सावन का महीना भगवान शिव की भक्ति के लिए सबसे खास माना जाता है. अगर इस बार आप धार्मिक यात्रा का प्लान बना रहे हैं, तो देश के प्रसिद्ध शिव मंदिर आपकी ट्रिप को यादगार बना सकते हैं. इन मंदिरों में आपको आस्था के साथ इतिहास, प्राकृतिक सुंदरता और शानदार वास्तुकला का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा. सावन के दौरान यहां विशेष पूजा-अर्चना और भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिलती है.
वाराणसी में करें काशी विश्वनाथ के दर्शन

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गंगा किनारे स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर सबसे पवित्र शिव धामों में गिना जाता है. सावन में यहां का भक्तिमय माहौल, गंगा आरती और शिव भक्ति श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव कराती है. अगर कोई दिल्ली एनसीआर में रहता है तो अपनी कार से भी यहां जा सकता है, लेकिन रेल यात्रा का सफर सबसे आसान है.
नासिक का त्र्यंबकेश्वर मंदिर 12 ज्योतिर्लिंगों में शामिल

महाराष्ट्र के नासिक के पास स्थित त्र्यंबकेश्वर 12 ज्योतिर्लिंगों में शामिल है. पहाड़ियों से घिरा यह मंदिर अपनी प्राचीन वास्तुकला और शांत वातावरण के लिए प्रसिद्ध है. मानसून में यहां की प्राकृतिक खूबसूरती और भी बढ़ जाती है. अगर कोई रेल से आ रहा है तो कैब या रिक्शा लेकर यहां आराम से पहुंच सकता है.
सोमनाथ मंदिर में करों भगवान शिव के दर्शन

समुद्र किनारे बना सोमनाथ मंदिर 12 ज्योतिर्लिंगों में पहला माना जाता है. समुद्र की लहरों के बीच होने वाली शाम की आरती और मंदिर का भव्य नजारा हर यात्री को खास अनुभव देता है. अगर आप दिल्ली एनसीआर में रहते हैं तो फ्लाइट, ट्रेन या सड़क मार्ग के माध्यम से आसानी से पहुंच सकते हैं.
उज्जैन में करें बाबा महाकाल के दर्शन

मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्थित महाकालेश्वर मंदिर अपनी प्रसिद्ध भस्म आरती के लिए दुनियाभर में जाना जाता है. सावन में यहां लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं. यहां आने के लिए रेल का सफर सबसे बेहतर है. यह मंदिर रेलवे स्टेशन से महज 15 से 20 मिनट की दूरी पर है.
यह भी पढ़ें: Jantar Mantars of India: दिल्ली ही नहीं... भारत के इन 4 शहरों में भी हैं जंतर-मंतर, सिर्फ एक को मिला UNESCO का दर्जा
नर्मदा नदी के पास बना है ओंकारेश्वर मंदिर

नर्मदा नदी के बीच मंधाता द्वीप पर स्थित ओंकारेश्वर मंदिर 'ॐ' आकार वाले द्वीप पर बना है. यहां की परिक्रमा और शांत वातावरण धार्मिक यात्रा को और भी खास बना देते हैं. ओंकारेश्वर मंदिर आने के लिए आपको महाकालेश्वर मंदिर से ही कैब या बस मिल जाएगी.
भीमाशंकर मंदिर में ऐसे करें बाबा के दर्शन

सह्याद्रि की हरी-भरी पहाड़ियों के बीच स्थित भीमाशंकर मंदिर प्रकृति और आस्था का शानदार संगम है. बारिश के मौसम में यहां का नजारा बेहद मनमोहक होता है, जो यात्रा को यादगार बना देता है.
यह भी पढ़ें: क्या है 'डस्किंग ट्रैवल ट्रेंड'? जानिए भारत में कहां-कहां कर सकते हैं Dusking
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं