसेंजर ट्रेनों के लिए ट्रैक कैपेसिटी भी बढ़ेगी.

पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र के मुताबिक इस नए बाईपास रूट के चालू होने से पटना शहर और दानापुर पटना किऊल रेल मार्ग पर मालगाड़ियों का दबाव खत्म हो जाएगा, जिससे नई पैसेंजर ट्रेनों के लिए ट्रैक कैपेसिटी बढ़ेगी.

कैसे काम करेगा पटना बाईपास

मौजूदा वक्त में दिल्ली-हावड़ा मेन लाइन का 187 किलोमीटर लंबा दानापुर-पटना-किऊल-झाझा सेक्शन अत्यधिक भीड़भाड़ वाला रेल रूट है. ऐसे में इस नई लाइन के पूरी तरह चालू हो जाने के बाद, हावड़ा या पूर्वोत्तर की ओर जाने वाली भारी मालगाड़ियां पटना पहुंचे बिना सीधे नए रूट से गुजर जाएंगी. इस नए मालगाड़ी रूट में नेओरा -जतदमरी -दनियावां -बिहारशरीफ - बरबीघा - शेखपुरा - किऊल शामिल हैं. इस रूट के चालू हो जाने से पटना जंक्शन और दानापुर पर मालगाड़ियों का ठहराव या सफर बंद होने से यात्री ट्रेनों को समय पर चलाया जा सकेगा. इसके साथ ही कई नई ट्रेनों की शुरुआत के लिए ट्रैक क्षमता उपलब्ध होगी.

दो चरणों में पूरा हुआ नेउरा दनियावां प्रोजेक्ट

ईस्ट सेंट्रल रेलवे ने इस 42 किलोमीटर लंबे प्रोजेक्ट को दो अलग-अलग चरणों में पूरा किया है. पहला चरण में 22.74 किलोमीटर लंबा जाता दुवारी दनियावां सेक्शन किया गया, जहां पहले से ही ट्रेनों का परिचालन जारी है. वहीं, अब दूसरे चरण में 20 किलोमीटर लंबा नेओरा जतदमरी सेक्शन को तैयार किया गया है, जिसका हाल ही में 8 अक्टूबर को 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से स्पीड ट्रायल हुआ था, जिसके बाद सीआरएस की सुरक्षा मंजूरी मिली है.

यह भी पढ़ें- नवरात्रि और  दुर्गा पूजा पर रेलवे  चलाएगा स्पेशल ट्रेन ! यूपी, एमपी, बिहार और उत्तराखंड जाने वाले यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

नए बने स्टेशन और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर

पटना-आरा रेलखंड पर स्थित नेओरा जंक्शन और पटना-गया रेलखंड पर स्थित जात डुमरी जंक्शन के बीच यात्रियों व स्थानीय संपर्क के लिए नए स्टेशन बनाए गए हैं.

  •  नया स्टेशन: गोनपुर
  •  3 नए हॉल्ट : अधपा, चमचम  और वाजिदपुर .
  •  इंजीनियरिंग ढांचा: इस 20 किमी लंबे रूट पर 3 बड़े पुल, 16 छोटे पुल, 5 लिमिटेड हाइट सबवे, 2 रोड ओवर ब्रिज, एक रेल ओवर रेल संरचना और 12 रोड अंडर ब्रिज तैयार किए गए हैं.

यह भी पढ़ेंः दीपावली और छठ पर दिल्ली, ऋषिकेश और बक्सर से चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, यूपी, बिहार, झारखंड और प. बंगाल के यात्रियों को राहत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar News, Indian Railways, East Central Railway, Indian Railway News, Rail Infrastructure
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com